अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए “अमृत भारत एक्सप्रेस” ट्रेन का शुभारंभ, रवीनीत बिट्टू ने दिखाई हरी झंडी
अमृतसर / सत्ता संदेश
आम लोगों के लिए विशेष ट्रेन — बिट्टू ने गिनाई आधुनिक सुविधाएँ
अमृतसर रेलवे स्टेशन को मिलेगा वर्ल्ड-क्लास लुक, 502 करोड़ के प्रोजेक्ट का ऐलान — रवीनीत बिट्टू
एंकर रिपोर्ट:
अमृतसर रेलवे स्टेशन से आज नई 14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी “अमृत भारत एक्सप्रेस” ट्रेन की शुरुआत की गई। केंद्रीय रेल एवं फूड प्रोसेसिंग उद्योग राज्य मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा नेता, रेलवे कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन को खासतौर पर सजाया गया था और यात्रियों में नई ट्रेन को लेकर खास उत्साह देखा गया।
यह ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी तक लगभग 1900 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री रवीनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यह ट्रेन खासतौर पर आम और मध्यमवर्गीय लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है ताकि वे भी कम खर्च में आधुनिक सुविधाओं के साथ सफर कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब और पूर्वी भारत के बीच यात्रा करने वाले लोग और श्रद्धालुओं को इस ट्रेन से बड़ा फायदा मिलेगा।
बिट्टू ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएँ दी गई हैं। ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। इसमें सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बड़े लगेज स्पेस, इमरजेंसी बटन और साफ-सुथरे बाथरूम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रेन की डिज़ाइन इस तरह बनाई गई है कि आग या अन्य हादसों का खतरा न्यूनतम रहे।
इस दौरान रवीनीत बिट्टू ने अमृतसर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि अमृतसर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास स्टेशन बनाने के लिए 502 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट लाया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत नई इमारतें, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, लूप लाइन्स, डॉर्मिटरी, AC वेटिंग हॉल, शॉपिंग एरिया और मनोरंजन की सुविधाएं तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन के लुक को श्री अमृतसर साहिब की विरासत से जोड़ते हुए नया रूप दिया जाएगा।
बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सपनों के अनुसार देशभर के रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में अमृतसर रेलवे स्टेशन देश के सबसे आधुनिक स्टेशनों में शामिल होगा।

