ब्रेकिंग न्यूज़
जन्माष्टमी पर खन्ना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 70 मंदिरों में 250 पुलिसकर्मी तैनात

जन्माष्टमी को लेकर खन्ना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की। 70 मंदिरों में 250 पुलिसकर्मी तैनात, भीड़भाड़ वाले इलाकों में पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई।

खन्ना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

जन्माष्टमी के पवित्र त्योहार को लेकर खन्ना पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिरों के साथ-साथ प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए।

एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को केवल ड्यूटी के तौर पर नहीं, बल्कि सेवा की भावना के साथ निभा रही है। त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए।

शहर के अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। मंदिर प्रबंधन समितियों के साथ पहले ही लायजन मीटिंग कर पुलिस ने उनके वालंटियरों के साथ तालमेल स्थापित किया, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्नैचिंग, पिकपॉकेटिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई। संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए व्हीकल ऐप और पुलिस निगरानी के लिए पायल्स ऐप का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस जिला खन्ना के क्षेत्र में करीब 70 मंदिरों में 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों के अलावा दो एसपी रैंक के अधिकारी भी तैनात रहे।

इसके अलावा असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टैटिक और मोबाइल नाकाबंदी की गई। पूरे क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और ईआरवी सहित पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त करती रहीं।

एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें या मौके पर तैनात पुलिसकर्मी को इसकी जानकारी दें।

पुलिस ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Free Fire खेलने से रोका तो घर छोड़ निकले तीन स्टूडेंट्स, राजस्थान से सुरक्षित बरामद

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

फ्री फायर गेम खेलने से रोकने पर घर से निकले माछीवाड़ा साहिब के दो स्टूडेंट्स और लुधियाना के उनके एक दोस्त को खन्ना पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस की टेक्निकल जांच और राजस्थान पुलिस के सहयोग से तीनों युवकों को राजस्थान में रहने वाले उनके दोस्त के घर से बरामद किया गया।

बरामद किए गए युवकों की पहचान उत्कर्ष और वरुण कुमार, निवासी माछीवाड़ा साहिब, तथा मोहित कुमार, निवासी गिल रोड, लुधियाना के रूप में हुई है।

20 अगस्त को कार लेकर जयपुर गए थे

खन्ना के SP पवनजीत सिंह चौधरी के अनुसार, 20 अगस्त को वरुण कुमार अपने घर से कार लेकर अपने दोस्तों उत्कर्ष और मोहित कुमार के साथ जयपुर, राजस्थान के लिए निकला था। इसके बाद तीनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए।

मोबाइल बंद होने के कारण परिवार के लोग बेहद परेशान हो गए और उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

Gmail और IMEI से मिली लोकेशन की जानकारी

पुलिस की टेक्निकल टीम ने युवकों की तलाश के लिए कई तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान युवकों की Gmail ID से जुड़े तकनीकी सुराग, CDR एनालिसिस और IMEI सर्च से पुलिस को अहम जानकारी मिली।

पुलिस ने ऑनलाइन गेम से जुड़ी प्रोफाइल और Gmail से मिले IMEI नंबरों को भी जांच का हिस्सा बनाया। इन तकनीकी सुरागों की मदद से पुलिस राजस्थान में युवकों की लोकेशन तक पहुंचने में कामयाब रही।

राजस्थान पुलिस ने दोस्त के घर से किया बरामद

लोकेशन का पता चलने के बाद खन्ना पुलिस ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और संदिग्ध लोकेशन की जानकारी साझा की। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को राजस्थान में रहने वाले उनके दोस्त शिखर के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया।

तीनों युवकों के सुरक्षित मिलने के बाद उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।

Free Fire खेलने से रोकने पर घर से निकले थे

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि तीनों युवक ऑनलाइन गेम Free Fire खेलने से माता-पिता द्वारा रोकने के बाद घर से चले गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवकों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

खन्ना पुलिस की इस कार्रवाई में टेक्निकल टीम की भूमिका अहम रही, जिसने डिजिटल सुरागों के जरिए राजस्थान तक युवकों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान पुलिस के साथ समन्वय कर उन्हें सुरक्षित बरामद कराया।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हनी सेठी गिरफ्तार; डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

लुधियाना/खन्ना: पंजाब के खन्ना जिले के अंतर्गत आते कस्बा दोराहा के मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर नशा करने के आरोप लगे थे, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच के दौरान डोप टेस्ट पॉजिटिव आने से हुई है।

पुलिस कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट : दोराहा थाना के एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि पुलिस को हनी सेठी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उनका मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें उनके शरीर में नशीले पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

विवादों से रहा है पुराना नाता: हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने बयानों और विभिन्न गतिविधियों के कारण विवादों में घिरे रहते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में काफी चर्चा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ उनकी मुहिम जारी है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।