ब्रेकिंग न्यूज़
मजीठा में चुनावी विवाद पर आमने-सामने आए बिक्रम मजीठिया और आप नेता तलबीर सिंह गिल

मजीठा / सत्ता संदेश

मजीठिया ने पुलिस और प्रशासन पर दबाव में काम करने के लगाए आरोप

आप नेता तलबीर सिंह गिल बोले – “मजीठा में अब गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे”

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, धमकाने और चुनावी माहौल खराब करने के लगाए आरोप

मजीठा में नगर काउंसिल चुनावों के दौरान हुए विवाद ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और आम आदमी पार्टी के हल्का मजीठा इंचार्ज तलबीर सिंह गिल ने मीडिया के सामने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों पक्षों ने चुनावी माहौल खराब करने, गुंडागर्दी करने और पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।

मीडिया से बातचीत करते हुए बिक्रम मजीठिया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के फोन आने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को मौके से बाहर निकाल दिया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर मारपीट की और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई, उसे पुलिस हिरासत में लेकर आई थी, लेकिन बाद में दबाव के चलते छोड़ दिया गया। मजीठिया ने आरोप लगाया कि एसएसपी तक पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा था और शिकायत दर्ज करने से भी बचा जा रहा था।

मजीठिया ने कहा कि पूरी घटना की वीडियो मौजूद है, जिसमें पुलिस कथित आरोपी को पकड़कर बाहर लाती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि किसी की पगड़ी को हाथ लगाना और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना बेहद गंभीर मामला है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दबाव के जरिए मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता तलबीर सिंह गिल ने अकाली दल पर बाहरी लोगों को बुलाकर माहौल खराब करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मजीठा में भाईचारे और शांति को खराब करने की कोशिश की गई, लेकिन अब इलाके के लोग ऐसी “गुंडागर्दी” बर्दाश्त नहीं करेंगे। गिल ने कहा कि उन्होंने हमेशा महिलाओं और बहनों का सम्मान किया है और मजीठा में आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए काम किया है।

तलबीर सिंह गिल ने आरोप लगाया कि अकाली दल के समर्थक 20 से 25 गाड़ियों में भरकर आए और चुनावी माहौल खराब करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पूरी घटना की वीडियो मौजूद है और वे सभी सबूत पुलिस को देंगे। गिल ने कहा कि यदि किसी ने कानून अपने हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आप नेता ने कहा कि पुलिस प्रशासन और एसएसपी चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संभाल रहे थे, लेकिन कुछ लोग जानबूझकर तनाव पैदा करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि मजीठा के लोग अब बाहरी लोगों की दादागिरी स्वीकार नहीं करेंगे और चुनावों को लोकतांत्रिक तरीके से ही होने दिया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…10-05-2026

पंजाब डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ में आज राजनीतिक टकराव, पुलिसिया कार्रवाई और कई दुखद घटनाओं का बोलबाला रहा। जहाँ एक ओर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से राज्य की राजनीति गरमा गई, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों से आत्महत्या और सड़क हादसों की दिल दहला देने वाली खबरें सामने आईं।

1. मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी और AAP-BJP में झड़प : मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ED ने आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें गुरुग्राम की अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में लुधियाना और नवांशहर में AAP और BJP कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और हाथापाई हुई।

2. AAP विधायक की गाड़ी रोकने पर ASI निलंबित : मोहाली में AAP विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों की गाड़ी को नाके पर रोकने और ब्लिंकर लाइट को लेकर सवाल करने वाले ASI लखबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। विधायक का आरोप था कि ASI ने उन पर रौब झाड़ने की कोशिश की, जबकि विधायक का कहना है कि उन्होंने भी अपनी पावर का इस्तेमाल किया।

3. शादी से पहले जंगल में मिली युवक की लाश: चंडीगढ़ के सेक्टर-38 के जंगल में मनीष कश्यप नाम के एक इलेक्ट्रिशियन का शव मिला। मनीष की जल्द ही शादी होने वाली थी और जिस दिन उसका शव मिला, उसी दिन परिवार को लड़की देखने जाना था। वह घर से शेव करवाने की बात कहकर निकला था और फिर वापस नहीं लौटा।

4. कर्जदारों से परेशान कारोबारी ने किया सुसाइड: लुधियाना के 82 वर्षीय कारोबारी कुंदन लाल ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस को उनकी जेब से 2 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने उन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है जिन्होंने उनके 35 लाख रुपये नहीं लौटाए थे।

5. स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन लोगों की मौत : फतेहगढ़ साहिब के गांव हिंदूपुर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन व्यक्तियों—अवतार सिंह, सतविंदर सिंह और मोहन सिंह—की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया है।

6. गर्लफ्रेंड के इनकार पर युवक ने दी जान: पठानकोट के जंगल में 2 महीने पहले मिली अंकित नाम के युवक की लाश के मामले में पुलिस ने अब ‘लव एंगल’ का खुलासा किया है। अंकित अपनी गर्लफ्रेंड से कोर्ट मैरिज करना चाहता था, लेकिन उसके मना करने पर उसने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड पर केस दर्ज किया है।

7. स्वर्ण मंदिर पहुंचीं प्रीति जिंटा : बॉलीवुड अभिनेत्री और पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा अमृतसर के गोल्डन टेंपल में नतमस्तक हुईं। उन्होंने वहां लंगर सेवा की और अपनी टीम की जीत के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि वह बाबा जी के बुलावे पर यहाँ आई हैं।

8. मजीठिया और गायक बंटी बैंस में सोशल मीडिया वार: अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और पंजाबी सिंगर बंटी बैंस के बीच सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया है। मजीठिया ने उन पर विदेश भागने की तैयारी का आरोप लगाया, जिसके जवाब में बैंस ने कहा कि उनका नाम लेने से पहले मजीठिया हजार बार सोचें।

9. मनीला में पंजाबी कारोबारी की हत्या: फिलीपींस की राजधानी मनीला में पंजाब के फिरोजपुर निवासी रणजीत सिंह की पॉइंट ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रणजीत वहां अपने भाई के साथ फाइनेंस का कारोबार करते थे और रिकवरी के लिए जाते समय उन पर हमला हुआ।

10. रूसी सेना में भर्ती गुरसेवक सिंह का शव : भारत पहुँचा गुरदासपुर के गुरसेवक सिंह, जो वर्क परमिट पर विदेश गए थे और फिर रूसी सेना में भर्ती हो गए थे, की मौत के बाद उनका शव 9 महीने बाद घर पहुँचा। परिवार का आरोप है कि उन्हें धोखे से सेना में भर्ती किया गया था। बेटे का शव वापस मंगवाने और DNA टेस्ट के लिए परिवार को अपना घर तक बेचना पड़ा।

लुधियाना में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की कुचलकर मौत

पंजाब डेस्क: लुधियाना के 32 सेक्टर रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 60 वर्षीय महिला की जान चली गई। मृतक महिला की पहचान बाबा जीवन सिंह नगर निवासी शीला के रूप में हुई है।

हादसे का विवरण : शीला अपने पति के साथ बाइक पर घर का राशन और अन्य सामान लेने के लिए निकली थीं।

जैसे ही वे 32 सेक्टर रोड के पास पहुंचे, ताजपुर रोड की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपत्ति बाइक से गिर गए; पति सड़क के किनारे गिरे जबकि शीला ट्रक की ओर गिरीं और पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से निकल गया।

चालक हिरासत में: वारदात के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक पुलिस हिरासत में है।

पुलिस की कार्रवाई : पुलिस ने महिला के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और परिजनों के बयान के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है।