ब्रेकिंग न्यूज़
समराला में कूड़े के डंप में लगी भीषण आग, जहरीले धुएं से परेशान हुए लोग

समराला: समराला के जुझार सिंह नगर और अंबेडकर कॉलोनी के पास मुख्य गली में स्थित कूड़े के सेकेंडरी डंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में जहरीला धुआं फैल गया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने खुद बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।

ट्रांसफार्मर और नंगी तारों के नीचे जलता रहा कूड़ा

इलाका निवासी जसविंदर सिंह और कमल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पानी की बाल्टियां डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कूड़े के डंप के ठीक ऊपर बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है और नंगी बिजली की तारें भी गुजर रही हैं।

लोगों का कहना है कि आग अगर ट्रांसफार्मर या बिजली की तारों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इसके अलावा डंप के पास ही सिविल अस्पताल भी स्थित है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।

बाहरी लोगों पर कूड़ा फेंकने के आरोप

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि आसपास के अलावा बाहरी लोग भी रेहड़ियों में भरकर कूड़ा यहां फेंक जाते हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में इस्तेमाल की गईं सिरिंज तक खुले में फेंकी जाती हैं, जिससे संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी खतरा बना हुआ है।

डंप के पास प्रशासन की ओर से 5 हजार रुपये जुर्माने का बोर्ड भी लगाया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करवाया जा रहा।

पहले भी शिकायतें, नहीं हुआ स्थायी समाधान

इलाका निवासियों का कहना है कि कूड़े के डंप की समस्या को लेकर प्रशासन से पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है और इस मुद्दे को लेकर समाचार भी प्रकाशित हो चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

घनी आबादी के बीच कूड़ा जमा होने से गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस सेकेंडरी डंप को बंद करने की मांग की है।

नगर कौंसिल अध्यक्ष ने बताया क्या है व्यवस्था

वहीं, नगर कौंसिल अध्यक्ष लाला मंगत राय ने कहा कि शहर की अंदरूनी संकरी गलियों में बड़ी गाड़ियां नहीं जा सकतीं। ऐसे में सफाई कर्मचारी रेहड़ियों के माध्यम से कूड़ा एकत्र कर कुछ समय के लिए इस सेकेंडरी डंप में रखते हैं। इसके बाद ट्रॉलियों के जरिए कूड़े को मुख्य डंप तक पहुंचाया जाता है।

उन्होंने कहा कि नई कमेटी को कार्यभार संभाले अभी करीब एक महीना ही हुआ है। वह स्वयं सुबह 7 बजे से सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हैं और रोजाना सुबह 11 बजे तक मुख्य डंप को खाली करवाने का प्रयास किया जाता है।

नगर कौंसिल अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सेकेंडरी डंप की समस्या का जल्द समाधान निकाला जाएगा।