ब्रेकिंग न्यूज़
नाभा : महिला की मौत के बाद सनसनी, अंतिम संस्कार की राख में मिले लोहे के टुकड़े; डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप

नाभा / सत्ता संदेश

नाभा के गांव मेंहास में 42 वर्षीय महिला की मौत के बाद उस समय सनसनी फैल गई, जब अंतिम संस्कार के बाद फूल चुनने पहुंचे परिवार को राख और जली हुई हड्डियों के बीच लोहे के कुछ टुकड़े मिले। मृतका के परिवार ने इन टुकड़ों को महिला के ऑपरेशन से जोड़ते हुए डॉक्टर पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, संबंधित डॉक्टर ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए परिवार पर जानबूझकर लोहे के टुकड़े रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, गांव मेंहास निवासी बलजीत कौर का 27 अगस्त को डॉ. श्याम सिंह के क्लिनिक में ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन परिवार के अनुसार उसकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं हुई। इसके चलते परिवार को कई बार उसका चेकअप करवाना पड़ा।

परिवार के मुताबिक, 6 सितंबर को महिला की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके बच्चे विदेश में होने के कारण 8 सितंबर को गांव में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य जब श्मशान घाट में फूल चुनने पहुंचे तो उन्हें फूलों के बीच लोहे के कुछ टुकड़े दिखाई दिए।

इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी मीडिया और सदर पुलिस को दी। परिवार का कहना है कि जब अंतिम संस्कार के बाद बची राख और जली हुई हड्डियों की जांच की गई तो उसमें लोहे के तीन और टुकड़े मिले। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर के औजार या अन्य धातु के टुकड़े महिला के पेट में रह गए थे और इसके कारण महिला को संक्रमण हुआ, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

मृतका के पति साहिब सिंह और गांव के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में केस दर्ज कर गंभीरता से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

दूसरी तरफ, डॉ. श्याम सिंह ने परिवार के आरोपों को खारिज किया है। डॉक्टर ने बताया कि महिला का ऑपरेशन उन्होंने ही किया था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार की ओर से महिला का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया गया। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि परिवार ने जानबूझकर लोहे की पत्तियां या टुकड़े वहां रखे हैं ताकि उन्हें परेशान किया जा सके।

मामले की जांच कर रहे DSP नाभा गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में अंतिम संस्कार के बाद फूलों के बीच चार लोहे के औजार/पत्तियां मिलने और इसे डॉक्टर की कथित लापरवाही से जोड़कर जांच की मांग की गई है।

DSP के मुताबिक, डॉ. श्याम सिंह और शहर के कुछ अन्य डॉक्टर भी उनके सामने पेश हुए और दोनों पक्षों की बात सुनी गई है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है और यह स्पष्ट होना बाकी है कि मिले लोहे के टुकड़ों का महिला के ऑपरेशन अथवा उसकी मौत से वास्तव में कोई संबंध था या नहीं।