Sports Homeland Punjab 2026: लुधियाना के 4 ब्लॉकों में खेल मुकाबले शुरू, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
लुधियाना / सत्ता संदेश
स्पोर्ट्स होमलैंड पंजाब 2026 के तहत लुधियाना जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित किए जा रहे ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों के तीसरे फेज की शुरुआत हो गई है। इस चरण में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, खन्ना, लुधियाना-2 और रायकोट ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
खेल मुकाबलों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कैबिनेट मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा युवाओं को खेलों से जोड़ना है।
म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ब्लॉक के मुकाबले गुरु नानक स्टेडियम, लुधियाना में आयोजित किए गए। इस दौरान आत्म नगर से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना नॉर्थ से विधायक मदन लाल बग्गा और लुधियाना सेंट्रल से विधायक अशोक पराशर पप्पी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर पंजाब खेल कल्याण बोर्ड की सदस्य सोनिया अलग, पंजाब बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव तेजा सिंह धालीवाल, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट राजिंदर सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशासक हरबंस सिंह, जिला खेल अधिकारी मंदीप कौशल सहित खेल विभाग के अधिकारी और आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ब्लॉक में पहले दिन अंडर-17 लड़कों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 400 मीटर मुकाबले में ध्रुव ने पहला, आदि ने दूसरा और आदित्य ने तीसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर में पुष्प ने पहला, सक्षम आनंद ने दूसरा और संजय सोढ़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कियों के अंडर-17 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हाना ने पहला, याचिका जैन ने दूसरा और अनन्या वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
खन्ना ब्लॉक के मुकाबले नरेश चंद्र स्टेडियम में आयोजित किए गए। यहां कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खेल विभाग और जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर एसडीएम स्वाति टिवाना, तहसीलदार गुरचरण सिंह, ईओ चरणजीत सिंह सहित खेल प्रशिक्षक और आयोजन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
खन्ना में लड़कियों के अंडर-14 वर्ग में बाबा जोरावर सिंह फतेह सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंजी साहिब कोटन ने पहला, कुलार पब्लिक स्कूल बीजा ने दूसरा और सेंटर गोह खन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 लड़कों की 800 मीटर दौड़ में सुखमन सिंह पहले, गुरविंदर सिंह दूसरे और जशनदीप सिंह तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में गुरलीन कौर ने पहला, जसमीत कौर ने दूसरा और जसलीन कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर में रवनीत कौर पहले, भावना दूसरे और वृद्धि तीसरे स्थान पर रहीं।

लुधियाना-2 ब्लॉक की प्रतियोगिताएं मुख्यमंत्री खेल स्टेडियम, गौंसगढ़ में शुरू हुईं। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने यहां पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर ब्लॉक संयोजक सतविंदर सिंह, ब्लॉक सह-संयोजक सुखपाल कौर और साइक्लिंग कोच साहिल मौजूद रहे।
लुधियाना-2 ब्लॉक में अंडर-17 लड़कों की 400 मीटर दौड़ में अनुराज सिंह ने पहला, रमनप्रीत सिंह ने दूसरा और जशनप्रीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 800 मीटर में अनुराज सिंह पहले, दलजीत सिंह दूसरे और जशनप्रीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
रायकोट ब्लॉक के मुकाबले स्पोर्ट्स स्टेडियम, रायकोट में आयोजित किए गए। इस दौरान रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें खेलों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एसडीएम रायकोट खुशप्रीत सिंह, यूथ प्रेसिडेंट हरप्रीत सिंह, ब्लॉक कन्वीनर बलजीत कौर, ब्लॉक को-कन्वीनर सरबजीत कौर और विभिन्न खेलों के कोच मौजूद रहे।

रायकोट ब्लॉक में पहले दिन अंडर-14 लड़कियों के मुकाबलों में शहबाजपुरा ने पहला, बस्सियां ने दूसरा और ऐतियाना ने तीसरा स्थान हासिल किया।
स्पोर्ट्स होमलैंड पंजाब 2026 के तहत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की भागीदारी और उत्साह से खेल मैदानों में खासा जोश देखने को मिला। प्रतियोगिताओं के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से उभर रही खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है।

