ब्रेकिंग न्यूज़
Punjab SIR-2026: लुधियाना में 12 सितंबर तक वोटर लिस्ट पर दावे-आपत्तियां, 6 सितंबर को होगी बैठक

लुधियाना / सत्ता संदेश

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR-2026) का कार्य जारी है। इसके तहत फोटो वोटर लिस्ट का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। अब मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

मतदाता ऑनलाइन माध्यम से वोटर्स.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से भी आवश्यक फॉर्म जमा किए जा सकते हैं।

फॉर्म नंबर 6, 6-A, 7 और 8 से कर सकते हैं आवेदन

SIR-2026 के दौरान मतदाता सूची से जुड़े अलग-अलग दावों और आपत्तियों के लिए फॉर्म नंबर 6, 6-A, 7 और 8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने वोटर रिकॉर्ड की जांच कर लें और किसी तरह की गलती या आपत्ति होने पर समय रहते आवेदन करें।

लुधियाना की विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त किए गए वोटर लिस्ट ऑब्जर्वर

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के IAS अधिकारी अर्शदीप सिंह थिंड को लुधियाना जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए मतदाता सूची पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इनमें विधानसभा क्षेत्र 63-लुधियाना सेंट्रल, 64-लुधियाना पश्चिम, 65-लुधियाना उत्तर, 66-गिल, 68-दाखा, 69-रायकोट और 70-जगराओं शामिल हैं।

इन विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मतदाता सुझाव या शिकायत के लिए अर्शदीप सिंह थिंड से 97800-08595 पर संपर्क कर सकते हैं।

इसी तरह पंजाब सरकार के परिवहन विभाग के वरुण रुजम को लुधियाना जिले के अन्य सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इनमें 57-खन्ना, 58-समराला, 59-साहनेवाल, 60-लुधियाना पूर्व, 61-लुधियाना दक्षिण, 62-आतम नगर और 67-पायल विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

इन क्षेत्रों से संबंधित मतदाता 94179-44155 पर वरुण रुजम से संपर्क कर सकते हैं।

6 सितंबर को होगी अहम बैठक

आम लोगों की जानकारी के लिए बताया गया है कि मतदाता सूची पर्यवेक्षकों की ओर से 6 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे मीटिंग हॉल, बचत भवन, मिनी सचिवालय, लुधियाना में बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में जिला लुधियाना के मौजूदा सांसदों और विधायकों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के साथ SIR-2026 से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी फोटो वोटर लिस्ट में नाम और अन्य विवरण की जांच करें तथा किसी भी प्रकार की गलती, दावा या आपत्ति होने पर 12 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जरूर करें।

पंजाब में बीएलओ को जनगणना ड्यूटी से मिली राहत: SIR की तैयारियों के कारण CEO ने दिया हटाने का आदेश

पंजाब डेस्क : पंजाब के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर (CEO) ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अब जनगणना (Census) का काम नहीं करेंगे। सीईओ ने सभी जिलों के डीसी (DC) को निर्देश दिए हैं कि जिन बीएलओ की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है, उन्हें तुरंत वहां से हटा दिया जाए।

दोहरी जिम्मेदारी से मिली मुक्ति : सीईओ पंजाब का तर्क है कि बीएलओ एक साथ दो बड़े काम नहीं संभाल सकते। यदि किसी बीएलओ की ड्यूटी जनगणना में लग चुकी है, तो उन्हें कार्यमुक्त (Relieve) कर उनकी जगह दूसरे कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।

SIR की तैयारियों पर है मुख्य ध्यान: इस निर्णय के पीछे का मुख्य कारण आगामी एसआईआर (SIR – Summary Interim Revision) है। बीएलओ वर्तमान में मतदाता सूचियों (Voter Lists) को दुरुस्त करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया में जुटे हैं, जिसमें निम्नलिखित कार्य शामिल है।

वोटर लिस्ट में सुधार: सूची से मृतकों, घर बदलने वालों या शादी के बाद शिफ्ट हुए लोगों के नाम हटाना और गलत फोटो ठीक करना।

मैपिंग का कार्य: 2003 की पुरानी वोटर लिस्ट का नई लिस्ट से मिलान करना। वर्तमान में राज्य में 80% मैपिंग हो चुकी है, जिसे 100% तक पहुँचाना है। लुधियाना जैसे जिलों में अभी यह काम 60-65% ही हुआ है।

हाउस-टू-हाउस वेरिफिकेशन: बीएलओ घर-घर जाकर यह सत्यापन कर रहे हैं कि कितने मतदाता क्षेत्र छोड़ चुके हैं या किनके नाम अभी तक सूची में दर्ज नहीं हैं।

इस कदम का उद्देश्य चुनाव कार्यालय से जुड़ी मैपिंग और वेरिफिकेशन प्रक्रिया को समय पर पूरा करना है ताकि डुप्लिकेट वोटों को हटाया जा सके और एक सटीक मतदाता सूची तैयार हो सके।