ब्रेकिंग न्यूज़
IPL 2026: वानखेड़े में पंजाब किंग्स का ‘राज’, मुंबई इंडियंस को दी 7 विकेट से करारी शिकस्त; अर्शदीप ने रचा इतिहास

स्पोर्टस डेस्क : आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को उनके घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में 7 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स की टीम पॉइंट्स टेबल में 9 अंकों के साथ शीर्ष (पहले नंबर) पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है।

क्विंटन डी कॉक का शतक गया बेकार : टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। मुंबई की ओर से क्विंटन डी कॉक ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 60 गेंदों पर 112 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा नमन धीर ने भी 31 गेंदों में 50 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रभसिमरन और श्रेयस की तूफानी बल्लेबाजी: 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया और मात्र 16.3 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। पंजाब की जीत के नायक प्रभसिमरन सिंह रहे, जिन्होंने 39 गेंदों पर नाबाद 80 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी मोर्चा संभालते हुए 35 गेंदों पर 66 रन बनाए और टीम की जीत सुनिश्चित की।

अर्शदीप सिंह का ऐतिहासिक रिकॉर्ड: पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इस मैच में इतिहास रच दिया। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसी के साथ अर्शदीप आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए 100 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। दूसरी ओर, मुंबई के गेंदबाज बेअसर साबित हुए और पंजाब के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।