ब्रेकिंग न्यूज़
शिरोमणि अकाली दल ‘पुनर सुरजीत’ ने लुधियाना शहरी इकाई की नई टीम घोषित की

लुधियाना / सत्ता संदेश

नवनियुक्त अध्यक्ष परमिंदर सिंह ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार, जिम्मेदारी निष्ठा से निभाने का किया वादा

शिरोमणि अकाली दल ‘पुनर सुरजीत’ ने लुधियाना शहरी इकाई के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने सरदार परमिंदर सिंह को लुधियाना शहरी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद परमिंदर सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिया।

परमिंदर सिंह ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह, समूह सरपरस्त, वरिष्ठ नेता सरदार परमपाल सिंह सभरा, पार्टी पर्यवेक्षक बीबी जगीर कौर, सरदार संता सिंह उमैदपुरी तथा सरदार भरपूर सिंह धांदरा सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।

पार्टी द्वारा घोषित नई टीम के अनुसार सरदार गुरदीप सिंह को महासचिव, सरदार गुरु साहिब सिंह को प्रेस सचिव एवं प्रवक्ता तथा सरदार हरजीत सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि वे पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

परमिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब मौजूदा समय में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और इन परिस्थितियों से राज्य को बाहर निकालने के लिए एक मजबूत पंथक सोच वाली सरकार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल ‘पुनर सुरजीत’ से काफी उम्मीदें हैं और पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी संगठन का विस्तार किया जाएगा और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जाएगा।