ब्रेकिंग न्यूज़
भारत में पहली बार BBL का उद्घाटन मैच, पीएम मोदी ने किया ऐलान

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

What is Big Bash League: भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों में खेल सहयोग का नया अध्याय जुड़ गया है. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने मेलबर्न में संयुक्त घोषणा करते हुए बताया कि इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा.

BBL ऑस्ट्रेल‍िया की टी20 लीग है, जिसका क्रेज आईपीएल की तरह है. भारत में भी इस लीग की तगड़ी फॉलोइंग है. यह क्रिकेट इतिहास का एक अहम पल होगा, क्योंकि पहली बार किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत की धरती पर आयोजित किया जाएगा.

चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला दिसंबर में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ‘जी’ डे नमस्ते (‘G’Day Namaste’) कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा.

इस फेस्टिवल में ऑस्ट्रेलिया की संस्कृति, व्यापार, निवेश और खेल से जुड़े कई कार्यक्रम भारत के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति देना है.

क्या है ब‍िग बैश लीग ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) देश की सबसे बड़ी प्रोफेशनल टी20 क्रिकेट लीग है. इसकी शुरुआत 2011 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने की थी. इस लीग में ऑस्ट्रेलिया के अलग-अलग शहरों की 8 टीमें हिस्सा लेती हैं. BBL का टूर्नामेंट लीग स्टेज और नॉकआउट मुकाबलों के फॉर्मेट में खेला जाता है. इसमें ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ियों के साथ-साथ दुनिया भर के कई बड़े विदेशी क्रिकेटर भी खेलते हैं.

BBL की 8 टीमें हैं

  1. एडिलेड स्ट्राइकर्स (Adelaide Strikers)
  2. ब्रिस्बेन हीट (Brisbane Heat)
  3. होबार्ट हरिकेन्स (Hobart Hurricanes)
  4. मेलबर्न रेनेगेड्स (Melbourne Renegades)
  5. मेलबर्न स्टार्स (Melbourne Stars)
  6. पर्थ स्कॉर्चर्स (Perth Scorchers)
  7. सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers)
  8. सिडनी थंडर (Sydney Thunder)

BBL की तरह विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) भी है. 2015 में शुरू हुई यह लीग महिलाओं के लिए दुनिया के सबसे बड़े घरेलू T20 कॉम्पिटिशन में से एक है, जिसने दुनिया भर में महिला क्रिकेटर्स के लिए नए आयाम स्थाप‍ित किए.

खेल सहयोग के लिए नया रोडमैप

दोनों प्रधानमंत्रियों ने खेल सहयोग पर रोडमैप (Roadmap on Sport Cooperation) भी जारी किया. इसके तहत खेलों में क्षमता निर्माण, स्पोर्ट्स साइंस, टेक्नोलॉजी रिसर्च, खेल उद्योग और निवेश जैसे क्षेत्रों में भारत और ऑस्ट्रेलिया मिलकर काम करेंगे.

यह रोडमैप ऐसे समय में सामने आया है, जब ऑस्ट्रेलिया 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और पैरालंपिक की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है.

अल्बनीज बोले- खेल दोनों देशों को जोड़ने वाला सबसे मजबूत माध्यम pm.gov.au के मुताब‍िक- ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया खेलों, खासकर क्रिकेट, के प्रति समान जुनून साझा करते हैं.

उन्होंने कहा कि नया स्पोर्ट्स रोडमैप तकनीक, रिसर्च और क्षमता निर्माण जैसे व्यावहारिक क्षेत्रों पर केंद्रित होगा. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी मजबूती मिलेगी.

ऑस्ट्रेलियाई मंत्रियों ने भी जताई खुशी

ऑस्ट्रेलिया के व्यापार एवं पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध दोनों देशों की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद अहम हैं. उनके मुताबिक बड़े खेल आयोजन पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने का शानदार अवसर होते हैं.

वहीं, खेल मंत्री अनिका वेल्स ने कहा कि क्रिकेट दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों का प्रतीक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह रोडमैप खेलों के क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलियाई स्पोर्ट्स सिस्टम पहले से ही भारतीय संस्थाओं के साथ अपने अनुभव साझा कर रहा है और भविष्य में यह साझेदारी और मजबूत होगी.

MCG गए पीएम मोदी, फिर न्यूजीलैंड रवाना होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने तीन देशों के दौरे के ऑस्ट्रेलिया चरण का समापन करेंगे. वह ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) का दौरा करने के बाद न्यूजीलैंड के ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे.

ऑकलैंड पहुंचने के बाद शुक्रवार को उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होगा. शनिवार को वह गवर्नमेंट हाउस में बैठकों के अलावा स्पोर्ट्स और बिजनेस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे. इसके बाद वह नई दिल्ली लौटेंगे.

गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड ने 27 अप्रैल को एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है.

भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड में ऑस्ट्रेलिया करेगा 500 मिलियन डॉलर का निवेश, पीएम मोदी की मौजूदगी में करेगा ऐलान

इंटरनेशनल डेस्क / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने मेलबर्न में ‘इंडिया-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम’ और ‘इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन’ में शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के साथ आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की कोशिश की।

पीएम ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में, भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के तौर पर आगे बढ़ना स्वाभाविक और जरूरी है।

ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर ने भारत में बडे़ निवेश का एलान भी किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘भारत ऑस्ट्रेलियनसुपर के 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का स्वागत करता है, जिसकी घोषणा आज सुबह मेलबर्न में उनके चीफ एग्जीक्यूटिव मिस्टर पॉल श्रोडर ने की। यह भारत की विकास और सुधार की राह में वैश्विक भरोसे की एक और मिसाल है। यह उन बड़े मौकों को भी दिखाता है जो हमारी तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ग्लोबल निवेशकों को देती है।’

बुधवार को पहुंचे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में, हमने दोनों देशों की क्षमताओं को मिलाकर भविष्य में सहयोग के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। बता दें कि पीएम मोदी अपना इंडोनेशिया का दौरा पूरा करने के बाद बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे।

पीएम मोदी के पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझा विरासत का जश्न मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए इसे शानदार बताया।

पीएम ने की तारीफ

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्र डिजेरिडू और तबला के साथ एक संगीत जुगलबंदी भी देखी। प्रस्तुति देखने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है। पीएम ने कलाकारों की तारीफ भी की।

ऑस्ट्रेलिया के बाद पीएम मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। लेकिन उसके पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी, खेल पर अहम चर्चा होगी।

6 जुलाई से 3 देशों के दौरे पर जाएंगे PM मोदी, राष्ट्रपति प्रबोवो ने दिया इंडोनेशिया आने का न्यौता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। दौरे के दौरान रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा, साइबर सुरक्षा, नई तकनीक, सांस्कृतिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की एक्ट ईस्ट नीति को नई मजबूती देने पर फोकस रहेगा।

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरे का उद्देश्य हिंद महासागर के पूर्वी क्षेत्र में भारत के रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करना है।

साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, व्यापार, साइबर सुरक्षा, नई तकनीकों और रक्षा सहयोग जैसे क्षेत्रों में भारत की एक्ट ईस्ट नीति को नई धार देना भी है। विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी  6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया के दौरे पर रहेंगे।

वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। वर्ष 2018 में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी होने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। जकार्ता में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे। इसके अलावा वह योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे। भारत और इंडोनेशिया इस ऐतिहासिक मंदिर के संरक्षण के लिए संयुक्त योजना पर भी काम कर रहे हैं। 

ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

8 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचेंगे। यहां वह प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। बैठक में साइबर सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने और उभरती तकनीकों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

40 वर्षों में भारतीय पीएम की पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी

10 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड पहुंचेंगे। पिछले करीब 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री मोदी अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में व्यापार, वाणिज्य और रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा वह प्रमुख उद्योगपतियों, खेल जगत की हस्तियों और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।