ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना में भारी सनसनी: मेयर ऑफिस और सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी, ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ ने ली जिम्मेदारी

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना शहर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम के उच्च अधिकारियों को एक बेहद डरावना और धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस ईमेल में लुधियाना के मेयर ऑफिस और मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की सीधी चेतावनी दी गई है।

धमकी में धमाकों का समय तय : यह ईमेल सोमवार, 25 मई को सुबह करीब 7:28 बजे भेजा गया, जिसका विषय “B0mb Blast – Mayor Office Ludhiana!” था। इसमें हमलों के लिए एक विशिष्ट समय सीमा निर्धारित की गई है: दोपहर 1:11 बजे: लुधियाना मेयर पर हमले की धमकी।रात 9:11 बजे: दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर पर धमाके की चेतावनी।

1984 के दंगों का जिक्र और 6 जून का अल्टीमेटम: ईमेल भेजने वालों ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का बताया है और इसमें ‘इंजीनियर गुरनख सिंह’ तथा ‘डॉ. गुरनिरवैर सिंह’ जैसे नाम लिखे हैं। धमकी में 1984 के सिख दंगों का हवाला देते हुए “खून का बदला खून” की बात कही गई है और 6 जून तक बम धमाके करने का अल्टीमेटम दिया गया है। हमलावरों ने यह भी लिखा है कि जो कोई भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, वह मारा जाएगा।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट : धमकी मिलने के तुरंत बाद नगर निगम कार्यालय को खाली करवा लिया गया और वहां ताला लगा दिया गया है। लुधियाना पुलिस और साइबर सेल की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं और ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) तथा सेंडर को ट्रेस करने की जांच शुरू कर दी गई है। मेयर कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

पंजाब में बम ब्लास्ट की दहशत ! मोगा-अमृतसर के स्कूलों और लुधियाना-फतेहगढ़ साहिब की कोर्ट को उड़ाने की धमकी

पंजाब डेस्क: आज सर्दियों की छुट्टियों के बाद जैसे ही पंजाब में स्कूल खुले, कई जाने-माने स्कूलों और कोर्ट की बिल्डिंग को उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने से पूरे राज्य में दहशत फैल गई। प्रशासन और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित जगहों को खाली करा लिया है।

मोगा और अमृतसर के स्कूल निशाने पर: सूत्रों के मुताबिक, मोगा के मशहूर DN मॉडल पब्लिक स्कूल और कोट इसे खां के कैम्ब्रिज स्कूल को धमकी भरे ईमेल भेजे गए हैं। इसी तरह, अमृतसर के मॉल रोड पर स्थित एक सरकारी स्कूल को भी ईमेल मिला है। ईमेल में दावा किया गया है कि दोपहर 2:11 बजे धमाका होगा और स्कूलों में राष्ट्रगान गाना बंद करने की भी बात कही गई है। पुलिस ने स्कूलों को छावनी में तब्दील कर दिया है और बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचा दिया है।

कोर्ट कॉम्प्लेक्स में भी अलर्ट: स्कूलों के अलावा लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब की कोर्ट की बिल्डिंग को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लुधियाना डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के मुताबिक, ईमेल सुबह करीब 8:15 बजे मिला। एहतियात के तौर पर वकीलों और स्टाफ को चैंबर से दूर रहने की हिदायत दी गई है और बम डिस्पोजल स्क्वॉड पूरी बिल्डिंग की तलाशी ले रहा है।

सिक्योरिटी एजेंसियां अलर्ट पर: 26 जनवरी (रिपब्लिक डे) को देखते हुए सिक्योरिटी एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं। पंजाब पुलिस के टॉप अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल भेजने वालों का पता लगाने के लिए मामले की अच्छी तरह से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी धमकियां बार-बार मिल रही हैं।