ब्रेकिंग न्यूज़
मानसा में 260 ग्राम हेरोइन और .32 बोर पिस्तौल समेत दो गिरफ्तार, 6 जिंदा कारतूस भी बरामद

मानसा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : बिट्टू बुढलाडा

मानसा पुलिस की ओर से नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढलाडा पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन, एक .32 बोर पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि जिले में नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बुढलाडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। साथ ही अवैध हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसपी वैभव चौधरी ने कहा कि मानसा पुलिस का नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Mansa : नए SSP वैभव चौधरी ने संभाला पदभार, गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर सख्ती

मानसा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : बिट्टू बुढलाडा

पंजाब सरकार द्वारा पंजाब पुलिस में किए गए तबादलों के तहत वैभव चौधरी ने मानसा के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में पदभार संभाल लिया है। मानसा पहुंचने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें सलामी भी दी गई।

पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए SSP वैभव चौधरी ने कहा कि मानसा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सेवा भावना के साथ आम लोगों को न्याय दिलाना और उन्हें बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

SSP ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशे के खिलाफ युद्ध को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गैंगस्टरों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी व्यक्ति को नशा बेचने या कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

वैभव चौधरी ने कहा कि हर व्यक्ति को बराबर न्याय दिलाना पंजाब पुलिस का कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस कार्यालय में अपनी समस्या लेकर आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर वापस नहीं जाएगा। सभी लोगों को समान अधिकार और निष्पक्ष पुलिस सेवा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नए SSP ने जिले की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को जाम और अन्य ट्रैफिक समस्याओं से राहत मिल सके।

उन्होंने शरारती तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने या किसी भी तरह की शरारत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।

SSP वैभव चौधरी ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो करने वाले युवाओं से भी अपील की कि वे ऐसी गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने युवाओं को गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा नहीं देने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता का मानसा में प्रदर्शन: गानों की रॉयल्टी में हेरफेर का आरोप, इंसाफ के लिए सड़क पर बैठे

पंजाब डेस्क: दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता, बलकौर सिंह और चरण कौर, बुधवार को मानसा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। मूसेवाला की हत्या के करीब चार साल बाद भी उनका परिवार अब उनके संगीत की रॉयल्टी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।

रॉयल्टी में धोखाधड़ी का आरोप: सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने एक संगीत निर्माता और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके बेटे के गानों की रॉयल्टी में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया गया है। बलकौर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जून 2025 में पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है।

सड़क पर बैठने को हुए मजबूर: दिवंगत गायक की मां, चरण कौर ने पुलिस की निष्क्रियता पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि न तो पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई कर रही है और न ही उसे वापस लौटा रही है। इसी नाराजगी के चलते उन्हें अपने छोटे बेटे के साथ एसएसपी दफ्तर के बाहर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा।

राजनीतिक समर्थन और पुलिस की प्रतिक्रिया: कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस मामले में पुलिस की चुप्पी की निंदा की और कहा कि हर नागरिक को शिकायत दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है।

प्रदर्शन के बढ़ते दबाव के बाद, पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG – बठिंडा) हरजीत सिंह ने मूसेवाला के माता-पिता को बैठक के लिए बुलाया है।गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई सहित 26 अन्य के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं।