ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना के पंजाबी बाग में पार्किंग को लेकर दो पक्ष भिड़े, पुलिस के सामने भी हुई मारपीट

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना शहर के पंजाबी बाग इलाके में गाड़ी पार्क करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच झड़प होती दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी पार्क करने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे। विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे से उलझ गए और मारपीट शुरू हो गई।

झड़प के दौरान कुछ गाड़ियों के शीशे टूटने की भी बात सामने आई है। वहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। परिवार की ओर से एक कांग्रेस नेता के बेटे पर भी धमकाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, जब इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त हैं। ड्यूटी ऑफिसर द्वारा मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।


लुधियाना : पुरानी रंजिश को लेकर घर पर पथराव, दो लोग हिरासत में

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर पर ईंट-पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हंगामा हो गया। परिवार की ओर से घटना की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष पड़ोसी बताए जा रहे हैं और इनके बीच पहले भी विवाद हो चुका है। उस समय इलाके के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाकर मामला शांत कराया गया था।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी को कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है। परिवार के मुताबिक, पहले भी उनके घर में घुसकर हमला किया गया था, लेकिन उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। परिवार का आरोप है कि अब दोबारा उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके गए। घटना की वीडियो भी परिवार द्वारा बनाए जाने की बात कही गई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पथराव किसी शरारती तत्व की ओर से किया गया। उनका कहना है कि उनके बेटे का जन्मदिन था और इसी दौरान दूसरी तरफ से वीडियो बनाई जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से बयान दिए जाने के बाद मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

दिनदहाड़े फायरिंग की घटना CCTV में कैद, इलाके में दहशत का माहौल

लुधियाना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : गुरमीत सिंह

बेखौफ घूम रहे आपराधिक तत्वो के हौसले बुलंद

महानगर में बेखौफ घूम रहे आपराधिक तत्वो के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं रहा। ऐसा ही एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सोमवार दोपहर को श्रृंगार सिनेमा रोड से सामने आया है। जिसमें एक युवक खुलेआम फायरिंद करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक काफी देर से इलाके की रेकी कर रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो के पीछे मोटरसाइकिल पर बैठा युवक अपने मोबाइल फोन पर रील देख रहा था। तभी हमलावर वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए पिस्तौल तान दी। जैसे ही पहली गोली चली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दूसरी गोली चलाने की भी कोशिश की, लेकिन फायर मिस हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देख हमलावर घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में पैदल फरार हो गए। जिस युवक को निशाना बनाया गया था, वह भी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस 
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर सरकारी नंबर प्लेट लगी हुई थी। अब पुलिस चेसिस नंबर और इंजन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार इस फायरिंग में किसी के घायल होने या किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। समय रहते बड़ा हादसा टल गया। वहीं पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लुधियाना से गुरमीत सिंह की रिपोर्ट

लुधियाना: तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, मौके पर ही मौत

पंजाब डेस्क: लुधियाना में समराला चौक के पास फ्लाईओवर पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी: जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक मोटरसाइकिल समेत ट्रक के टायर के नीचे आ गया। मौके पर पहुंचे ASI अवतार सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसकी वजह से उसका सिर सीधे टायर के नीचे आ गया और उसकी तुरंत मौत हो गई।

मृतक की पहचान: मृतक युवक की उम्र करीब 35 साल थी और वह लुधियाना के सलेम टावर इलाके का रहने वाला था। चश्मदीदों के मुताबिक, वह टाटा कंपनी में काम करता था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई: एक्सीडेंट के बाद, ट्रक ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन चेकपॉइंट पर मौजूद पुलिसवालों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और ट्रक को ज़ब्त कर लिया गया है।