अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले डॉ. मनसुख मांडविया मुंबई में फिट इंडिया साइक्लोथॉन का नेतृत्व करेंगे
नई दिल्ली / सत्ता संदेश
देश 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के समारोहों की तैयारी में जुटा है, ऐसे में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया बुधवार की सुबह मुंबई के प्रतिष्ठित वर्ली साइकिल ट्रैक पर एक विशेष फिट इंडिया साइक्लोथॉन – साइक्लिंग बाय द सी का नेतृत्व करेंगे।
देशव्यापी फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण का क्षेत्रीय केंद्र मुंबई, 17 जून को मुंबई के वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक पर फिट इंडिया साइक्लोथॉन के इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।
साइकिल यात्रा में मुंबई के सुरम्य समुद्र तट के मनोरम दृश्यों के बीच विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 250 साइकिल चालक डॉ. मनसुख मांडविया के साथ साइकिल चलाएंगे। यह आयोजन व्यापक ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का हिस्सा है, जो सामुदायिक भागीदारी, साइकिलिंग, योग और अन्य शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से फिटनेस को जीवनशैली के रूप में बढ़ावा देता है।
डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा दिसंबर 2024 में शुरू की गई इस साइकिलिंग पहल ने देश के 3 लाख से अधिक स्थानों पर 30 लाख से अधिक लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का आयोजन युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, योगासन भारत, राहगिरी फाउंडेशन और माय भारत के सहयोग से किया जाता है।
मुंबई में आयोजित होने वाला साइक्लोथॉन 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के वैश्विक समारोहों की शुरुआत के रूप में भी काम करता है, जिसमें 180 से अधिक देशों के लाखों लोग भाग लेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पिछले एक दशक में विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य आंदोलनों में से एक बन गया है, जिसमें भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विभिन्न महाद्वीपों के देश समग्र स्वास्थ्य और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने के लिए एकजुट हो रहे हैं, ऐसे में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल और योग दिवस जैसी पहलें वैश्विक समुदाय के लिए एक स्वस्थ, सक्रिय और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भारत के नेतृत्व को और मजबूत कर रही हैं।

