ब्रेकिंग न्यूज़
समराला में ‘मान के मुनाफे’ अभियान की शुरुआत, घर-घर पहुंचकर सरकार की योजनाओं की दी जा रही जानकारी

समराला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से ‘मान के मुनाफे’ अभियान शुरू किया गया है। समराला विधानसभा क्षेत्र में अभियान की शुरुआत विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने अपने पैतृक गांव दयालपुरा से की।

अभियान के तहत आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी साझा कर रहे हैं। इस दौरान परिवारों को बताया जा रहा है कि सरकार बनने के बाद अलग-अलग सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें किस तरह के आर्थिक और सामाजिक लाभ मिले हैं।

पार्टी नेताओं के अनुसार, अभियान के दौरान मुफ्त बिजली के तहत जीरो बिजली बिल, मुफ्त तीर्थ यात्रा, मुफ्त राशन किट, स्वास्थ्य सुविधाएं, 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है।

कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार से सीधे संपर्क कर एक साल के दौरान मिलने वाली विभिन्न सरकारी सुविधाओं का हिसाब-किताब भी बता रहे हैं। इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

विधायक जगतार सिंह दयालपुरा की अगुवाई में चल रहे इस अभियान को लेकर पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से घर-घर संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ‘मान के मुनाफे’ अभियान जारी रहेगा।

लुधियाना : विधायक कुलवंत सिद्धू का डोर-टू-डोर अभियान, लोगों को बांटे सरकार की गारंटियों के पंपलेट

लुधियाना / सत्ता संदेश

हलका आत्म नगर से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने लोगों को पंजाब सरकार की ओर से पूरी की गई गारंटियों और सरकार के कामकाज से संबंधित पंपलेट वितरित किए।

अभियान के दौरान विधायक कुलवंत सिद्धू ने क्षेत्रवासियों को सरकार की उपलब्धियों और पूरे किए गए वादों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और इसी क्रम में सरकार के कार्यों की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

विधायक ने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत भी की और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित मुद्दों को लेकर अधिकारियों से कार्रवाई करवाने का भरोसा दिया।

कुलवंत सिद्धू ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र और पंजाब में किए जा रहे विकास कार्यों तथा सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सके।

डोर-टू-डोर अभियान के दौरान बांटे गए पंपलेट में सरकार की ओर से पूरी की गई गारंटियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया गया। अब इन दावों और उपलब्धियों को लेकर क्षेत्र के लोगों की प्रतिक्रिया भी महत्वपूर्ण रहेगी।

मुंडिया ने ‘जान दे मुनाफे’ कैंपेन के तहत जंडियाली में किया घर-घर संपर्क

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने साहनेवाल के गांव जंडियाली में ‘मन दे मुनाफे’ कैंपेन के तहत घर-घर संपर्क किया और पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व आर्थिक लाभों की जानकारी दी।

लुधियाना / सत्ता संदेश

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने ‘मन दे मुनाफे’ कैंपेन के तहत साहनेवाल हलके के गांव जंडियाली में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से पिछले साढ़े चार वर्षों में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न योजनाओं से लोगों को मिल रहे आर्थिक लाभों के बारे में जानकारी दी।

हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाब सरकार आम लोगों को राहत देने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी पहलों का लाभ राज्य के आम परिवारों तक सीधे पहुंच रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘मन दे मुनाफे’ कैंपेन का उद्देश्य लोगों को सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं के तहत उन्हें मिलने वाले आर्थिक लाभों के बारे में जागरूक करना है। घर-घर संपर्क के दौरान मंत्री ने गांववासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

मुंडियां ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों के ध्यान में लाया जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान गांववासियों ने सरकार की योजनाओं और आर्थिक राहतों की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए मंत्री का धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के संपर्क अभियानों से लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके लाभों के बारे में सीधे जानकारी मिलती है।