ब्रेकिंग न्यूज़
कोल्ड स्टोरेज’ ढहने के मामले में आरोपी पुलिस हिरासत में

प्रयागराज, 24 मार्च (भाषा) प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में ‘कोल्ड स्टोरेज’ के अचानक ढह जाने से चार श्रमिकों की मौत के मामले में पुलिस ने ‘कोल्ड स्टोरेज’ के मालिक एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक अंसार अहमद को मंगलवार को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले में सोमवार देर रात सात नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंसार अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।’’

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इस प्रकरण की जांच एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनिता सिंह को सौंपी है।

विनिता सिंह ने बताया कि इस घटना की प्रारंभिक जांच की रिपोर्ट दो दिन में सौंपी जानी है, जबकि विस्तृत जांच की रिपोर्ट सात दिनों में दी जाएगी।

पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार के मुताबिक फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में एक ‘कोल्ड स्टोरेज’ का एक हिस्सा ढह सोमवार दोपहर को गया।

उन्होंने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 श्रमिक घायल हैं जिनका इलाज एसआरएन अस्पताल में किया जा रहा है।’’

कुमार ने कहा, “हम इस बात की पूरी जांच करेंगे कि इस कोल्ड स्टोरेज के लाइसेंस का कब नवीनीकरण हुआ था और खंडहर जैसे भवन वाले इस कोल्ड स्टोरेज को कैसे लाइसेंस दिया गया। इस घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

कोल्ड स्टोरेज ढहने और वहां बने टैंक से अमोनिया गैस का रिसाव होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी।

गोरखपुर में भाजपा नेता की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर (उप्र), 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चौहान मंगलवार सुबह चिलुआताल पुलिस थाना क्षेत्र में अपने घर के पास टहलने निकले थे, तभी उन पर चाकू से कई बार वार किए गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा, ‘‘आरोपियों की पहचान राज चौहान उर्फ निरहुआ और विपिन यादव के रूप में हुई है। दोनों डंपर चालक हैं, जिन्हें मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।’’

पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल कर लिया और दावा किया कि हत्या बदले की भावना से की गई थी।

आरोपियों ने दावा किया कि मृतक के भतीजे ने दो महीने पहले उनमें से एक के साथ मारपीट की थी और राजकुमार चौहान द्वारा अपने भतीजे का समर्थन करने से उनकी नाराजगी बढ़ गई थी।

एसएसपी ने बताया कि मंगलवार की सुबह आरोपी घात लगाकर बैठे थे और चौहान पर उस समय हमला कर दिया जब वह टहलने के लिए निकले थे। संदिग्धों में से एक ने गोली चलाई, इससे पहले दोनों ने उन पर चाकुओं से हमला किया, जिससे उन्हें कई चोटें आईं। बाद में चौहान ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया करायी गयी है।’’

मुआवजे और न्याय दिलाने की परिवार की मांगों पर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि प्रशासन ने सरकार को वित्तीय सहायता के लिए अनुरोध भेजा है।

इस हत्या के बाद इलाके में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया था। स्थानीय निवासियों ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने व्यवस्था बहाल की।