ब्रेकिंग न्यूज़
PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…24-04-2026

पंजाब डेस्क: आज पंजाब और चंडीगढ़ की हलचल भरी खबरों में राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक कई बड़े अपडेट सामने आए हैं।सबसे बड़ी खबर राजनीति के गलियारे से है, जहाँ राघव चड्ढा ने 7 सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है, जिससे प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है।

दूसरी तरफ, अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने एक बड़ा दांव खेलते हुए जेल में बंद अमृतपाल सिंह को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया है।कनाडा से भी दो बड़ी और चिंताजनक खबरें आईं, जहाँ एक पंजाबी युवती की पार्क की बेंच पर रहस्यमयी मौत हो गई और एक बुजुर्ग को नस्लीय हमले का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, प्रशासन की ओर से आज रात होने वाली ब्लैकआउट मॉक ड्रिल और ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ वेब सीरीज पर लगा प्रतिबंध भी सुर्खियों में रहा। लुधियाना में एक NRI महिला की बहादुरी और चंडीगढ़ में 2 करोड़ की रंगदारी की मांग ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है।

राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों ने छोड़ी AAP, BJP में शामिल: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने 2 अन्य सांसदों (संदीप पाठक और अशोक मित्तल) के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने दावा किया कि AAP के कुल 7 सांसद उनके साथ हैं और वे खुद को भाजपा में विलय करेंगे ताकि दलबदल कानून से बचा जा सके।

कनाडा में लुधियाना की बेटी की पार्क की बेंच पर मौत: लुधियाना की रहने वाली 26 वर्षीय अनमोलदीप कौर की कनाडा के ओंटारियो में एक पार्क की बेंच पर बैठे-बैठे मौत हो गई। वह वर्क परमिट पर वहां रह रही थी और अपनी मां को भी वहां बुलाने की तैयारी में थी।

चंडीगढ़ में ससुराल वालों ने की बहू की हत्या: धनास में एक महिला की मौत को उसके पति और सास-ससुर ने कुदरती मौत बताने की कोशिश की। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पति ने माता-पिता के साथ मिलकर पत्नी प्रतिमा की हत्या की थी।

कनाडा में पंजाबी बुजुर्ग के साथ नस्लीय बदतमीजी: कनाडा के वुडस्टाक में एक नकाबपोश युवक ने एक बुजुर्ग पंजाबी को धक्का दिया और उन्हें ‘इंडिया वापस जाओ’ कहकर नस्लीय टिप्पणियां कीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अमृतपाल सिंह 2027 चुनाव के लिए CM फेस घोषित: अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने घोषणा की है कि जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह 2027 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

चंडीगढ़ के कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी की मांग: बंबीहा गैंग के नाम पर एक इमिग्रेशन कारोबारी को विदेशी नंबर से कॉल आई और 2 करोड़ रुपए मांगे गए। पुलिस के सामने ही आरोपी ने दोबारा कॉल कर धमकी दी, जिसकी जांच जारी है।

पंजाब में आज रात 15 मिनट का ब्लैकआउट: युद्ध जैसे आपातकालीन हालातों से निपटने के लिए आज रात 8:00 से 8:15 बजे तक पूरे पंजाब में ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल की जाएगी। इस दौरान सभी लाइटें, जनरेटर और टॉर्च बंद रखने के निर्देश हैं।

लॉरेंस ऑफ पंजाब’ वेब सीरीज पर केंद्र की रोक: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित वेब सीरीज पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। पंजाब पुलिस और लॉरेंस के परिवार ने इस सीरीज का विरोध किया था।

पंजाब में 30 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण: राज्य में जनगणना की प्रक्रिया 30 अप्रैल से शुरू हो रही है। पहले चरण में कर्मचारी घर-घर जाकर मकानों की सूची बनाएंगे और नागरिकों से 33 सवाल पूछेंगे।

लुधियाना में लुटेरे से भिड़ी NRI महिला: ग्रीस से आई एक NRI महिला और उसकी बहन ने अपनी बहादुरी से एक चेन स्नैचर को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।