ब्रेकिंग न्यूज़
एयरस्ट्राइक का जरूर लेंगे बदला’, 19 मौतों से बौखलाए अफगानिस्तान की पाकिस्तान को चेतावनी

इंटरनेशनल डेस्क : अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई की कड़ी चेतावनी दी है. तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर अफगान संप्रभुता के उल्लंघन और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।पाकिस्तानी वायुसेना ने रविवार तड़के अफगानिस्तान के पक्तिका, नांगरहार और खोस्त प्रांतों में एयरस्ट्राइक की. इन हमलों में पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक ही परिवार के 19 लोगों की मौत होने की खबर है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. इसके अलावा, पाकिस्तान ने एफ-16 और जेएफ-17 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर एक मदरसे पर भी मिसाइलें दागीं।

हालात की गंभीरता को देखते हुए तालिबान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आगे की रणनीति तय करने के लिए काबुल और कंधार में आपात बैठकें बुलाई हैं. तालिबान सूत्रों का कहना है कि वे इन हमलों से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और जवाबी कार्रवाई का विकल्प खुला रखा है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने दावा किया है कि ये सटीक हमले ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) और ‘इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रांत’ (ISKP) जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए किए गए थे. पाकिस्तान के अनुसार, उसके पास ठोस सबूत हैं कि हाल के आत्मघाती हमलों को अंजाम देने वाले आतंकी अफगान क्षेत्र में सक्रिय हैं।