ब्रेकिंग न्यूज़
Punjab : मनमानी फीस के खिलाफ बिल पास, खुलेगी नई 3 यूनिवर्सिटी

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब मंत्रिमंडल ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, प्रशासन एवं सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाने और राज्य में सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई ऐतिहासिक फैसले लिए. मंत्रिमंडल ने गैर-सहायता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा फीस में अनुचित और अवैध वृद्धि को रोकने के लिए ‘पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अन-एडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस (संशोधन) विधेयक-2026’ पारित किया. इसके अलावा ‘पंजाब स्टेट आउटसोर्सड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट विधेयक-2026’, तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटियों की स्थापना और कई अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत पहलों को मंजूरी दी गई.

यह फैसला आज यहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान लिया गया. इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि कैबिनेट ने गैर-सहायता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा फीस में अनुचित और अवैध वृद्धि को रोकने के लिए ‘पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अन-एडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस (संशोधन) विधेयक-2026’ लाने की स्वीकृति दी है.

स्कूलों में फीस में गैर कानूनी तरीके से वृद्धि पर रोक

यह विधेयक लाना इसलिए आवश्यक हो गया था क्योंकि कुछ गैर-सहायता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थान मनमाने ढंग से और अनुचित तरीके से अपनी वार्षिक फीस बढ़ा रहे थे, जिससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ पड़ रहा था. इसलिए गैर-सहायता प्राप्त निजी स्कूलों द्वारा फीस में अवैध वृद्धि को रोकने के लिए ‘पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अन-एडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस एक्ट-2016’, ‘पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अन-एडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस (संशोधन) एक्ट-2019’ और इस अधिनियम के तहत बनाए गए नियमों में संशोधन की आवश्यकता महसूस की गई थी.

आउटसोर्सड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट विधेयक-2026

मंत्रिमंडल ने लगातार पांच वर्षों की सेवा पूरी करने वाले योग्य आउटसोर्सड कर्मचारियों या धारा 2(1) के तहत सूचीबद्ध जोखिम वाली श्रेणियों में तैनात कर्मचारियों के मामले में तीन वर्षों की सेवा के बाद उन्हें सीधे ठेके (कॉन्ट्रैक्ट) पर लाने के लिए ‘पंजाब स्टेट आउटसोर्सड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट विधेयक-2026’ को भी मंजूरी दे दी है. ठेके पर लाए गए कर्मचारियों का पारिश्रमिक वित्त विभाग द्वारा निर्धारित किया जाएगा और यह ‘कोड ऑन वेजेज-2019’ या न्यूनतम मजदूरी से संबंधित किसी अन्य लागू कानून के तहत निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर से कम नहीं होगा. यह विधेयक लागू होने की तिथि से ‘पंजाब एडहॉक, कॉन्ट्रैक्चुअल, डेली वेज, टेम्पररी, वर्क चार्ज्ड एंड आउटसोर्सड एम्प्लॉयीज वेलफेयर एक्ट, 2016’ को रद्द करता है.

Punjab Cm Bhagwant Mann (1)

449 पशु चिकित्सा फार्मासिस्टों और 451 सफाई सेवकों की सेवाओं में वृद्धि

पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कैबिनेट ने राज्य भर के 582 पशु चिकित्सा अस्पतालों में सेवाएं दे रहे 449 पशु चिकित्सा फार्मासिस्टों और 451 सफाई सेवकों की सेवाओं को 1 अप्रैल, 2026 से 31 मार्च 2027 तक एक और वर्ष के लिए बढ़ाने की स्वीकृति भी दी है.

अमृतसर के ब्लॉक जंडियाला गुरु से नया ब्लॉक तरसिक्का बनाने की मंजूरी

मंत्रिमंडल ने व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए अमृतसर जिले के ब्लॉक जंडियाला गुरु में से ब्लॉक तरसिक्का बनाने की स्वीकृति दी है. ब्लॉक जंडियाला गुरु में से 64 ग्राम पंचायतों को निकालकर अमृतसर जिले में ब्लॉक तरसिक्का बनाया जाएगा. इस नए तरसिक्का ब्लॉक में जंडियाला गुरु ब्लॉक की 121 ग्राम पंचायतों में से 64 पंचायतें शामिल होंगी. तरसिक्का ब्लॉक के बनने से इन 64 गांवों के विकास कार्यों को गति मिलेगी.

तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटियों की स्थापना को मंजूरी

पंजाब में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों को आकर्षित करने के लिए पंजाब सरकार ने ‘पंजाब प्राइवेट डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटीज पॉलिसी-2026’ तैयार की है. इस नीति के अनुसार कैबिनेट ने बोहण (होशियारपुर) में क्लाउड यूनिवर्सिटी, फतेहपुर (पटियाला) में एम.एस. डिजिटल यूनिवर्सिटी और नंदपुर केशो (पटियाला) में फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी स्थापित करने को हरी झंडी दे दी है. इन विश्वविद्यालयों की स्थापना से क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में मदद मिलने की उम्मीद है.

लोक निर्माण विभाग में ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के 19 पदों को भरने की स्वीकृति

कैबिनेट ने लोक निर्माण विभाग, पंजाब की कार्यप्रणाली को मजबूत करने और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीधी भर्ती के माध्यम से ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के 19 पदों को भरने की स्वीकृति भी दी है. ड्राफ्ट्समैन कैडर में काफी समय से बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े थे, जिससे परियोजना निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने, तकनीकी जांच और अन्य आवश्यक विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था. योग्य तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती से विभाग की तकनीकी क्षमता में वृद्धि होगी, विकास कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता में सुधार होगा और पूरे राज्य में बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं को कुशलतापूर्वक लागू करने में मदद मिलेगी.

‘पंजाब प्रोटेक्शन ऑफ ट्रीज विधेयक-2026’ को मंजूरी

कैबिनेट ने पंजाब में हरित वातावरण और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने, पर्यावरण प्रदूषण को रोकने, पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई के लिए संस्थागत ढांचा प्रदान करने और मिट्टी की रक्षा करने के लिए ‘पंजाब प्रोटेक्शन ऑफ ट्रीज विधेयक-2026’ को भी अपनी स्वीकृति दे दी है. उल्लेखनीय है कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है, जिसका लगभग 83 प्रतिशत क्षेत्र कृषि के अधीन है. पंजाब का वन एवं वृक्षों के अधीन कुल क्षेत्र लगभग 5.92 प्रतिशत है और पंजाब सरकार ने 2030 तक इसे बढ़ाकर 7.5 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.

पंजाब वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक-2026 में संशोधन को स्वीकृति

कैबिनेट ने स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने, मुकदमेबाजी को कम करने और जी.एस.टी. प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए ‘पंजाब वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक-2026’ में संशोधन करने की स्वीकृति भी दे दी है, जिससे राज्य भर के व्यापार और उद्योग को लाभ होगा. इस संशोधन से पूर्व समझौते की शर्त के बिना क्रेडिट नोट जारी करके आपूर्ति की कीमत में से बिक्री के बाद की छूट को बाहर रखने की अनुमति मिलेगी.

इसके अलावा यह किसी भी व्यावसायिक कारण से बिक्री के बाद की छूट के लिए क्रेडिट नोट जारी करने की अनुमति देगा, जिससे व्यावसायिक छूट के प्रबंधन को सरल बनाया जा सकेगा और अनुपालन का बोझ कम किया जा सकेगा. इसी प्रकार इसका उद्देश्य इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर के मामलों में आई.टी.सी. के 90 प्रतिशत अंतरिम रिफंड के लाभ को बढ़ाना और वस्तुओं के निर्यात पर भुगतान किए गए आई.जी.एस.टी. के रिफंड, भले ही रिफंड राशि 1,000 से कम हो, की अनुमति देना है, जिससे तरलता में सुधार होगा और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा.

पंजाब पंचायती राज अधिनियम-1994 में संशोधन को मंजूरी

कैबिनेट ने ग्रामीण विकास विभाग के कामकाज को सुव्यवस्थित करने और पंचायत सचिवों तथा ग्राम सेवकों के कैडरों का नए पद ‘पंचायत विकास सचिव’ में विलय करने के लिए ‘पंजाब पंचायती राज अधिनियम-1994’ में संशोधन करने की भी सहमति दे दी है. वर्तमान पंचायत सचिवों को एक स्व-घोषणा पत्र जमा कराने पर ग्राम सेवकों (वी.डी.ओज़.) की वर्तमान वरिष्ठता सूची के अंत में रखा जाएगा. जो वर्तमान पंचायत सचिव अधिसूचना जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर आवश्यक स्व-घोषणा पत्र जमा कराने में विफल रहेंगे, वे पंचायत सचिवों के कैडर में ही रहेंगे, जिसे डाइंग कैडर (समाप्त हो रहा कैडर) घोषित किया गया है.

PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…30-05-2026

पंजाब डेस्क : पंजाब और चंडीगढ़ में आज का दिन काफी हलचल भरा रहा। जहाँ एक ओर तपती गर्मी के बीच स्कूली बच्चों के लिए छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान किया गया, वहीं दूसरी ओर मान सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की दिशा में ऐतिहासिक फैसला लिया। राजनीति के गलियारों में कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी और जालंधर में हुई एक सनसनीखेज हत्या ने भी सुर्खियां बटोरीं। आइए जानते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरें विस्तार से।

1. स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान: पंजाब सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त (Aided) और प्राइवेट स्कूलों में 1 जून से 30 जून 2026 तक गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। चंडीगढ़ के स्कूलों में पहले ही 23 मई से छुट्टियां चल रही हैं, और अब दोनों जगहों पर स्कूल 1 जुलाई से दोबारा खुलेंगे।

2. ग्रुप C-D में ठेकेदारी प्रथा खत्म, 1.25 लाख कर्मी होंगे पक्के: मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में ग्रुप C और D की नौकरियों से ठेकेदारी सिस्टम खत्म करने पर मुहर लगा दी गई है। सरकार इसके लिए ‘पंजाब आउटसोर्स पर्सनल बिल-2026’ लाने जा रही है, जिससे लगभग सवा लाख कच्चे कर्मचारियों को रेगुलर होने का लाभ मिलेगा।

3. चंडीगढ़-पंजाब में ओलावृष्टि और भारी बारिश: शनिवार को पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम ने अचानक करवट बदली। पठानकोट और चंडीगढ़ में ओले गिरे, जबकि मोहाली, लुधियाना और जालंधर में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है।

4. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केवल ढिल्लों का किया विरोध: पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जट्ट सिख नेता केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के संभावित फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ढिल्लों उनके मित्र जरूर हैं, लेकिन राजनीतिक नेतृत्व के लिए सही विकल्प नहीं हैं और जाखड़ या अश्वनी शर्मा को हटाना जरूरी नहीं था।

5. जालंधर में RTI एक्टिविस्ट की सरेआम हत्या: जालंधर के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के पास अज्ञात हमलावरों ने एक RTI एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को शव के पास से एक पिस्टल और फॉर्च्यूनर गाड़ी मिली है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा के लिए मिला गनमैन मौके पर मौजूद नहीं था।

6. चंडीगढ़ में महंगी होगी पार्किंग, स्मार्ट सिस्टम होगा लागू: चंडीगढ़ नगर निगम अब पार्किंग फीस को समय के हिसाब से बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। नए ड्राफ्ट के अनुसार, शहर को 4 ऑपरेशनल जोन में बांटा जाएगा और भीड़भाड़ वाले कमर्शियल इलाकों में हर घंटे के हिसाब से अधिक शुल्क लिया जाएगा।

7. निकाय चुनावों में AAP की बड़ी जीत, BJP का ग्राफ बढ़ा: पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 1977 वार्डों में से करीब 950 जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया है। कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही, जबकि भाजपा ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए 170 वार्डों में जीत दर्ज की है, जो पिछले चुनाव की 38 सीटों से काफी अधिक है।

8. फरीदकोट में नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या: बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ सिन्सेस के हॉस्टल में बीएससी नर्सिंग की तीसरे सेमेस्टर की छात्रा अमनप्रीत कौर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। छात्रा मोहाली की रहने वाली थी और पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

9. लुधियाना में बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध हत्या: लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में एक बंद मकान के अंदर 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर की लाशें मिलीं। दोनों के सिर पर चोट के निशान थे, जिससे पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

10. मात्र ₹1500 में ऑस्ट्रेलिया जाने का मौका: ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भारतीय युवाओं के लिए ‘लॉटरी वीजा’ (वर्क एंड हॉलिडे वीजा) शुरू किया है। 18 से 30 वर्ष के युवा महज 1500 रुपये की फीस जमा कर इसके लिए 4 से 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें एक साल वहां रहने और काम करने का मौका मिलेगा।