ब्रेकिंग न्यूज़
विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद 2027: हरियाणा के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद-2027 को लेकर चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान ‘मेरा युवा भारत’, हरियाणा के संयुक्त निदेशक आकर्ष दीक्षित और सहायक निदेशक ईशा गुप्ता ने कार्यक्रम के उद्देश्य, पात्रता, चयन प्रक्रिया और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।

संयुक्त निदेशक आकर्ष दीक्षित ने प्रदेश के युवाओं से mybharat.gov.in पर पंजीकरण कर विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रश्नोत्तरी इस चयन प्रक्रिया का पहला चरण है और इसमें 30 सितंबर 2026 तक भाग लिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद-2027 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रस्तुत करने का अवसर देने वाला मंच है। प्रश्नोत्तरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे निबंध, जिला स्तरीय प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय संवाद और राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

जनवरी 2027 में नई दिल्ली में राष्ट्रीय संवाद

विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद-2027 का राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। चयनित युवा इस राष्ट्रीय मंच पर विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को लेकर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल दर्शक के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार और युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे लाना है।

पांच चरणों में होगा युवाओं का चयन

कार्यक्रम की चयन प्रक्रिया को पांच प्रमुख चरणों में बांटा गया है—

प्रश्नोत्तरी → निबंध → जिला चैंपियनशिप → राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद → राष्ट्रीय स्तर का संवाद

पहले चरण में डिजिटल विकसित भारत प्रश्नोत्तरी आयोजित की जा रही है। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण के लिए चुना जाएगा। देशभर में अधिकतम 4 लाख युवा निबंध चरण के लिए पात्र होंगे।

इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर विचार प्रस्तुत करने के बाद प्रत्येक जिले से शीर्ष दो युवाओं को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

चयन प्रक्रिया में विषय विशेषज्ञों और स्वतंत्र निर्णायक मंडल की भूमिका होगी तथा प्रक्रिया को योग्यता और प्रतिभा आधारित रखा गया है।

हरियाणा के युवाओं के लिए सुशासन और शहरी विकास मुख्य विषय

हरियाणा को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र क्लस्टर में शामिल किया गया है। इस क्षेत्र के लिए मुख्य विषय “भविष्य का सुशासन, शहरी परिवर्तन एवं नागरिक सेवाएं” निर्धारित किया गया है।

इस विषय के माध्यम से युवा वर्ष 2047 तक भारत में अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था विकसित करने को लेकर अपने विचार और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकेंगे।

युवा इस विषय को हरियाणा की स्थानीय जरूरतों, शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं, तकनीक, प्रशासनिक व्यवस्था और आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के संदर्भ में देखते हुए अपने अभिनव सुझाव दे सकते हैं।

सांस्कृतिक गतिविधियों से लेकर युवा उद्यमिता तक अवसर

सहायक निदेशक ईशा गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल प्रश्नोत्तरी तक सीमित नहीं है। युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियां, भारत के लिए डिजाइन, सामाजिक सरोकारों के लिए नवाचार, युवा उद्यमिता चुनौती और युवा संसद जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

सांस्कृतिक क्षेत्र में लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण और कविता जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी युवा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकेंगे।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं भाग

प्रेस वार्ता में बताया गया कि 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा इस प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं। ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पहले से पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। वे सीधे विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में भाग ले सकते हैं।

आकर्ष दीक्षित ने बताया कि वर्ष 2025 में राष्ट्रीय युवा महोत्सव को विकसित भारत@2047 के संकल्प के अनुरूप पुनर्गठित करते हुए विकसित भारत युवा लीडर्स संवाद का स्वरूप दिया गया था। पिछले संस्करण में देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लिया था और करीब 3,000 युवाओं का राष्ट्रीय संवाद के लिए चयन किया गया था।

उन्होंने हरियाणा के युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों और अन्य संबंधित हितधारकों से अभियान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र युवा 30 सितंबर 2026 तक mybharat.gov.in के माध्यम से विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर के युवा नेतृत्व मंच तक पहुंचने का अवसर हासिल कर सकते हैं।

प्रेस वार्ता के अंत में कहा गया कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा शक्ति की सामूहिक भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। हरियाणा के युवा अपनी प्रतिभा, विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से इस संकल्प को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026: चंडीगढ़ में ‘खेलो इंडिया संवाद’ में युवाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर चंडीगढ़ के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रव्यापी युवा संवाद कार्यक्रम “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ” का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के सीधे प्रसारण से हुई। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में देश के खेल इकोसिस्टम में आए बदलाव, युवा नेतृत्व वाले राष्ट्र निर्माण और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के संकल्प पर प्रकाश डाला।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद चंडीगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक परिसरों में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय युवा संवाद सत्र आयोजित किए गए।

खेल दिग्गजों ने युवाओं से साझा किए अनुभव

RGNIYD क्षेत्रीय केंद्र में प्रसिद्ध वेटलिफ्टर विकास ठाकुर और पैरा-एथलीट राजन ढकल ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने खेल में निरंतरता, मेहनत और संघर्ष के जरिए सफलता हासिल करने के अपने अनुभव साझा किए।

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अंजुम मौदगिल ने छात्रों से बातचीत की। उन्होंने वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं में मानसिक अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के महत्व पर चर्चा की।

GGDSD कॉलेज में हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर, पैरा-एथलीट बबनप्रीत कौर और रोइंग चैंपियन भगवान सिंह ने युवाओं से संवाद किया। इस दौरान टीम वर्क, रणनीतिक सोच और दृढ़ संकल्प जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए गए।

वहीं MCM DAV कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय जूडोका मेहक सिंह ने कॉम्बैट स्पोर्ट्स में मानसिक मजबूती और शारीरिक दक्षता के महत्व पर युवाओं को जानकारी दी।

MY Bharat और VBYLD 2027 के लिए जागरूकता अभियान

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को MY Bharat डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने और पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 की क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ

कार्यक्रम का समापन चंडीगढ़ के सभी आयोजन स्थलों पर “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। विद्यार्थियों और युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा-मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

आयोजकों के अनुसार, खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य रहा।

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, चंडीगढ़ में ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ शपथ समारोह आयोजित
  • PEC चंडीगढ़ में युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ, पीएम मोदी का संदेश भी सुना
  • ‘विकसित भारत 2047’ के लिए युवाओं का संकल्प, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान
  • नशे के खिलाफ युवाओं का संकल्प, PEC चंडीगढ़ में शपथ समारोह और नुक्कड़ नाटक का आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC), चंडीगढ़ में रविवार को ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पुनीत चावला, एसोसिएट डीन (ADSA), संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति शपथ से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की अहम भूमिका पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ युवा-नेतृत्व वाले जनआंदोलन की आवश्यकता पर जोर देते हुए काशी घोषणा-पत्र को मार्गदर्शक बताया तथा देशभर में जागरूकता फैलाने में माई भारत (MY Bharat) स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के सामाजिक दुष्प्रभावों को उजागर किया गया और युवाओं को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को सफल बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।

माय भारत स्वयंसेवकों ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों के साथ PM मोदी के वर्चुअल संवाद में लिया भाग

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत के सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समावेशी भारत के निर्माण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

इस वर्चुअल संवाद में देश के 245 जिलों से 5,000 से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चंडीगढ़ में लगभग 30 प्रतिभागियों, जिनमें माय भारत स्वयंसेवक भी शामिल थे, ने उपायुक्त कार्यालय, चंडीगढ़ के समिति कक्ष से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

कार्यक्रम में अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, अतिरिक्त उपायुक्त, चंडीगढ़; शिवधन शर्मा, यूटी निदेशक, माय भारत; विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत, चंडीगढ़; तथा मनदीप, जिला सूचना अधिकारी, चंडीगढ़ उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास के लिए संचालित विभिन्न परिवर्तनकारी पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए उन्हें विकास, नवाचार तथा जनसेवा से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

यह संवाद प्रतिभागी स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा तथा इससे माय भारत की युवा नेतृत्व, नागरिक सहभागिता एवं राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ हुई।

माननीय प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” के आह्वान के तहत माय भारत पोर्टल पर एक वर्चुअल शपथ (Virtual Pledge) भी प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों को नशा मुक्त भारत के राष्ट्रीय अभियान से जोड़ना है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस शपथ को लेकर नशा मुक्त भारत के जन आंदोलन का हिस्सा बनें तथा समाज में जागरूकता फैलाने में अपना योगदान दें। शपथ लेने के उपरांत प्रतिभागी ई-प्रमाण पत्र (e-Certificate) भी डाउनलोड कर सकते हैं।

शपथ लेने के लिए माय भारत पोर्टल पर जाएँ: https://mybharat.gov.in/events/nasha_mukt_yuva

PAU में “विकसित भारत हेतु स्मार्ट एवं सतत कृषि” विषय पर यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल का सफल आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माई भारत (MY Bharat) द्वारा एनएसएस इकाई, पंजाब विश्वविद्यालय के सहयोग से राजीव गांधी कॉलेज भवन, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026 – यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “विकसित भारत हेतु स्मार्ट एवं सतत कृषि” था। यह आयोजन देशव्यापी VBYLD पहल के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं युवा पेशेवरों को नीति-निर्माण संबंधी संवाद में सहभागी बनाना तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने हेतु व्यवहारिक एवं प्रभावी सुझाव प्राप्त करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुखजिंदर ऋषि, निदेशक, युवा कल्याण विभाग, पंजाब विश्वविद्यालय रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुश्री रश्मीत कौर, राज्य निदेशक, माई भारत पंजाब, श्री शिवधन शर्मा, यूटी निदेशक, माई भारत चंडीगढ़ तथा श्री आकर्ष दीक्षित, राज्य निदेशक, माई भारत हरियाणा उपस्थित रहे।

तकनीकी सत्र में डॉ. संजीव चौहान एवं श्री लिवअर्पित संधू ने पैनल विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार प्रस्तुत किए, जबकि श्री पंचम काजला ने राउंडटेबल चर्चा का सफल संचालन किया। विशेषज्ञों ने तकनीक आधारित कृषि, जलवायु-अनुकूल खेती, युवा कृषि उद्यमिता, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) को सशक्त बनाने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि उत्पादकता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल नवाचारों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और कृषि क्षेत्र में नवाचार की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों, जिनमें माई भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा पेशेवर एवं युवा नेता शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्मार्ट, सतत एवं प्रौद्योगिकी आधारित कृषि प्रणाली के निर्माण हेतु अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। खुली चर्चा (Open Floor Discussion) के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जो भविष्य की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होंगे।

इस कार्यक्रम का सफल आयोजन श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माई भारत चंडीगढ़ के नेतृत्व में डॉ. भारत बजाज, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, पंजाब विश्वविद्यालय तथा डॉ. किरण बांद्रा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, पंजाब विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। उनके समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल संचालन एवं युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हुई।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि भारत के युवा स्मार्ट, समावेशी एवं सतत कृषि प्रणाली के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। राउंडटेबल के दौरान प्राप्त सुझाव एवं अनुशंसाएँ विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के व्यापक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी तथा विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक सिद्ध होंगी।

MYB-DAC ने चंडीगढ़ में युवा सहभागिता को सशक्त बनाने की समीक्षा की

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

माय भारत चंडीगढ़ की जिला सलाहकार समिति (MYB-DAC) की बैठक गुरुवार को उपमंडल मजिस्ट्रेट (दक्षिण), चंडीगढ़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने उपायुक्त, चंडीगढ़ के नामित प्रतिनिधि के रूप में बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में चंडीगढ़ में माय भारत की विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं की सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों को अपने विद्यार्थियों का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक संस्थान से एक नोडल अधिकारी तथा कैंपस एम्बेसडर नियुक्त करने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके, स्वयंसेवा (वॉलंटियरिज्म) को बढ़ावा मिले तथा संस्थागत स्तर पर माय भारत की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

समिति ने इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्र निर्माण से संबंधित पहलों तथा माय भारत मंच के माध्यम से उपलब्ध अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning) के अवसरों में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सभी संबंधित विभाग एवं संस्थान मिलकर चंडीगढ़ में माय भारत के सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के निर्माण की दिशा में कार्य करेंगे तथा युवाओं को सामुदायिक विकास एवं स्वयंसेवी गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

माय भारत पंजाब एवं चंडीगढ़ द्वारा सघन युवा पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ

चंडीगढ़/ सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय मेरा युवा भारत (माय भारत) द्वारा 1 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक देशभर में सघन युवा पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को सशक्त बनाना है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रश्मीत कौर, राज्य निदेशक, माय भारत पंजाब, शिवधन शर्मा, केंद्र शासित प्रदेश निदेशक, माय भारत चंडीगढ़, तथा श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़ ने पंजाब एवं चंडीगढ़ के युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया।

अब तक पंजाब में 5,62,959 तथा चंडीगढ़ में 70,208 युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण हो चुका है। वर्तमान अभियान का उद्देश्य स्कूलों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, गांवों, ब्लॉकों तथा शहरी क्षेत्रों तक पहुंचकर इन आंकड़ों में उल्लेखनीय वृद्धि करना है।

माय भारत एक अभिनव “फिजिटल” (भौतिक + डिजिटल) मंच है, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न अवसरों से जोड़ता है। पंजीकृत युवा अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम (Experiential Learning Programmes – ELPs), स्वयंसेवी अवसर (Volunteer Opportunities – VOs), युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं अभियानों, इंटर्नशिप, कौशल विकास, मेंटरशिप तथा प्रमाणित डिजिटल स्वयंसेवक पहचान जैसी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रमाण-पत्र एवं मान्यता भी प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा: “पंजाब एवं चंडीगढ़ के युवाओं में भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की अपार क्षमता है। हम प्रत्येक युवा से आग्रह करते हैं कि वे माय भारत आंदोलन से जुड़ें और इस मंच पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। अभियान के अंतर्गत महिलाओं, ग्रामीण युवाओं, दिव्यांग युवाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के युवाओं की समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।”

माय भारत पंजाब एवं चंडीगढ़ ने सभी शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, सरकारी विभागों तथा अन्य हितधारकों से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने एवं अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने में सहयोग देने का आह्वान किया है।

युवा पंजीकरण हेतु माय भारत पोर्टल पर जाएँ: www.mybharat.gov.in

MY Bharat पंजाब ने गहन युवा पंजीकरण और जागरूकता अभियान की शुरुआत की

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत एक स्वायत्त निकाय, मेरा युवा भारत (MY Bharat) पंजाब ने 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक पंजाब के सभी 23 जिलों में MY Bharat पोर्टल पर एक गहन पंजीकरण और जागरूकता अभियान शुरू किया है।
यह अभियान युवाओं को जोड़ने में तेजी लाने और मार्च 2027 तक MY Bharat पोर्टल पर 5 करोड़ युवा पंजीकरण के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने के देशव्यापी प्रयास का हिस्सा है।

पंजाब ने पोर्टल पर पहले ही 5,62,959 युवा पंजीकरण दर्ज किए हैं, और वर्तमान अभियान का उद्देश्य प्रत्येक स्कूल, कॉलेज, ब्लॉक और गाँव से युवाओं को इस प्लेटफॉर्म पर लाकर इस आधार का महत्वपूर्ण रूप से विस्तार करना है।

MY Bharat एक परिवर्तनकारी “फिजीटल” (भौतिक + डिजिटल) प्लेटफॉर्म है जो देश के युवाओं को सशक्त बनाता है और उन्हें राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ता है। पंजीकरण पूरी तरह से निःशुल्क है और www.mybharat.gov.in पर 15-29 आयु वर्ग के युवाओं के लिए खुला है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से, पंजीकृत युवा अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों (ELPs) तक पहुँच प्राप्त कर सकते हैं जो कक्षा से परे व्यावहारिक अनुभव और कौशल-निर्माण के अवसर प्रदान करते हैं। स्वयंसेवक अवसर (VOs) जो युवाओं को स्थानीय स्तर पर सामुदायिक विकास और सरकारी पहलों में योगदान करने में सक्षम बनाते हैं। मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रमुख कार्यक्रमों, युवा आदान-प्रदान कार्यक्रमों, त्योहारों और आयोजनों के लिए एक एकल-खिड़की गेटवे। कौशल विकास, इंटर्नशिप और परामर्श के मार्ग जो रोजगार क्षमता और व्यक्तिगत विकास को बढ़ाते हैं। एक युवा स्वयंसेवक के रूप में एक सत्यापित डिजिटल पहचान, जो राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में भागीदारी के लिए मान्यता और प्रमाणन प्रदान करती है।

सामुदायिक और नागरिक जुड़ाव में एक आवाज, जो प्रेरित युवाओं को साथी चेंजमेकर्स से जोड़ती है और उन्हें जमीनी स्तर की पहलों का नेतृत्व करने में सक्षम बनाती है।

“पंजाब के युवाओं ने लगातार राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी ऊर्जा और प्रतिबद्धता दिखाई है। यह अभियान हमारे जिलों के हर युवा को—चाहे वे स्कूलों, कॉलेजों या गाँवों में हों—MY Bharat आंदोलन में शामिल होने और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में सक्रिय भागीदार बनने का एक आमंत्रण है। हमारा ध्यान समावेशी भागीदारी पर है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि महिलाएँ, ग्रामीण युवा, दिव्यांग युवा और हमारी युवा आबादी के हर वर्ग को इस प्लेटफॉर्म पर जगह मिले।”

MY Bharat पंजाब ने राज्य भर के सभी युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और हितधारकों से आगे आने और MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण करने, और भारत के सबसे बड़े युवा जुड़ाव मंच का हिस्सा बनने की अपील की है।

पंजीकरण और विवरण के लिए, देखें: www.mybharat.gov.in

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत, चंडीगढ़ द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के अवसर पर उनके जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़ के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 45 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्रवाद, शिक्षा, राष्ट्रीय एकता तथा भारत के विकास संबंधी उनके विचारों पर अपने निबंध प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान संजीव राणा, संस्थापक, कर्तव्यनिष्ठ फाउंडेशन ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, उनके दर्शन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

माय भारत, चंडीगढ़ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान दें।

माय भारत चंडीगढ़ द्वारा युवा क्लब विकास अभियान 2026 का शुभारंभ

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत चंडीगढ़ द्वारा पूरे चंडीगढ़ में युवा क्लब विकास अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की सहभागिता को सशक्त बनाना तथा संगठित युवा समूहों के माध्यम से सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना है।

इस अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ में कार्यरत सभी युवा क्लबों, महिला मंडलों एवं युवा संगठनों को माय भारत से संबद्ध होने तथा राष्ट्र निर्माण की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह अभियान उन युवाओं को भी प्रोत्साहित करता है जो नए युवा क्लब का गठन कर उसे माय भारत से संबद्ध करना चाहते हैं।

जन-जागरूकता एवं संपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु छह स्वयंसेवकों—मोहिनी, कस्तूरी, कार्तिक, पंकज, तनीष एवं वैभव—को चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। ये स्वयंसेवक जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे तथा युवा समूहों को संबद्धता प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे।

अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़ ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यरत युवा संगठनों को सशक्त बनाना तथा चंडीगढ़ में युवा क्लबों का एक सशक्त एवं सक्रिय नेटवर्क विकसित करना है। उन्होंने सभी पात्र युवा क्लबों, महिला मंडलों एवं युवा संगठनों से माय भारत से संबद्ध होने तथा विभिन्न युवा विकास एवं राष्ट्र निर्माण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जो संगठन अपने वर्तमान क्लब को माय भारत से संबद्ध करना चाहते हैं अथवा नए युवा क्लब का गठन करना चाहते हैं, वे श्री विनय कुमार, जिला युवा अधिकारी, माय भारत चंडीगढ़, को मोबाइल नंबर 9805832503 पर संपर्क कर सकते हैं.

इच्छुक व्यक्ति अधिक जानकारी एवं सहायता हेतु माय भारत कार्यालय, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर, सेक्टर-12, चंडीगढ़ में भी संपर्क कर सकते हैं।