लुधियाना : धूमधाम से मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी, मनीष सिसोदिया और MLA ग्रेवाल ने की शिरकत
लुधियाना / सत्ता संदेश
श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पवित्र त्योहार लुधियाना के हल्का पूर्वी के अलग-अलग मंदिरों और इलाकों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी समारोह में आम आदमी पार्टी के पंजाब इंचार्ज मनीष सिसोदिया और हल्का पूर्वी से विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला विशेष रूप से मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। दोनों नेताओं ने क्षेत्रवासियों और देशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह खुशी की बात है कि पंजाब में अलग-अलग धर्मों के लोग सभी त्योहारों को मिल-जुलकर और आपसी भाईचारे के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब का आपसी भाईचारा पूरे देश के लिए एक मिसाल है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में प्रेम, एकता और सद्भावना का संदेश जाता है।
विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला ने पंजाब इंचार्ज मनीष सिसोदिया का जन्माष्टमी समारोह में पहुंचने पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सिसोदिया विशेष तौर पर पंजाब के लोगों को इस पवित्र त्योहार की बधाई देने पहुंचे हैं, जिसके लिए वह इलाके और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं।
ग्रेवाल ने कहा कि पंजाबी अपनी मेहनत, भाईचारे और जज्बे के लिए जाने जाते हैं। भगवान की कृपा से पंजाब के लोग हर क्षेत्र में चढ़दी कला में रहें, यही सभी की कामना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से मिलने वाला भाईचारे और सद्भावना का संदेश पंजाब को और मजबूत बनाता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पार्टी की पूरी लीडरशिप का भी धन्यवाद किया और कहा कि पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह के दौरान मंदिर कमेटियों और धार्मिक संस्थाओं की ओर से मनीष सिसोदिया को सम्मानित भी किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर धार्मिक संस्था के मुख्य सेवक बंटी बाबा, मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, पार्षद अश्वनी गोभी, पार्षद बारू ग्रेवाल, पार्षद अमरजीत सिंह, पार्षद लवली मनोचा, पार्षद जगदीश लाल दिशा, सुखदेव सिंह सुखा, बाज सिंह सिद्धू, पार्षद लकी चौधरी, पार्षद अनुज चौधरी, बाबू शर्मा, जसविंदर संधू, भूषण शर्मा, पार्षद निधि गुप्ता, गग्गी शर्मा, जसपाल लाली, रविंदर राजू, गिफ्टी, सुरजीत ठेकेदार, भारत भूषण मिंथू, राकेश पिंका, अंकुर गुलाटी, मनवीर संधू, सुच्चा फाबड़ा और गुरदीप लकी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और इलाके के निवासी मौजूद रहे।

