ब्रेकिंग न्यूज़
गुरु नानक स्टेडियम में 4 से 10 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली, 6100 से अधिक युवाओं के पहुंचने की उम्मीद

गुरु नानक स्टेडियम लुधियाना में 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली होगी। लुधियाना, मोगा, रूपनगर और मोहाली के CEE पास योग्य युवा हिस्सा ले सकेंगे।

लुधियाना / सत्ता संदेश

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) शिखा भगत ने आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस (ARO), लुधियाना के भर्ती निदेशक और सेना के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

जोनल भर्ती कार्यालय, जालंधर के अधीन आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस लुधियाना की ओर से वज्र कोर के जवानों के सहयोग से भारतीय सेना में विभिन्न श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इस भर्ती रैली में लुधियाना, मोगा, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) जिलों के वे पात्र युवा हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) पास किया है।

आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस लुधियाना के भर्ती निदेशक ने बताया कि यह पंजाब की बड़ी भर्ती रैलियों में शामिल है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रैली में 6,100 से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ARO लुधियाना की भर्ती रैली सिविल-फौजी तालमेल का उदाहरण है। वर्ष 2024 और 2025 में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैलियों के दौरान भी प्रशासन और सेना के बीच समन्वय के जरिए व्यवस्थाएं की गई थीं।

एडीसी शिखा भगत ने कहा कि जिला प्रशासन पंजाब के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए भारतीय सेना को प्रशासनिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ा हर जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने संबंधित विभागों को रैली के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इनमें रिफ्रेशमेंट, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, इंटरनेट सुविधा, मेटल डिटेक्टर, फायर टेंडर, मोबाइल शौचालय और मेडिकल टीम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

प्रशासन और सेना की ओर से भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।