दिल्ली में गर्मी का 50 साल का रिकॉर्ड टूटा; मार्च के पहले हफ्ते में ही पारा 35 डिग्री के पार, 7 राज्यों में अलर्ट
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में समय से पहले ही भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने पिछले 50 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक है।
दिल्ली में टूटा आधा दशक पुराना रिकॉर्ड: सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च के पहले सात दिनों के दौरान इससे पहले सबसे अधिक तापमान 5 मार्च 1999 को 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस साल शनिवार को पारा 35.7 डिग्री तक पहुँचने के साथ ही यह पिछले 50 सालों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन बन गया है। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान भी 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है।
उत्तर भारत के अन्य राज्यों का हाल
उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में पारा 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने का अनुमान है।
हरियाणा और पंजाब: हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है।
हिमाचल और उत्तराखंड: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जैसे जिलों में लू (Heatwave) चलने का अनुमान है। वहीं, उत्तराखंड के देहरादून में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा।
बारिश की संभावना : राहत की बात यह है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से बिहार में 9 मार्च के बाद मौसम बदलने की उम्मीद है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 10 से 12 मार्च के बीच बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिससे बढ़ते तापमान से कुछ राहत मिल सकती है।

