PSL 2026 पर संकट के बादल: ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने से रोका, क्या रद्द होगा टूर्नामेंट?
स्पोर्टस डेस्क: 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर अब रद्द या स्थगित होने का बड़ा खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने नागरिकों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान न जाने की सख्त चेतावनी जारी की है। इस टूर्नामेंट में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे 17 दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कोच हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन सरकार की इस सलाह के बाद उनके खेलने पर संशय बन गया है।
तनाव का मुख्य कारण: इस खतरे के पीछे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य संघर्ष है। 16 मार्च को पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में किए गए हवाई हमले के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। इस हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाने का आरोप है, जिसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी कार्रवाई करने का ऐलान किया है, जिससे युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खतरा: रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में विदेशियों, विशेषकर उन जगहों को निशाना बनाया जा सकता है जहाँ वे अधिक संख्या में रहते हैं। पीएसएल के कई मैच पेशावर और रावलपिंडी जैसे शहरों में होने हैं, जिन्हें खतरे की श्रेणी में रखा गया है। अकेले रावलपिंडी में 11 मैच निर्धारित हैं।
पीसीबी को लग सकता है करोड़ों का घाटा: पहले ही कई बड़े खिलाड़ी पीएसएल छोड़कर आईपीएल (IPL) खेलने जा चुके हैं। अब यदि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी अपना नाम वापस लेते हैं, तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के लिए टूर्नामेंट का आयोजन करना मुश्किल हो जाएगा। इससे पीसीबी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होना तय माना जा रहा है।

