Ludhiana Kidnapping Attempt: नानी की बहादुरी से बची 9 साल की बच्ची, दो युवक पकड़े
लुधियाना में 9 साल की बच्ची की कथित किडनैपिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। नानी की सतर्कता से दो संदिग्ध युवक पकड़े गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लुधियाना / सत्ता संदेश
लुधियाना में एक 9 वर्षीय बच्ची की कथित किडनैपिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। नानी की सतर्कता और बहादुरी के चलते दो संदिग्ध युवकों को मोहल्ले के लोगों की मदद से पकड़ लिया गया। दोनों युवक स्कूटी पर बच्ची के घर के बाहर पहुंचे थे और उन्होंने अपने चेहरे रूमाल से ढके हुए थे।
घटना 12 सितंबर की बताई जा रही है। बच्ची तीसरी कक्षा में पढ़ती है। बच्ची की नानी के मुताबिक, दोनों युवकों की गतिविधियां पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध लग रही थीं। 11 सितंबर को घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने पर भी दोनों युवक दिखाई दिए थे, जिसके बाद परिवार सतर्क हो गया था।
नानी के अनुसार, 12 सितंबर को दोनों युवक दोबारा घर के बाहर पहुंचे। उन्हें देखकर नानी ने दोनों को रोककर पूछताछ की। इस दौरान दोनों युवक घबराकर वहां से भागने लगे। नानी ने बहादुरी दिखाते हुए उनकी एक्टिवा की चाबी निकाल ली और शोर मचा दिया। शोर सुनकर बच्ची की मां अनुप्रिया भी बाहर आ गईं। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से दोनों युवकों को पकड़ लिया गया।
बच्ची और मां की रेकी करने का आरोप
नानी का आरोप है कि दोनों युवक पिछले कुछ समय से बच्ची और उसकी मां का पीछा कर रहे थे। जब बच्ची की मां उसे स्कूल छोड़ने जाती थी, उस दौरान भी दोनों युवक कथित तौर पर उनका पीछा करते और उनकी तस्वीरें खींचते थे। परिवार को उनकी गतिविधियों पर पहले से ही शक था।
पकड़े गए युवकों की पहचान ओंकार सिंह निवासी हरकृष्ण नगर, शिमलापुरी और तेजपाल सिंह निवासी न्यू शिमलापुरी के रूप में हुई है। नानी के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें बच्ची को किडनैप करने के लिए उसके पिता अमनदीप शर्मा और नाना हेमराज शर्मा ने भेजा था। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से सामने आने वाले आधिकारिक तथ्यों और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।
पति-पत्नी के बीच करीब 4 साल से चल रहा विवाद
नानी ने बताया कि बच्ची की मां और उसके पति के बीच पिछले करीब चार साल से खर्चे को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है। बच्ची का पिता हलवारा एयरपोर्ट पर काम करता है। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के बीच बच्ची को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ के आधार पर मामले की पूरी कड़ी खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को कथित तौर पर अगवा करने की योजना के पीछे कौन लोग थे और इसकी वास्तविक वजह क्या थी।

