टी20 वर्ल्ड कप में नहीं मिला मौका, अब शुभमन गिल का अगला लक्ष्य: 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को खराब फॉर्म की वजह से टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में जगह नहीं मिली थी। इस झटके के बाद, गिल ने अब अपना पूरा ध्यान आगामी आईसीसी (ICC) ट्रॉफियों पर केंद्रित कर दिया है। बीसीसीआई (BCCI) नमन अवॉर्ड के दौरान स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतना है।
गिल ने पिछले अनुभवों को याद करते हुए कहा कि 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम खिताबी जीत के बहुत करीब पहुंच गई थी, लेकिन फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि अब दक्षिण अफ्रीका में होने वाला अगला वर्ल्ड कप भारत के लिए इसे जीतने का एक शानदार मौका होगा।
अपने सफर को याद करते हुए शुभमन ने बताया कि कैसे 2013 में उन्होंने एक बच्चे के रूप में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जीतते देखा था और अब वह खुद देश के लिए आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतना उनके और टीम के लिए हमेशा बहुत खास रहेगा।

