Uttarakhand : पिथौरागढ़ में भारत-मंगोलिया का सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट-2026’ शुरू, 90 जवान ले रहे हिस्सा
उत्तराखंड / सत्ता संदेश
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारत और मंगोलिया की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘नोमैडिक एलीफेंट-2026’ सोमवार, 21 सितंबर से शुरू हो गया। दोनों देशों के बीच होने वाले इस वार्षिक प्लाटून स्तर के सैन्य अभ्यास का यह 18वां संस्करण है, जो 3 अक्टूबर तक चलेगा। अभ्यास में भारतीय सेना और मंगोलियाई सेना के 45-45 जवान, यानी कुल 90 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।
इस संयुक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी और अर्ध-शहरी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए दोनों देशों की सेनाओं की संयुक्त संचालन क्षमता को मजबूत करना है। सैनिक संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत संयुक्त सैन्य अभियान चलाने की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी करेंगे।
अभ्यास के दौरान घेराबंदी और तलाशी अभियान, इमारतों में प्रवेश कर कार्रवाई, विशेष हेलिबोर्न ऑपरेशन सहित कई सैन्य गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। आधुनिक युद्ध की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सैनिकों को ड्रोन के इस्तेमाल, काउंटर-ड्रोन सिस्टम और साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों से निपटने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिक अपने अनुभव, सैन्य रणनीतियां और संचालन संबंधी प्रक्रियाएं साझा करेंगे। इसका उद्देश्य संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर तालमेल विकसित करना और एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली को समझना है।
‘नोमैडिक एलीफेंट’ भारत और मंगोलिया के बीच होने वाला वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास है, जिसका आयोजन बारी-बारी से दोनों देशों में किया जाता है। इसका पिछला संस्करण मई-जून 2025 में मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आयोजित किया गया था।
पिथौरागढ़ में आयोजित इस संस्करण के जरिए दोनों देशों के सैनिकों को वास्तविक परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप संयुक्त प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। अभ्यास से भारत और मंगोलिया के बीच रक्षा सहयोग, आपसी विश्वास और सैन्य तालमेल को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।

