अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता, एक्सटॉर्शन गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार
विदेश में बैठे हैंडलरों के इशारे पर पंजाब में देते थे फायरिंग और फिरौती की वारदातों को अंजाम
अमृतसर/ सत्ता संदेश
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक्सटॉर्शन और फायरिंग की घटनाओं में शामिल एक गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर पंजाब के विभिन्न जिलों में फायरिंग, फिरौती और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदेव सिंह, जशनप्रीत सिंह और हरप्रसदीप सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी गैंगस्टर घनशामपुरिया के नेटवर्क से जुड़े हुए थे और विदेश में बैठे दो हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी व्यापारियों और अन्य लोगों को फोन कर फिरौती की मांग करते थे। यदि कोई व्यक्ति पैसे देने से इनकार करता था, तो आरोपी उसके घर या कारोबारी प्रतिष्ठान के बाहर फायरिंग कर डर का माहौल बनाते थे। इसके बाद दोबारा संपर्क कर फिरौती वसूलने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अब तक की जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अमृतसर, अमृतसर देहात, तरनतारन और फिरोजपुर सहित पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में करीब छह आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। इनमें लोहारका रोड स्थित पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना भी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल बरामद की है। बरामद हथियार को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को आशंका है कि इसी हथियार का इस्तेमाल कई अन्य वारदातों में भी किया गया हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जांच के दौरान कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। साथ ही गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए पंजाब के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

