ब्रेकिंग न्यूज़
फरीदकोट हेरोइन केस में बड़ा खुलासा: बरामदगी बढ़कर 54 किलो, BSF की मदद से 6.7 किलो और हेरोइन बरामद

फरीदकोट में 47.3 किलो हेरोइन और तीन विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार चार आरोपियों के मामले में BSF की मदद से 6.7 किलो अतिरिक्त हेरोइन बरामद हुई। कुल बरामदगी 54 किलो हुई।

फरीदकोट / सत्ता संदेश

फरीदकोट पुलिस द्वारा 47 किलो 300 ग्राम हेरोइन और तीन विदेशी पिस्तौल के साथ चार आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले में अब एक और बड़ी बरामदगी हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से एक की निशानदेही पर BSF की मदद से 6 किलो 700 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही इस मामले में बरामद कुल हेरोइन की मात्रा बढ़कर 54 किलो हो गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से मंगल सिंह पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि बॉर्डर पार से ड्रग्स की खेप उठाते समय उसका कुछ हिस्सा कंटीली तार की बाड़ के पास छूट गया था। आरोपी ने पुलिस को उस जगह की जानकारी दी, जिसके बाद फरीदकोट पुलिस ने BSF के सहयोग से बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पुलिस को कंटीली तार के पास से 6 किलो 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इससे पहले पुलिस ने चार आरोपियों को 47 किलो 300 ग्राम हेरोइन और तीन विदेशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया था।

बॉर्डर पार बैठे तस्करों से कनेक्शन की जांच

SP नरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों से लगातार गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि आरोपियों के बॉर्डर पार बैठे ड्रग तस्करों से संपर्क कैसे बने और ड्रग्स की खेप मंगवाने के लिए पैसों का लेन-देन किस तरह किया गया।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच आगे बढ़ा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ और जांच के दौरान ड्रग तस्करी के नेटवर्क से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।