ब्रेकिंग न्यूज़
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, 15 साल के भाई की दर्दनाक मौत

लुधियाना / सत्ता संदेश

Report: जसबीर सिंह अलबेला

लुधियाना: थाना कूमकलां क्षेत्र के गांव भमा कलां में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे 15 वर्षीय किशोर युवराज सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गुरमनप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुरजीत सिंह का इकलौता बेटा युवराज सिंह अपने चचेरे भाई गुरमनप्रीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर अपनी बड़ी बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए निकला था। जब दोनों गांव गहिलेवाल के पास पुल के नजदीक पहुंचे, तो उन्होंने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया।

इसी दौरान अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 15 वर्षीय युवराज सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, गुरमनप्रीत सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

बताया जा रहा है कि युवराज की बड़ी बहन की शादी की तैयारियां घर में जोर-शोर से चल रही थीं। परिवार रिश्तेदारों और परिचितों को शादी के निमंत्रण पत्र बांट रहा था। लेकिन जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बहन की डोली विदा होनी थी, वहां अब बेटे की अर्थी उठाने की तैयारी हो रही है।

युवराज अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज

हादसे के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के जिम्मेदार चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम के बाद युवराज सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया गया। उसका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।

सरहिंद में कांवड़ियों पर कहर बनकर टूटी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत; एक गंभीर घायल

सरहिंद / सत्ता संदेश

Report : परमिंदर वर्मा

सरहिंद के पास जीटी रोड पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगोत्री से पवित्र जल लेकर कोटकपूरा लौट रहे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सरहिंद में दादा मोटर्स के नजदीक रात करीब सवा दो बजे हुआ।

हादसे में मृतकों की पहचान जिला फरीदकोट निवासी महेंद्रपाल, दीपक और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है। वहीं घायल कांवड़िए की पहचान मुकेश कुमार के तौर पर हुई है। गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पीछे से तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

मौके पर मौजूद जगसीर सिंह के मुताबिक, हादसे के समय छह कांवड़िए सरहिंद जीटी रोड से गुजर रहे थे। इनमें से चार कांवड़िए आगे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने आगे चल रहे कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही सरहिंद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और तेज रफ्तार वाहन की भूमिका क्या रही, इसका पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। वहीं तीन कांवड़ियों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर दर्दनाक हादसा: पति-पत्नी और 5 वर्षीय बेटे की मौत, 3 साल की मासूम की बची जान

हिमाचल जा रहे परिवार की बाइक हादसे का शिकार, राहगीरों की सतर्कता से घायल बच्ची को समय पर मिला इलाज

होशियारपुर / सत्ता संदेश

होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर स्थित अड्डा डेविडा रिहाना के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 2 से 3 वर्ष की एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की तत्परता के चलते बच्ची को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें सड़क किनारे एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल दिखाई दी। उन्होंने वाहन रोककर देखा तो एक पुरुष, महिला और एक छोटे बच्चे के शव मौके पर पड़े थे, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर हालत में रो रही थी।

राहगीरों ने बिना देर किए तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा मृतकों के शवों और घायल बच्ची को सरकारी अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया गया।

मृतकों के परिजनों ने बताया कि घायल बच्ची की हालत में अब सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार के अन्य सदस्य जम्मू-कश्मीर से आने वाले हैं, इसलिए उनके पहुंचने तक तीनों शवों को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का रहने वाला था और वर्तमान में चब्बेवाल में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। हादसे में मृत पति-पत्नी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उनके साथ उनका करीब 5 वर्षीय इकलौता बेटा भी इस हादसे में जान गंवा बैठा, जबकि करीब 3 वर्षीय बेटी जीवित बच गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

Garhshankar Accident : बंगा चौक पर ट्रक की चपेट में आने से NRI की मौत, कतर से छुट्टी पर आया था

गढ़शंकर के बंगा चौक पर ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार NRI गुरदयाल राम की मौके पर मौत हो गई। मृतक कतर से छुट्टी पर गांव आया था। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Report : Amrik Kumar

होशियारपुर/ सत्ता संदेश

गढ़शंकर के बंगा चौक पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार NRI गुरदयाल राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटर सवार गुरदयाल राम पुत्र दौलत राम, निवासी गांव अकालगढ़, बंगा की ओर से गढ़शंकर शहर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरदयाल राम ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि गुरदयाल राम कतर (Qatar) से छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। हादसे की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़शंकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को कब्जे में लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गढ़शंकर के शवगृह में रखवा दिया।

मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सरीन चेची ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इस मौके पर कांग्रेस के चुनाव क्षेत्र इंचार्ज अमरप्रीत सिंह लाली और कंडी संघर्ष कमेटी के कन्वीनर दर्शन सिंह मट्टू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब: भीषण सड़क हादसे में दो की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने हाईवे जाम किया

पंजाब डेस्क : पंजाब के जगरांव में सिधवां बेट रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान किए जाने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों ने जालंधर हाईवे पर धरना देकर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया है।

ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा: यह दुर्घटना तब हुई जब गांव सदरपुरा निवासी बलराज सिंह (40) और उनके चाचा किशन सिंह (27) बाइक पर जगरांव की तरफ जा रहे थे। गांव लीला मेघ सिंह के पास एक तेज रफ्तार टाटा सफारी के चालक ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों की चेतावनी: गिरफ्तारी तक नहीं होगा अंतिम संस्कार घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शाहकोट के गांव ईंदा निवासी लखविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। परिजनों और ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शवों का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

पुलिस का किया कहना है : थाना सिधवां बेट के बाहर धरने पर बैठे लोगों को शांत करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लुधियाना : चलती कार में लगी आग: तीन लोगों ने कूदकर अपनी बचाई जान

पंजाब डेस्क: लुधियाना के जगरांव इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यह घटना जगरांव के सामने लोपो डाला इलाके में हुई। खुशकिस्मती से कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी की जान नहीं गई।

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना की मुख्य जानकारी इस तरह है:

हादसे की वजह: मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आग कार की बैटरी में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।कार की जानकारी: जिस कार में आग लगी उसका नंबर PB-25-F-5119 है। यह कार जगरांव के रहने वाले गुलशन कुमार की बताई जा रही है, जिसे उनका एक रिश्तेदार चला रहा था।

रेस्क्यू ऑपरेशन: जैसे ही कार से धुआं निकलने लगा, ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोक दी और यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की कार्रवाई: स्थानीय लोगों ने पहले खुद ही पानी के होज़ से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत तेज़ थी। बाद में फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कुछ मुश्किल के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। हालांकि कार पूरी तरह से जल गई है, लेकिन तीनों यात्रियों का सुरक्षित बच निकलना बड़ी राहत की बात है।