ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की कुचलकर मौत

पंजाब डेस्क: लुधियाना के 32 सेक्टर रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 60 वर्षीय महिला की जान चली गई। मृतक महिला की पहचान बाबा जीवन सिंह नगर निवासी शीला के रूप में हुई है।

हादसे का विवरण : शीला अपने पति के साथ बाइक पर घर का राशन और अन्य सामान लेने के लिए निकली थीं।

जैसे ही वे 32 सेक्टर रोड के पास पहुंचे, ताजपुर रोड की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपत्ति बाइक से गिर गए; पति सड़क के किनारे गिरे जबकि शीला ट्रक की ओर गिरीं और पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से निकल गया।

चालक हिरासत में: वारदात के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक पुलिस हिरासत में है।

पुलिस की कार्रवाई : पुलिस ने महिला के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और परिजनों के बयान के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है।

जालंधर: नशा तस्करों की सूचना देने वाले सरपंच की इलाज के दौरान मौत; 3 गिरफ्तार, शहीद के दर्जे की मांग

पंजाब डेस्क: जालंधर के गांव बूटा छन्ना के सरपंच और जमहूरी किसान सभा के नेता महिंदर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई है। उन पर 28 फरवरी को उस समय हमला किया गया था जब वे अपनी पत्नी के साथ सुबह साढ़े 6 बजे खेत जा रहे थे। 2 बाइकों पर सवार होकर आए 5 हमलावरों ने उन पर घात लगाकर हमला किया था।

नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम का बने शिकार: ग्रामीणों और किसान संगठनों का आरोप है कि सरपंच महिंदर सिंह पंजाब सरकार की ‘नशे के विरुद्ध युद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस को चिट्टा (नशा) बेचने वालों की जानकारी दे रहे थे। लोगों ने यह गंभीर आरोप भी लगाया है कि पुलिस ने तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय सरपंच की मुखबिरी की सूचना ही तस्करों को दे दी, जिसके बाद यह हमला हुआ।

पुलिस कार्रवाई और मांगें सरपंच का इलाज: अरमान अस्पताल में चल रहा था, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से 3 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 2 अब भी फरार हैं। सरपंच की मौत के बाद अब परिवार और प्रदर्शनकारी उन्हें ‘शहीद’ का दर्जा देने और गांव के स्कूल का नाम उनके नाम पर रखने की मांग कर रहे हैं।

पाकिस्तानी व्यक्ति को ट्रंप, अन्य अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया

न्यूयॉर्क, सात मार्च (भाषा) ईरान से संबंध रखने वाले एक पाकिस्तानी व्यक्ति को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दोषी ठहराया गया है।

इस साजिश का मकसद 2020 में मारे गए ‘ईरानी कुद्स फोर्स’ के कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था।

संघीय जूरी ने ब्रुकलिन की एक अदालत में 48 वर्षीय आसिफ रजा मर्चेंट को हत्या के लिए सुपारी देने और राष्ट्र की सीमाओं से परे आतंकवाद का कृत्य करने के प्रयास का शुक्रवार को दोषी पाया। मर्चेंट को आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पामेला बोंडी ने कहा कि मर्चेंट ट्रंप की हत्या की साजिश के साथ अमेरिका आया था।

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मर्चेंट इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) का एक प्रशिक्षित सदस्य है और उसने मुकदमे के दौरान स्वीकार किया कि 2024 में आईआरजीसी ने उसे इन राजनीतिक हत्याओं को अंजाम देने के इरादे से अमेरिका भेजा था।

उसने कहा कि संभावित लक्ष्यों में ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ बाइडन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली शामिल थे और मर्चेंट ने कहा था कि उसे लगता था कि ‘‘निशाना ट्रंप थे’’।

मर्चेंट अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था और वह जून में न्यूयॉर्क में कथित हत्यारों से मिला था जो अमेरिकी कानून प्रवर्तन के गुप्त अधिकारी थे। हालांकि जुलाई 2024 में देश छोड़ने से पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बोंडी ने कहा, ‘‘यह व्यक्ति राष्ट्रपति ट्रंप को जान से मारने के इरादे से अमेरिकी धरती पर उतरा था लेकिन इसके बजाय उसका सामना अमेरिकी कानून प्रवर्तन की ताकत से हुआ।’’

संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के कार्यवाहक सहायक निदेशक जेम्स बार्नेकल ने कहा कि मर्चेंट ने ईरानी शासन के निर्देश पर अमेरिकी धरती पर एक नेता या सरकारी अधिकारी की हत्या की साजिश रची थी।

उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथियों ने 300 से अधिक लोगों को अगवा किया: अधिकारी

अबुजा, सात मार्च (एपी) उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के एक शहर में इस्लामी चरमपंथियों ने शुक्रवार को हमला कर 300 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ग्वाजा क्षेत्र के अधिकारी बुलामा सावा के अनुसार, यह हमला बोर्नो राज्य के न्गोशे कस्बे में हुआ।

उन्होंने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि यह हमला सेना द्वारा चलाए गए उस अभियान के संभवतः प्रतिशोध में किया गया था जिसमें बोको हराम चरमपंथी समूह के तीन ‘कमांडर’ को मार गिराया गया था।

शुक्रवार के इस हमले की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है।

नाइजीरिया विभिन्न हथियारबंद समूहों से उत्पन्न जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। अमेरिका ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में असुरक्षा से निपटने के लिए सेना की मदद के उद्देश्य से अपने सैनिक भेजे हैं।

एक सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, इस सप्ताह बुधवार और शुक्रवार की सुबह के बीच कोंडुगा, मार्ते, जकाना और मैनोक समुदायों में भी अलग-अलग हमले हुए।

प्रवक्ता उबा सानी ने कहा कि सेना कोंडुगा, मार्ते, जकाना और मैनोक समुदायों पर हुए हमलों को विफल करने में सफल रही, लेकिन ‘‘कई बहादुर सैनिकों ने कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान की कुर्बानी दे दी’’ जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने हताहत हुए सैनिकों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

अमेरिका के संग्रहालय में हिंदू देवी-देवताओं के 100 से अधिक चित्रों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित

न्यूयॉर्क, सात मार्च (भाषा) न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित ‘मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट’ (द मेट) में एक विशेष प्रदर्शनी में 1860 से 1930 तक के संग्रहों से चुने गए हिंदू देवी-देवताओं के 100 से अधिक चित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

संग्रहालय ने एक बयान में कहा कि मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट इस साल जनवरी से लेकर 27 जून, 2027 तक चार चरणों में ‘हाउसहोल्ड गॉड्स: हिंदू डिवोशनल प्रिंट्स, 1860-1930’ नामक प्रदर्शनी प्रस्तुत कर रहा है।

प्रदर्शनी में ‘द मेट’ के संग्रह से ली गई 100 से अधिक कलाकृतियां दिखाई जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से पिछले 10 वर्ष में संग्रह की गई कृतियां शामिल हैं। इन कृतियों को चित्रकला की पुरानी परंपराओं के चुनिंदा चित्रों के साथ मिलाकर इस तरह प्रदर्शित किया गया है कि वे आपस में एक संवाद या संबंध स्थापित करती दिखाई दें।

‘हाउसहोल्ड गॉड्स: हिंदू डिवोशनल प्रिंट्स, 1860–1930’ नामक प्रदर्शनी में कलकत्ता (अब कोलकाता), पूना (पुणे) और बंबई (मुंबई) के प्रमुख प्रिंटिंग स्टूडियो में बने रंगीन ‘क्रोमो लिथोग्राफिक प्रिंट’ की ‘‘पहली व्यापक प्रदर्शनी’’ प्रस्तुत की गई है।

संग्रहालय ने कहा, ‘‘ये प्रिंट उस समय भारतीय धार्मिक पहचान को व्यक्त करने का एक शक्तिशाली माध्यम बन गए, जब देश स्वतंत्रता आंदोलन की पहली हलचल का अनुभव कर रहा था।’’

ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोट, अमेरिका ने बमबारी तेज करने की चेतावनी दी

दुबई, सात मार्च (एपी) ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं।

इस बीच अमेरिका ने चेतावनी दी कि जल्द ही बड़े पैमाने पर बमबारी अभियान शुरू किया जा सकता है, जिसे अधिकारी सप्ताह भर से जारी संघर्ष का अब तक का सबसे तीव्र हमला बता रहे हैं।

क्षेत्र में लड़ाई खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इज़राइल को 15.1 करोड़ डॉलर के नए हथियारों की बिक्री को मंजूरी दे दी। ट्रंप ने कहा कि ईरान के ‘‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’’ करने तक उससे कोई बातचीत नहीं होगी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि देश अपनी रक्षा के लिए ‘‘हर जरूरी कदम’’ उठाएगा।

एक वीडियो फुटेज में पश्चिमी तेहरान के ऊपर विस्फोटों से धुएं के गुबार दिखाई दिए, जबकि इजराइल ने कहा कि उसने व्यापक हमलों का नया दौर शुरू किया है। इजराइली सेना ने कहा कि वह ईरान से दागी गई नयी मिसाइलों को रोकने की कोशिश कर रही है।

ईरान के हमलों के बाद बहरीन में शनिवार सुबह सायरन बजे। सऊदी अरब ने कहा कि उसने अपने विशाल शायबह तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे ड्रोन नष्ट कर दिए और प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया।

इस बीच अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के अनुसार, रूस ने ईरान को ऐसी जानकारी दी है जिससे वह क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी युद्धपोतों, विमानों और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बात कर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर संवेदना जताई।

कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने चेतावनी दी कि यह युद्ध वैश्विक अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है और खाड़ी क्षेत्र से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने पर तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।

शुक्रवार को अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत दो वर्षों में पहली बार 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गई।

इस संघर्ष में अब तक ईरान में कम से कम 1,230 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लेबनान में 200 से अधिक और इजराइल में करीब 12 लोग मारे गए हैं। छह अमेरिकी सैनिक भी इस संघर्ष में जान गंवा चुके हैं।

ईरान के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘‘कुछ देशों’’ ने मध्यस्थता के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

राष्ट्रपति मुर्मू आज पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेंगी

 कोलकाता, सात मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को दार्जिलिंग जिले में आयोजित होने वाले नौवें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

पहले उनका शुक्रवार से दो दिनों के लिए दार्जिलिंग का दौरा करने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के इस्तीफे के बाद यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया।

बयान में कहा गया है, ‘‘वह (राष्ट्रपति मुर्मू) अंतरराष्ट्रीय संथाल परिषद द्वारा आयोजित 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में अपनी उपस्थिति से शोभा बढ़ाएंगी।’’

दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन सिलीगुड़ी के बिधाननगर के पास होने वाला है।

राष्ट्रपति ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया है, लेकिन उन्होंने अभी तक पदभार ग्रहण नहीं किया है।

पत्रकार रामचंद्र हत्याकांड: गुरमीत राम रहीम को पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से बड़ी राहत, सभी आरोपों से हुए बरी

पंजाब डेस्क: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक दशक से भी अधिक पुराने हत्या के मामले में शनिवार को बड़ी कानूनी राहत मिली है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने उन्हें पत्रकार राम चंदर छत्रपति हत्याकांड में आरोप मुक्त करते हुए बरी कर दिया है।

मामले की पृष्ठभूमि और पुराना फैसला:यह मामला साल 2002 का है, जब हरियाणा के सिरसा में पत्रकार राम चंदर छत्रपति की टारगेटेड हत्या कर दी गई थी।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी गई थी।साल 2019 में एक विशेष सीबीआई अदालत ने राम रहीम को इस हत्या का दोषी करार दिया था और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी।राम रहीम के साथ-साथ सीबीआई कोर्ट ने कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह और कृष्ण लाल को भी इस मामले में दोषी ठहराया था।

हाई कोर्ट का ताजा निर्णय: शनिवार, 7 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने राम रहीम को इस मामले से पूरी तरह बरी कर दिया। यह फैसला राम रहीम के लिए एक बड़ी जीत माना जा रहा है, क्योंकि निचली अदालत ने उन्हें इस मामले में मुख्य दोषियों में से एक माना था।

लुधियाना में ऑटो गैंग का आतंक: ज्वेलर के कारीगर से गहने लूटकर चलते ऑटो से नीचे फेंका

पंजाब डेस्क: पंजाब के लुधियाना में अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक ऑटो गैंग ने ज्वेलर के कारीगर को अपना निशाना बनाया। लुधियाना के पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक चलते ऑटो में एक कारीगर से सोने के गहने लूट लिए गए और उसे धक्का देकर नीचे उतार दिया गया।

वारदात का पूरा विवरण:

शिकायतकर्ता: मेन बाजार अप्परा स्थित कालड़ा ज्वेलर्स के मालिक ने पुलिस को शिकायत दी है।घटना की तारीख: यह वारदात 1 मार्च 2026 को हुई जब मालिक ने अपने कारीगर अमीर गयन को सोने के गहने तैयार करवाने और हॉलमार्क कराने के लिए सराफा बाजार भेजा था।

लूट का तरीका: कारीगर एक ऑटो (बजाज मैक्सी, नंबर PB-10-JK-7097) में सफर कर रहा था। इसी दौरान ऑटो ड्राइवर और उसके साथी ने चलती गाड़ी में कारीगर की जेब से सोने के गहने निकाल लिए और उसे बाहर फेंक दिया।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी: पीड़ित की शिकायत पर लुधियाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह उर्फ प्रीत (निवासी सिटी गार्डन, ग्यासपुर रोड) और पलविंदर सिंह उर्फ तेजू (निवासी लुहारा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

50 मिलियन व्यूज के बाद यूट्यूब से हटा बादशाह का ‘टटीरी’ गाना: हरियाणा महिला आयोग का सख्त एक्शन, एफआईआर दर्ज

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड रैपर बादशाह का हालिया रिलीज गाना ‘टटीरी’ (Tateri) भारी विवादों के बाद यूट्यूब से हटा दिया गया है। 1 मार्च 2026 को रिलीज हुए इस गाने ने महज एक सप्ताह में 50 मिलियन (5 करोड़) से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए थे, लेकिन सरकार की कानूनी शिकायत के बाद यूट्यूब ने इसे भारतीय डोमेन पर ब्लॉक कर दिया है।

विवाद की मुख्य वजहें:

इस गाने को लेकर विवाद के तीन प्रमुख कारण सामने आए हैं ।

महिलाओं का अपमान: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने गाने के बोल, जैसे ‘आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबको घोड़ी बनाने’, पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे महिलाओं को ‘ऑब्जेक्टिफाई’ करने वाला और असभ्य बताया है।

गलत संदेश: वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते और बस की छत पर खड़े होकर डांस करते दिखाया गया है, जिसे सामाजिक संगठनों ने समाज के लिए गलत संदेश माना है।

बिना अनुमति शूटिंग: शिक्षा विभाग और रोडवेज विभाग का आरोप है कि नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल और जींद रोडवेज की बस का इस्तेमाल बिना किसी आधिकारिक अनुमति के किया गया था।

कानूनी कार्रवाई और समन: विवाद बढ़ने पर पंचकूला क्राइम ब्रांच और जींद के थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को नोटिस भेजकर 13 मार्च को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किया है। इस गाने में बादशाह के साथ कैथल की बॉक्सर सिमरन जागलान ने भी आवाज दी है, जो हरियाणवी गायक कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। हालांकि यह गाना भारत में ब्लॉक है, लेकिन यह अन्य देशों के डोमेन पर अभी भी उपलब्ध हो सकता है।