ब्रेकिंग न्यूज़
हाथरस: कोर्ट से लौट रहे आर्मी जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने कार पर बरसाईं गोलियां

नेशनल डेक : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक आर्मी जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास हुई।

हमले का तरीका और बचाव की कोशिश : मृतक जवान किसी काम से कोर्ट आया हुआ था और वहाँ से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसकी कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से बचने के लिए जवान कार से उतरकर कोल्ड स्टोरेज की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे गोली मार दी। गोली लगने के कारण जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच: घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस, एसओजी (SOG) टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी दुश्मनी या सुनियोजित हमले की आशंका जता रही है।

इलाके में तनाव और पांच टीमों का गठन: आर्मी जवान की हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है। मृतक के परिजनों का बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

T20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान के बायकॉट के बावजूद मैदान पर उतरेंगे सूर्यकुमार यादव, जानें क्या है ICC का नियम

स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पाकिस्तान ने ऐलान किया है कि वह भारत के खिलाफ होने वाले महामुकाबले का बायकॉट करेगा। हालांकि, पीसीबी (PCB) के इस फैसले के बावजूद भारतीय टीम और कप्तान सूर्यकुमार यादव को 15 फरवरी को कोलंबो के मैदान पर पहुंचना होगा और टॉस की प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा।

क्यों जरूरी है टॉस के लिए मैदान पर उतरना? आईसीसी (ICC) के नियमों के अनुसार, यदि कोई टीम मैच का बायकॉट करती है और दूसरी टीम को बिना खेले पूरे 2 अंक (पॉइंट्स) हासिल करने हैं, तो उसे निर्धारित समय पर मैदान पर उपस्थित होना अनिवार्य है। 15 फरवरी को जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए ग्राउंड पर उतरेंगे और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा वहां नहीं पहुंचेंगे, तब मैच रेफरी टीम इंडिया को इस मुकाबले का विजेता घोषित कर देंगे।

मैदान पर न जाने पर होगा नुकसान: यदि पाकिस्तान के बायकॉट के बाद भारतीय टीम भी कोलंबो नहीं जाती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत दोनों ही टीमों को एक-एक अंक दे दिया जाएगा। इस स्थिति में टीम इंडिया को एक अंक का नुकसान झेलना पड़ सकता है, इसलिए भारतीय टीम पूरी तैयारी के साथ स्टेडियम पहुंचेगी।

सूर्यकुमार यादव का बयान : इस पूरे विवाद पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार नहीं किया है, बल्कि उन्होंने मना किया है”।

उन्होंने आगे बताया कि भारतीय टीम खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है और दिल्ली के बाद कोलंबो जाने के लिए उनकी टिकटें भी बुक हो चुकी हैं। वहीं, भारतीय कोच गौतम गंभीर ने इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल को फिलहाल नजरअंदाज कर दिया है।

पंजाब: भीषण सड़क हादसे में दो की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने हाईवे जाम किया

पंजाब डेस्क : पंजाब के जगरांव में सिधवां बेट रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान किए जाने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों ने जालंधर हाईवे पर धरना देकर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया है।

ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा: यह दुर्घटना तब हुई जब गांव सदरपुरा निवासी बलराज सिंह (40) और उनके चाचा किशन सिंह (27) बाइक पर जगरांव की तरफ जा रहे थे। गांव लीला मेघ सिंह के पास एक तेज रफ्तार टाटा सफारी के चालक ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों की चेतावनी: गिरफ्तारी तक नहीं होगा अंतिम संस्कार घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शाहकोट के गांव ईंदा निवासी लखविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। परिजनों और ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शवों का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

पुलिस का किया कहना है : थाना सिधवां बेट के बाहर धरने पर बैठे लोगों को शांत करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा प्रहार: ‘राष्ट्रपति और सिख समुदाय का अपमान बर्दाश्त नहीं’

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री ने सदन में हुए हंगामे और विपक्षी नेताओं की टिप्पणियों को देश के संवैधानिक मूल्यों और विभिन्न समुदायों का अपमान करार दिया।

संविधान और राष्ट्रपति का अपमान: प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा में राष्ट्रपति के संबोधन पर चर्चा न होने देना सीधे तौर पर संविधान का अनादर है। उन्होंने इसे देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास ‘संविधान’ शब्द बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।

सदन में अमर्यादित व्यवहार और ‘असम’ का मुद्दा: सदन की कार्यवाही के दौरान चेयर पर कागज फेंके जाने की घटना पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह उन सदस्यों का अपमान है जो असम और दलित पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने पूर्व में भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने के विरोध को भी असम और कलाप्रेमियों के प्रति कांग्रेस की नफरत का प्रतीक बताया।

राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू विवाद : प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। पीएम ने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति को गद्दार कहना जिसका परिवार देश के लिए शहीद हुआ हो, न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि यह पूरे सिख समुदाय और गुरुओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मन में सिखों के प्रति गहरी नफरत भरी है।

क्या था मामला? ज्ञात हो कि संसद के मकर द्वार के बाहर राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसमें राहुल गांधी ने बिट्टू को ‘गद्दार’ और जवाब में बिट्टू ने राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ कहा था। इस घटना के बाद भाजपा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पश्चिम बंगाल चुनाव: कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव, खरगे के आवास पर हुई बैठक में लिया गया बड़ा फैसला

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। इस फैसले की पुष्टि कांग्रेस के प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर ने की है।

ममता बनर्जी ने भी किया था अकेले लड़ने का ऐलान: कांग्रेस के इस फैसले से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी यह साफ कर दिया था कि उनकी पार्टी बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा था कि बंगाल में सभी पार्टियां TMC के खिलाफ लड़ती हैं और वे इसके लिए तैयार हैं।

लेफ्ट के साथ गठबंधन पर संशय: गौरतलब है कि साल 2016 और 2021 के चुनावों में कांग्रेस का वामदलों (Left Front) के साथ सीट-शेयरिंग समझौता था। हालांकि, इस बार कांग्रेस ने अब तक लेफ्ट के साथ गठबंधन में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी बिना किसी बैसाखी के चुनावी मैदान में उतरना चाहती है।

क्या है कांग्रेस की रणनीति? बंगाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि ममता बनर्जी राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ लड़ने की बात करती हैं, लेकिन राज्य में वे सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस और माकपा (CPI-M) को ही पहुँचाती हैं। सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी नहीं चाहतीं कि राज्य का अल्पसंख्यक वोट बैंक विभाजित हो, जबकि कांग्रेस इस वोट बैंक पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।

चेक बाउंस मामला: कोर्ट की फटकार के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया सरेंडर

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस से जुड़े एक पुराने मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 4 फरवरी तक आत्मसमर्पण करने का कड़ा आदेश दिया था, जिसके बाद 5 फरवरी को उन्होंने जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर किया।9 करोड़ रुपये का बकाया और कोर्ट की नाराजगी हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि राजपाल यादव ने बार-बार अदालती नियमों का उल्लंघन किया है और समझौते के वादों को पूरा नहीं किया। हालांकि एक्टर ने आखिरी बार राहत की गुहार लगाते हुए कहा था कि वे 25 लाख रुपये लेकर आए हैं और बाकी रकम भी चुका देंगे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि पहले सरेंडर जरूरी है, राहत पर विचार बाद में किया जाएगा। कोर्ट के अनुसार, अभी भी 9 करोड़ रुपये की राशि बकाया है।क्या है पूरा मामला? यह विवाद साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के कारण वे पैसे नहीं लौटा सके और उनके द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए। साल 2018 में इस मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया था और 6 महीने की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद वे बार-बार अपील के जरिए राहत पाते रहे।कानून का सम्मान जरूरी: जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने राजपाल यादव के आचरण पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि न्यायिक आदेशों का पालन न करना कानून के प्रति अनादर दर्शाता है। कोर्ट ने उनके वकील की उस दलील को भी खारिज कर दिया जिसमें देरी का कारण पैसों का इंतजाम करना बताया गया था। कोर्ट ने साफ कहा कि जो लोग कानून का सम्मान नहीं करते, उन्हें कानून से किसी अनुकूलता की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

सूर्य का रौद्र रूप: भारत में भीषण ‘रेडियो ब्लैकआउट’ का खतरा, ISRO ने जारी की हाई अलर्ट की चेतावनी

नैशनल डेस्क : सूर्य में मची भारी हलचल ने वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और अमेरिकी एजेंसी NASA ने भारत सहित दुनिया भर में भीषण रेडियो ब्लैकआउट और पावर ग्रिड फेल होने की चेतावनी जारी की है। वैज्ञानिकों के अनुसार, 1 फरवरी से सूर्य लगातार शक्तिशाली सोलर फ्लेयर्स (सौर लपटें) छोड़ रहा है, जो अब पृथ्वी की ओर बढ़ रही हैं।

2026 की सबसे शक्तिशाली सौर ज्वाला : इस अशांति की मुख्य वजह ‘सक्रिय क्षेत्र 14366’ नामक सूर्य धब्बों के समूह में हुआ अचानक विस्फोट है। पिछले कुछ दिनों में यहाँ से कई शक्तिशाली सोलर फ्लेयर्स निकली हैं, जिनमें X8.1 श्रेणी की ज्वाला भी शामिल है। यह साल 2026 की अब तक की सबसे शक्तिशाली सौर ज्वाला मानी जा रही है। सूर्य में अब तक लगातार 27 सौर तूफान आ चुके हैं।

इन सेवाओं पर पड़ सकता है बुरा असर: इसरो ने चेतावनी दी है कि सौर गतिविधि में इस वृद्धि से संचार, नेविगेशन और उपग्रह पेलोड में व्यवधान उत्पन्न होने का गंभीर खतरा है। इसके संभावित प्रभाव निम्नलिखित हो सकते हैं:रेडियो ब्लैकआउट: उच्च आवृत्ति वाले रेडियो संचार बाधित होने की प्रबल संभावना है।

सैटेलाइट पर खतरा: अंतरिक्ष में मौजूद 50 से अधिक कार्यरत भारतीय उपग्रहों को नुकसान पहुँच सकता है, इसलिए उनकी बारीकी से निगरानी की जा रही है。बिजली और टीवी: टेलीविजन सिग्नल बाधित हो सकते हैं और बिजली ग्रिड व रडार प्रभावित हो सकते है।

ऑरोरा (Northern Lights): भू-चुंबकीय गतिविधि बढ़ने के कारण सामान्य इलाकों में भी आसमान में रंगीन रोशनी (ऑरोरा) दिखाई दे सकती है।आदित्य-L1 निभा रहा अहम भूमिका भारत की पहली सौर वेधशाला, आदित्य-L1, इस समय इस तूफान की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर स्थित यह वेधशाला सौर विकिरण और चुंबकीय क्षेत्र को वास्तविक समय में माप रही है।

इससे प्राप्त डेटा इसरो को समय रहते चेतावनी जारी करने और महत्वपूर्ण अंतरिक्ष बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करने में मदद कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार कर ली गई हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता की जालंधर में गोली मारकर हत्या

पंजाब आप लीड गोलीबारी

(तस्वीरों के साथ जारी)

चंडीगढ़, छह फरवरी (भाषा) पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लक्की ओबेरॉय की शुक्रवार को जालंधर के मॉडल टाउन में एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

जालंधर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि यह घटना सुबह हुई।

ओबेरॉय अपने वाहन से गुरुद्वारा पहुंचे थे तभी दोपहिया वाहन पर सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।

सहायक पुलिस आयुक्त (जालंधर) परमिंदर सिंह ने बताया कि ओबेरॉय को जालंधर के एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने वाहन पर कम से कम पांच गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और हमलावरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया

कांग्रेस बंगाल

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को फैसला किया कि वह पश्विम बंगाल विधानसभा चुनाव में किसी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पार्टी नेतृत्व की पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में यह फैसला किया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास ‘10 राजाजी मार्ग’ पर हुई इस बैठक में खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शुभांकर सरकार, वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी और कई अन्य नेता शामिल हुए। कुछ नेता इस बैठक में डिजिटल माध्यम से भी जुड़े।

बैठक के बाद गुलाम अहमद मीर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस बैठक में पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण रणनीतिक चर्चा हुई। इसमें सभी नेताओं ने अपने सुझाव दिए हैं…पार्टी नेतृत्व ने सबकी बात सुनी और सामूहिक रूप से यह तय किया गया कि हम इस बार अकेले चुनाव लड़ेंगे।’’

उनका कहना था कि अलग-अलग दलों के साथ गठबंधन करने से जमीनी स्तर पर कांग्रेस का कार्यकर्ता हतोत्साहित हुआ है।

मीर का कहना था कि अब कांग्रेस के पदाधिकारी इसी फैसले के मद्देनजर प्रदेश में चुनाव की तैयारी करेंगे।

कांग्रेस ने वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव वाम दलों के साथ गठबंधन में लड़ा था और उसे एक भी सीट नहीं मिली थी।

पश्चिम बंगाल में आगामी अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।

राजस्थान का पत्थर उद्योग नई ऊंचाइयां छूने के लिए तैयार: मुख्यमंत्री शर्मा

राजस्थान शर्मा

जयपुर, चार फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजस्थान का पत्थर उद्योग नई ऊंचाइयां छूने के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकार इस उद्योग को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी उद्यमियों से राज्य में मिलकर पत्थर उद्योग को देश में सिरमौर बनाने की अपील की। शर्मा ‘इंडिया स्टोन मार्ट’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी और कुशल नेतृत्व में आज भारत वैश्विक विनिर्माण का केंद्र बनकर उभर रहा है।

शर्मा ने कहा, “‘मेक इन इंडिया‘ और ‘आत्मनिर्भर भारत‘ की महत्वाकांक्षी परिकल्पना ने उद्योगों को नई दिशा और नया विश्वास दिया है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय ग्रेनाइट, संगमरमर और ‘सैंडस्टोन’ दुनियाभर में प्रसिद्ध है तथा भारत पत्थर निर्यातक के साथ मूल्य संवर्धन व नवाचार का केंद्र भी बन रहा है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने पत्थर उद्योग सहित सभी प्रकार के उद्योगों के लिए निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनेक नीतियां लागू कीं है, जिससे निवेश करना आसान हुआ है और आर्थिक विकास, नवाचार एवं रोजगार सृजन के भी कई नए मार्ग खुले हैं।

शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय उद्योगों के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं थी, जिससे उद्योगपति दूसरे राज्यों की तरफ पलायन करने लगे थे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी कम हो गए थे।

उन्होंने कहा कि लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा प्रत्येक कार्य निष्पक्षता और पारदर्शिता से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि राज्य की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2030 तक 350 बिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाया जाए।

वहीं उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार पत्थर उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के पत्थर से जुड़े उद्यमियों को वैश्विक पटल पर आगे ले जाने के लिए सहायक सिद्ध होगा।