ब्रेकिंग न्यूज़
तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त हुए सी. जोसफ विजय, यौन अपराधों में तुरंत FIR और दोषियों को कड़ी सजा की मांग

चेन्नई / सत्ता संदेश

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री C. Joseph Vijay ने राज्य में बढ़ते यौन अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में तुरंत मामला दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय पाने के लिए पुलिस थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यौन अपराध जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस की पहली जिम्मेदारी पीड़ित की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है।

उन्होंने राज्य पुलिस, गृह विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में FIR दर्ज करने में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सी. जोसफ विजय ने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द अदालतों में पेश कर कठोर सजा दिलाने के लिए विशेष अभियोजन तंत्र को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने फास्ट ट्रैक अदालतों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए ताकि मामलों का निपटारा तेजी से हो सके।

मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो। उन्होंने साइबर अपराध, महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन उत्पीड़न और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

सरकार की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। इसके तहत महिला हेल्पलाइन, CCTV निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में भी महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया है। विपक्षी दलों ने भी यौन अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग का समर्थन किया है, हालांकि उन्होंने सरकार से जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री बनते ही थलापति विजय का बड़ा एक्शन: तमिलनाडु में बंद होंगी 700 से ज्यादा शराब की दुकानें

नेशनल डेस्क : तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री जोसेफ विजय (थलापति विजय) ने पद संभालते ही राज्य में जनहित को ध्यान में रखते हुए एक कड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित 717 शराब की खुदरा दुकानों को दो सप्ताह के भीतर बंद करने का आदेश जारी किया है।

धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के पास कार्रवाई:मुख्यमंत्री के आदेश के अनुसार, अब पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में कोई भी सरकारी शराब की दुकान संचालित नहीं होगी। सीएम विजय ने कार्यभार संभालते ही अधिकारियों को ऐसे इलाकों का निरीक्षण और पहचान करने का निर्देश दिया था।

कहां कितनी दुकानें होंगी बंद?तमिलनाडु राज्य वाणिज्य एवं उद्योग चैंबर (TASMAC) द्वारा वर्तमान में कुल 4,765 शराब की दुकानें चलाई जा रही हैं। निरीक्षण के बाद चिन्हित की गई 717 दुकानों का विवरण इस प्रकार है:

-पूजा स्थलों के पास: 276 दुकानें-शैक्षणिक संस्थानों के पास: 186 दुकानें

-बस स्टैंडों के पास: 255 दुकानेंमुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय जनहित (Public Interest) को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया है। प्रशासन को इन दुकानों को बंद करने की प्रक्रिया 14 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

तमिलनाडु में ‘थलापति’ विजय का राज: 9वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, राहुल गांधी रहे मौजूद

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नए युग की शुरुआत हुई है। अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने आज तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

दिग्गजों की मौजूदगी: इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी विशेष रूप से चेन्नई पहुंचे और मंच पर विजय के साथ मौजूद रहे। इनके अलावा विजय के माता-पिता, अभिनेत्री तृषा कृष्णन, और गायक कृष भी समारोह में शामिल हुए।

बहुमत का समीकरण: विजय ने राज्यपाल को 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 के जादुई आंकड़े की आवश्यकता थी। इस गठबंधन में TVK (108), कांग्रेस (5), CPI (2), CPI(M) (2), VCK (2) और IUML (2) के विधायक शामिल हैं।

मंत्रिमंडल और विभाग: मुख्यमंत्री विजय के साथ 9 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली है। विजय ने अपने पास लोक प्रशासन, पुलिस और गृह विभाग रखा है, जबकि के. ए. सेंगोत्तैयान को लोक निर्माण विभाग और आधव अर्जुन को खेल एवं उत्पाद शुल्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

सियासी संघर्ष: मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने के लिए विजय को काफी संघर्ष करना पड़ा। 4 मई को नतीजे आने के बाद से 9 मई तक काफी सियासी ड्रामा चला, जहाँ बहुमत साबित करने के लिए उन्हें सहयोगियों के समर्थन का इंतजार करना पड़ा। अंततः IUML और VCK के समर्थन के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हुआ।

अगली चुनौती: राज्यपाल ने नई सरकार को 13 मई 2026 तक विधानसभा में विश्वास मत (Floor Test) हासिल करने का निर्देश दिया है।इस शपथ ग्रहण के साथ ही पूरे तमिलनाडु में TVK कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है, जो विजय को ‘रीयल लाइफ’ का नायक मान रहे हैं।

विजय की शपथ पर सस्पेंस: तमिलनाडु में सरकार गठन का खेल उलझा, VCK और IUML के समर्थन पर फंसा पेंच

नेशनल डेस्क : तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। TVK प्रमुख विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं। पहले खबर थी कि विजय शनिवार सुबह 11 बजे नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे, लेकिन राज्यपाल को अब तक कुछ प्रमुख पार्टियों के समर्थन पत्र नहीं मिले हैं, जिसके कारण शपथ ग्रहण का समय और तारीख अभी तय नहीं हो पाई है।

बहुमत का आंकड़ा और पार्टियों की मांग : तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 117 सीटों की आवश्यकता है। विजय ने राज्यपाल को 116 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा है, जिसमें TVK के 107, कांग्रेस के 5 और CPI-CPM के 4 विधायक शामिल हैं। बहुमत के आंकड़े से मात्र एक कदम दूर विजय को अब चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि VCK और IUML के समर्थन पत्र अभी तक राजभवन नहीं पहुंचे हैं। खबरों के मुताबिक, VCK ने समर्थन देने के बदले डिप्टी सीएम पद की मांग की है, जबकि IUML ने स्पष्ट कर दिया है कि वे एमके स्टालिन (DMK) के साथ हैं।

विपक्ष की सक्रियता : इस बीच राज्य में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। AMMK के महासचिव टी. टी. वी. दिनाकरन ने राज्यपाल को पत्र सौंपकर AIADMK के एडप्पाडी के. पलानीस्वामी को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा कर दी है। हालांकि, TVK के विधायक मैरी विल्सन का दावा है कि विजय न केवल 5 साल बल्कि लंबे समय तक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने फिलहाल शपथ ग्रहण की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है और वे शेष हस्ताक्षरों का इंतजार कर रहे हैं।