ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना के मानूके में बड़ी घटना: कबड्डी प्लेयर की मदद करने की खौफनाक सजा; 3 बच्चों के पिता की गोली मारकर हत्या

पंजाब डेस्क: लुधियाना के जगराओं के पास मानूके गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक कबड्डी प्लेयर दोस्त की मदद करने पर एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वाले की पहचान 32 साल के गगनदीप सिंह के तौर पर हुई है, जो पेशे से बाउंसर था और खुद भी कबड्डी का पुराना प्लेयर था। गगनदीप के परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) हैं।

पुरानी रंजिश और अनाज मंडी में खूनी संघर्ष: जानकारी के मुताबिक, गगनदीप सिंह गांव के ही एक युवा कबड्डी प्लेयर की मदद करता था, जिसके चलते उसकी गांव के कुछ दूसरे युवकों से रंजिश चल रही थी। रविवार रात दोनों ग्रुप में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सोमवार को गांव की अनाज मंडी में आमना-सामना करने का फैसला हुआ। जब गगनदीप अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा तो दूसरे ग्रुप के हथियारबंद युवकों ने फायरिंग कर दी।

10 गोलियां चलने का दावा: पुलिस के मुताबिक, मौके पर 4-5 गोलियां चलीं, जबकि मरने वाले के घरवालों का दावा है कि करीब 10 गोलियां चलीं। गगनदीप के पेट में गोली लगी और वह खून से लथपथ खेतों में गिर गया। उसे तुरंत जगराओं के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी: घटना की जानकारी मिलते ही हठूर थाना प्रमुख कुलदीप सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। DIG सतिंदर सिंह ने कहा कि दोनों ग्रुपों के बीच पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और गुरसेवक सिंह मोटू समेत बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *