अमृतसर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: रइया पुलिस चौकी में लगाया गया IED बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पंजाब डेस्क: अमृतसर के ब्यास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रइया पुलिस चौकी को उड़ाने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने अपनी मुस्तैदी से नाकाम कर दिया है। शुक्रवार की देर रात अज्ञात तत्वों द्वारा पुलिस चौकी के पीछे एक आईईडी (IED) फिट किया गया था, जिसे समय रहते पुलिस ने बरामद कर लिया।
बम निरोधक दस्ते ने किया डिफ्यूज: घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार सुबह बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Team) को मौके पर बुलाया गया। टीम ने सावधानीपूर्वक आईईडी को डिस्पोज (निष्क्रिय) कर दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस : फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन या गैंगस्टर ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि इस आईईडी को चौकी के पीछे किसने लगाया था। संदिग्धों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शनिवार सुबह तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

