ब्रेकिंग न्यूज़
बंगला साहिब में नतमस्तक हुए चरणजीत सिंह चन्नी, बोले- ‘जब भी दिल्ली आता हूं, आशीर्वाद लेने जरूर पहुंचता हूं’

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी वह दिल्ली आते हैं, गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद लेते हैं।

गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद चन्नी ने पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसे कब पद देना है या किसी पद से बदलाव करना है, यह कांग्रेस आलाकमान और राहुल गांधी का अधिकार है।

सचिन पायलट को लेकर बोले चन्नी

पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट को लेकर चन्नी ने कहा कि वह पास के राज्य से आते हैं और उनके पंजाब प्रभारी बनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद और ऊर्जा पैदा हुई है। इससे पहले भी चन्नी पायलट की नियुक्ति का स्वागत कर चुके हैं।

चन्नी ने दावा किया कि पंजाब कांग्रेस में अब दूरियां और मतभेद खत्म हो चुके हैं और सभी नेता एकजुट होकर काम करेंगे। हालांकि, हाल के दिनों में पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान की खबरें सामने आती रही हैं।

अमित शाह की रैली पर चन्नी का हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब में रैली को लेकर चन्नी ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब की सीमा पर BSF, CRPF और सेना की तैनाती के बावजूद राज्य में नशे और ड्रोन की समस्या कैसे बनी हुई है।

चन्नी ने बीजेपी के नशा खत्म करने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इसे खत्म करने में दो साल लगेंगे तो बीजेपी को दिल्ली में ही रहना चाहिए और पंजाब आने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने आगे दावा किया कि पंजाब में बीजेपी के पैर कभी नहीं जम सकते। चन्नी ने कहा कि एजेंसियों के जरिए डराने की कोशिश की जा सकती है, लेकिन पंजाब झुकने वाला नहीं है।