ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का टॉर्चर: 5 दिनों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी, फरीदकोट में पारा 42.6° पार

पंजाब डेस्क : पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने अगले पांच दिनों के लिए लू (Heatwave) का यलो अलर्ट जारी किया है,। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 17 मई को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कल से गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ने वाला है।

तापमान में भारी उछाल : शनिवार की तुलना में राज्य के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान स्थिति यह है कि राज्य के सभी जिलों का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है।

-सबसे गर्म जिला: फरीदकोट 42.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।

अन्य शहर: पटियाला में 40.8 डिग्री, बठिंडा में 40.6 डिग्री और लुधियाना में 39.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

चंडीगढ़: राजधानी का तापमान भी 1.1 डिग्री की बढ़त के साथ 39 डिग्री तक पहुँच गया है।

अगले 4 दिन और बढ़ेगी तपिश: मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।

-18 मई: फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में लू चलने की प्रबल संभावना है।

-19 और 20 मई: लू का दायरा बढ़कर फिरोजपुर, मोगा, बरनाला और संगरूर के इलाकों तक पहुँच जाएगा।

मानसून का इंतज़ार: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुँच सकता है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को इसके लिए अभी लंबा इंतज़ार करना होगा।

सामान्य पैटर्न के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में मानसून 25 से 30 जून के बीच ही प्रवेश करेगा। तब तक अगले 15 दिनों तक मौसम शुष्क और गर्म रहने का ही अनुमान है।

उत्तर भारत में मौसम बदला: दिल्ली-पंजाब में भारी बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी, IMD का अनुमान सच

नेशनल डेस्क: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की तरफ से जारी अनुमान बिल्कुल सही साबित हुआ है। 23 जनवरी की सुबह से ही दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत पूरे उत्तर भारत में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम में यह बदलाव ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ के एक्टिव होने की वजह से देखने को मिला है।

प्रदूषण से राहत और तापमान में गिरावट: दिल्ली-NCR में बारिश की वजह से लोगों को बढ़ते वायु प्रदूषण (AQI) के लेवल से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि 22 जनवरी को दिल्ली में पिछले सात सालों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया था, जब तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन अब बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और आज अधिकतम तापमान 17-18°C और न्यूनतम तापमान 6-7°C रहने की उम्मीद है। IMD ने पूरे शहर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

पहाड़ों में बर्फबारी: हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में इस सर्दी के मौसम की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फ की मोटी चादर बिछने से टूरिस्ट में काफी उत्साह है और इससे टूरिज्म बिजनेस को बढ़ावा मिलेगा। पिछले तीन महीनों से सूखे मौसम से परेशान किसानों ने भी इस बर्फबारी और बारिश के बाद राहत की सांस ली है, क्योंकि फसलों में नमी के लिए यह बहुत जरूरी थी।

दूसरे राज्यों का हाल: बारिश सिर्फ मैदानी इलाकों तक ही सीमित नहीं है, जम्मू के कई हिस्सों में भी भारी बारिश हो रही है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में 30 से 40 kmph की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।