ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना: गुरु नानक पब्लिक स्कूल के समारोह में पहुंचे कुलतार सिंह संधवान, मेधावी छात्र सम्मानित

लुधियाना के गुरु नानक पब्लिक स्कूल की 47वीं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और शिक्षा, पंजाबी मातृभाषा व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

“विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में शिक्षकों की अहम भूमिका” — मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, पंजाबी मातृभाषा और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनाने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देते हैं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।

वे लुधियाना स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के 47वें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार अरोड़ा, जीएनपीएस कमेटी के अध्यक्ष जसबीर सिंह रयात और स्कूल की प्रिंसिपल दर्शप्रीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए कुलतार सिंह संधवान ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा हासिल करनी चाहिए और अपने ज्ञान व प्रतिभा का उपयोग समाज की भलाई के लिए करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को ऐसे रचनात्मक कार्य करने की सलाह दी, जिनसे वे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकें।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने ICSE और ISC परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में योग की शानदार प्रस्तुति के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। वहीं, मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल के दुष्प्रभावों को दर्शाते नाटक ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा झूमर, कथक फ्यूजन, गिद्दा और भांगड़ा की प्रस्तुतियों ने पंजाबी संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया।

विद्यार्थियों ने एक साइलेंट प्ले के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया। इन प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व को उजागर किया।

कुलतार सिंह संधवान ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बदलते समय में पंजाबी मातृभाषा को संरक्षित करने और इसे बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा से जुड़े रहने तथा इसके सम्मान और गौरव को बनाए रखने की अपील की।

समारोह के अंत में स्कूल की प्रिंसिपल दर्शप्रीत कौर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों, शिक्षकों और सभी स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

गुरु नानक पब्लिक स्कूल का यह वार्षिक समारोह शैक्षणिक उपलब्धियों, कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का सुंदर संगम रहा, जिसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की झलक देखने को मिली।

कुलतार सिंह संधवां का BJP पर निशाना, CBI रेड को बताया चुनावी रणनीति

पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने CBI रेड को लेकर BJP पर निशाना साधा। दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और पंजाब विधानसभा के 22 से 27 अक्टूबर तक प्रस्तावित सत्र पर भी बयान दिया।

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने राज्य में CBI की कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे चुनाव से पहले की राजनीतिक रणनीति करार दिया। लुधियाना के एक निजी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे संधवां ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

संधवां ने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई BJP की रणनीति है। हाई कोर्ट के आदेशों को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे आदेश चुनाव से पहले ही क्यों सामने आते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि BJP इस तरह की रणनीति से चुनाव नहीं जीत सकती और उसे उतनी ही सफलता मिलेगी, जितनी उसके प्रयासों के अनुरूप होगी।

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर भी संधवां ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ये प्रदर्शन लोकतंत्र को बचाने के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल युवाओं की शिक्षा और उनकी भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि यदि लोग ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं, तो इस पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई गलती हुई है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, पंजाब विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर संधवां ने बताया कि विधानसभा का सत्र 22 से 27 अक्टूबर तक निर्धारित किया गया है। इस सत्र के दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

पंजाब विधानसभा में ई-20 के खिलाफ प्रस्ताव पास: सीएम मान बोले-अमेरिका जो कहता है, वो ही करते हैं

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

सीएम मान ने अपने भाषण में कहा कि पता नहीं ट्रंप के पास कौन सी फाइल है, वो जो कहते हैं वो करवा रहे हैं। तेल कहां से खरीदना है, यह भी बता रहा है। ट्रंप के आगे घुटने टेक दिए हैं। लोगों की गाड़ियां खराब हो रही है। 2030 से इसे लागू करना था लेकिन अब 2026 में ही लागू किया जा रहा है। सदन पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की अधिक मात्रा में मिश्रण की अनुमति करने की निंदा करता है। राज्य सरकारों और हितधारकों से इसकी अनुमति लेनी चाहिए थी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री और नीति आयोग के उप प्रधान को विचार के लिए प्रस्ताव की कॉपी भेजी जाएगी।

स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा, कि आज अरविंद केजरीवाल देश भर के लाखों लोगों के हस्ताक्षर वाली अर्जियां लेकर प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं। मुझे लगता है कि ई-20 एक तरह से देश की संप्रभुता पर हमला है। ऐसा लगता है कि यह अमेरिका के कहने पर, डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर किया जा रहा है। पहले, जब कोई गांव में किसी से बदला लेना चाहता था, तो वे उसके पानी की टंकी में चीनी डाल देते थे। इथेनॉल भी गन्ने से ही बनता है। यह भारत के लोगों से बदला लेने जैसा काम है। 

पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट के खिलाफ विधानसभा में वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने कहा कि वाहनों की एवरेज कम हो रही है और वाहन खराब हो रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत ने कहा कि इथेनॉल की मिलावट के हिसाब से पेट्रोल को ई 20 या ई 10 कह सकते हैं। यह चेक करवाया जाना चाहिए कि इथेनॉल को पेट्रोल को मिलावट किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार इथेनॉल और पेट्रोल का आपस में कोई संबंध में नहीं, इसलिए धक्केशाही से इसे मिलाया जा रहा है।

कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि सरकार को इसका विकल्प देना चाहिए। जिस गरीब व्यक्ति ने मोटरसाइकिल या कार ली है तो उसके लिए मुश्किल है। पंजाब सरकार को भी कोई विकल्प ढूंढना चाहिए कि पेट्रोल पंप पर उसे विकल्प मिले। उन्होंने कहा कि चर्चा होनी चाहिए कि इसमें से तो क्या पता कुछ अच्छा भी हो रहा हो। इस पर वैट कम कर देना चाहिए।