ब्रेकिंग न्यूज़
कोहाड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में मजदूर की मौत; स्कॉर्पियो से भी टकराया ट्रक

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा साहिब के कोहाड़ा रोड स्थित हाड़ियां चौक के पास मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय मजदूर अरावण, निवासी बलीबेग बस्ती, की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार अरावण रोजाना की तरह काम के लिए घर से निकला था और राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करता था। हाड़ियां चौक के पास वह एक ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराया। टक्कर में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो नजदीकी गांव भमा की है और करीब एक सप्ताह पहले ही शोरूम से निकाली गई थी।

हादसे की सूचना मिलते ही कूमकलां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि हादसे में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।

वहीं, ट्रक चालक गुरजंट सिंह ने पुलिस के सामने दावा किया कि वह ट्रक लेकर कोहाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक उसके वाहन के सामने आ गया। चालक के मुताबिक अचानक सामने आए व्यक्ति को बचाने का मौका नहीं मिला और वह ट्रक की चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ने से वह स्कॉर्पियो से जा टकराया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनाक्रम की जांच कर रही है।

माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा, बेकाबू कार पेड़ से टकराई; पुलिसकर्मी की मौत

होशियारपुर / सत्ता संदेश

Report : अमरीक कुमार

माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर गांव भारता गणेशपुर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।

मृतक की पहचान मंदीप सिंह निवासी गांव थुआना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंदीप सिंह जहानखेल (होशियारपुर) में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी कार से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव भारता गणेशपुर के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे में मंदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही माहिलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

फतेहगढ़ साहिब में भीषण सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत और 25 घायल

पंजाब डेस्क : पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बस्सी पठाना के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं।

दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु: जानकारी के अनुसार, बस में करीब 35 से 40 श्रद्धालु सवार थे। ये सभी लोग आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद अपने गाँव मेन माजरी लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच बस हादसे का शिकार हो गई।

टायर फटने के कारण हुआ हादसा: हादसे में घायल एक महिला ने बताया कि अचानक बस का एक टायर फट गया, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खंभे से टकराई और फिर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि वे तुरंत मौके पर पहुँचे, जहाँ यात्रियों के बीच चीख-पुकार मची हुई थी।

राहत और बचाव कार्य : स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के पहुँचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया और घायलों को बस से बाहर निकाला। फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुँचाया गया है। करीब 15 घायलों का इलाज मोरिंडा अस्पताल में और 9 का फतेहगढ़ साहिब अस्पताल में चल रहा है।