ब्रेकिंग न्यूज़
सतलुज पुल बना लोगों की परेशानी का कारण! वारिस पंजाब पार्टी का धरना, प्रशासन को एक महीने का अल्टीमेटम

पंजाब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

पंजाब में दोआबा और मालवा को जोड़ने वाला सतलुज पुल अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। खन्ना-नवांशहर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से न सिर्फ सफर मुश्किल हो गया है, बल्कि स्थानीय कारोबार पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अकाली दल वारिस पंजाब पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पार्टी नेताओं कुलदीप सिंह और कृपाल सिंह की अगुवाई में सतलुज पुल के पास धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि करीब पौने दो साल पहले पुल का स्लैब धंस गया था, लेकिन आज तक इसकी स्थायी मरम्मत नहीं करवाई गई। उनका कहना है कि पुल को दुरुस्त करने के बजाय प्रशासन ने बड़े-बड़े गार्डर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुल बंद होने का सबसे ज्यादा असर बस यात्रियों, स्कूली बच्चों, ट्रक और अन्य भारी वाहन चालकों के साथ-साथ रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। वहीं, पुल के आसपास मौजूद दुकानदारों का कारोबार भी ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।

वारिस पंजाब पार्टी ने प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि अगले एक महीने के भीतर पुल की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो सतलुज पुल और लाढोवाल टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते पुल की मरम्मत शुरू कर लोगों को राहत देगा, या फिर यह आंदोलन आने वाले दिनों में और बड़ा रूप लेगा।

लाडोवाल टोल प्लाजा महंगा: आज से जेब पर पड़ेगा ज्यादा बोझ, कैश लेन-देन पूरी तरह बंद

पंजाब डेस्क: पंजाब के सबसे व्यस्त और महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज, 1 अप्रैल से सफर करना और भी महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वार्षिक संशोधन प्रक्रिया के तहत टोल दरों में बढ़ोतरी की है।

दरों में बढ़ोतरी: टोल की दरों में 5 रुपये से लेकर 15 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इसके साथ ही मंथली और सालाना पास की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है।

कैश पेमेंट बंद: टोल प्लाजा पर अब कैश लेन-देन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अब वाहन चालकों के लिए फास्टैग (FASTag) या UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान करना अनिवार्य होगा।

जुर्माने का प्रावधान: यदि कोई वाहन चालक डिजिटल पेमेंट की सुविधा के बिना टोल पर पहुँचता है, तो उसे जुर्माना भरना पड़ सकता है या वहाँ से वापस लौटाया जा सकता है।

बढ़ोतरी का कारण: टोल टैक्स की इन दरों का निर्धारण होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर किया गया है, जिसमें इस बार करीब 2.5% से 10% तक का संशोधन हुआ है।

यह बदलाव 27 मार्च को NHAI द्वारा जारी नोटिफिकेशन के आधार पर प्रभावी हुआ है। लुधियाना के पास स्थित इस टोल पर पिछले साल भी इसी तारीख को दरों में वृद्धि की गई थी।