ब्रेकिंग न्यूज़
मानसा में डिपो होल्डरों का प्रदर्शन, 1700 रोजगार छीनने का आरोप; सिरसा-बरनाला रोड जाम

मानसा में पंजाब भर के डिपो होल्डरों ने डिपो बहाली की मांग को लेकर सिरसा-बरनाला रोड जाम कर प्रदर्शन किया। 1700 डिपो होल्डरों का रोजगार छीनने का आरोप, सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मानसा / सत्ता संदेश

Report : बिट्टू बुढलाडा

पंजाब भर के डिपो होल्डरों ने अपने डिपो बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को मानसा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में डिपो होल्डरों ने सिरसा-बरनाला रोड पर धरना देकर सड़क जाम कर दी और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर करीब 1700 डिपो होल्डरों का रोजगार छीनने का आरोप लगाया।

डिपो होल्डरों ने मांग की कि जिन पुराने डिपो को बंद किया गया है, उन्हें जल्द से जल्द बहाल किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिना किसी शिकायत के कई डिपो होल्डरों का रोजगार प्रभावित हुआ है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

2020-21 में युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से जारी हुए थे डिपो

डिपो होल्डर यूनियन पंजाब के प्रधान सुखविंदर सिंह कांझला ने कहा कि वर्ष 2020-21 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से पंजाब भर में राशन डिपो जारी किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में आम आदमी पार्टी सरकार ने पुराने डिपो वापस लेकर नए डिपो जारी कर दिए।

कांझला ने आरोप लगाया कि सरकार की इस कार्रवाई से पुराने डिपो होल्डरों का रोजगार छिन गया है। उन्होंने कहा कि जिन डिपो होल्डरों के खिलाफ किसी तरह की शिकायत नहीं थी, उन्हें भी इस प्रक्रिया का खामियाजा भुगतना पड़ा।

कोरोना काल में भी डिपो होल्डरों ने दी सेवाएं

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, उस समय भी डिपो होल्डरों ने लोगों तक राशन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

उनका कहना है कि लंबे समय तक लोगों को राशन उपलब्ध करवाने के बावजूद आज उनके रोजगार को समाप्त किया जा रहा है। डिपो होल्डरों ने सरकार से उनकी सेवाओं और पुराने डिपो की स्थिति पर दोबारा विचार करने की मांग की है।

करीब 1700 डिपो होल्डर प्रभावित होने का दावा

यूनियन के अनुसार पंजाब में करीब 1700 डिपो होल्डर इस मामले से प्रभावित हुए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डिपो होल्डरों के साथ-साथ उन उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जो इन डिपो के माध्यम से राशन प्राप्त करते थे।

इसी मुद्दे को लेकर पंजाब भर से डिपो होल्डर मानसा पहुंचे और सरकार के खिलाफ अपना रोष जाहिर किया।

सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुराने डिपो बहाल नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सुखविंदर सिंह कांझला ने कहा कि सरकार ने अगर उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में डिपो होल्डर आम आदमी पार्टी सरकार का कड़ा विरोध करेंगे।,

प्रदर्शन के दौरान सुखविंदर सिंह कांझला, फिरोजपुर से जगतार सिंह भुल्लर, सरदूलगढ़ से जसवीर सिंह सहित पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में डिपो होल्डर मौजूद रहे।