ब्रेकिंग न्यूज़
सुनाम में अमन अरोड़ा के आवास के बाहर काला झंडा लेकर पहुंचे दामन बाजवा,

सुनाम / सत्ता संदेश

सिख युवक मोहनजीत सिंह पर हुए कथित अत्याचार के विरोध में सुनाम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दामन बाजवा ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के आवास के बाहर काला झंडा लेकर प्रदर्शन किया। मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया था। इसी मामले को लेकर भाजपा ने पंजाब सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

दामन बाजवा के अचानक मंत्री के आवास के बाहर पहुंचने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान बाजवा ने पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि प्रशासन में हिम्मत है तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनजीत सिंह के साथ अमानवीय अत्याचार किया गया है।

बाजवा ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से रोष प्रदर्शन करने का मौलिक अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अपनी आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार चाहे तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर जेल भेज सकती है, लेकिन वे किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने मोहनजीत सिंह के मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

वहीं, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और राजनीतिक दल को अपनी बात रखने तथा प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक पार्टियां इस संवेदनशील मामले को लेकर केवल राजनीति कर रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान हरमनदेव सिंह बाजवा भी मौजूद रहे। मामले को लेकर भाजपा और पंजाब सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

पंजाब कैबिनेट में बड़ा फेरबदल: गिरफ्तार मंत्री संजीव अरोड़ा के विभाग 3 मंत्रियों में बंटे; तरूणप्रीत को मिला बिजली विभाग

चंडीगढ़: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार किए गए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के विभागों का नया बंटवारा कर दिया है। अरोड़ा के पास रहे तीन महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी अब सरकार के तीन मौजूदा मंत्रियों—तरुणप्रीत सिंह सौंध, हरजोत सिंह बैंस और अमन अरोड़ा को सौंपी गई है।

किसे क्या मिला?

तरुणप्रीत सिंह सौंध: वर्तमान में पर्यटन, सांस्कृतिक मामले और श्रम मंत्रालय संभाल रहे तरुणप्रीत सिंह सौंध को अब पावर (बिजली) विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

हरजोत सिंह बैंस: शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को लोकल बॉडी (स्थानीय निकाय) विभाग सौंपा गया है। गौरतलब है कि मार्च 2022 में सरकार बनने के बाद से इस विभाग के नेतृत्व में यह 7वीं बार बदलाव है।

अमन अरोड़ा: नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा को अब उद्योग एवं वाणिज्य (Industries & Commerce) तथा निवेश प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस विभाग में मौजूदा सरकार के दौरान यह चौथा बड़ा बदलाव है।

कैबिनेट का वर्तमान गणित: संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी और विभागों के पुनर्वितरण के बाद 11 मई 2026 तक पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित कुल 16 मंत्री कार्यरत हैं। संवैधानिक नियमों के अनुसार पंजाब में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं, जिसका अर्थ है कि अभी भी दो पद खाली हैं। सरकार में हरपाल सिंह चीमा अभी भी सबसे प्रभावशाली मंत्रियों में शामिल हैं, जो वित्त और आबकारी जैसे अहम विभाग देख रहे हैं।