ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार कार ने पद यात्री को कुचला, मौत

नयी दिल्ली / सत्ता संदेश

New Delhi के पश्चिमी इलाके राजौरी गार्डन में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पद यात्री की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार देर रात करीब ढाई बजे राजौरी गार्डन स्थित मार्बल बाजार के पास रिंग रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद सड़क पार कर रहे व्यक्ति को उसने जोरदार टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं तथा वाहन की गति कितनी थी।

दिल्ली में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता बनी हुई है। विशेष रूप से देर रात तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग कई गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि गति सीमा का पालन और सख्त निगरानी ऐसे हादसों को कम करने के लिए बेहद जरूरी है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा: बस टक्कर में 17 लोगों की मौत, 5 घायल

पेशावर / सत्ता संदेश


पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी एक अन्य मोटरबस से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत (Khyber Pakhtunkhwa) के मरदान जिले (Mardan District) में स्वात एक्सप्रेसवे (Swat Expressway) पर हुई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, जिनमें खराब सड़क व्यवस्था, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी प्रमुख कारण माने जाते हैं।

अमृतसर के गुरुद्वारा शहीदां में बड़ा हादसा: लोहे की प्लेटें गिरने से 2 महिलाओं की मौत, 5 घायल

पंजाब डेस्क: अमृतसर के प्रसिद्ध गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी (शहीदां साहिब) में रविवार को एक अत्यंत दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में नए बन रहे लंगर हॉल की छत (लेंटर) के लिए लगाई गई लोहे की भारी प्लेटें अचानक नीचे गिर गईं।इस हादसे के वक्त वहां सेवा कर रही और ‘चौपहरा’ काट रही संगत के बीच चीख-पुकार मच गई।

इस भीषण दुर्घटना में दो महिलाओं की दुखद मौत हो गई, जबकि 5 से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायलों को तुरंत श्री गुरु रामदास और माता कौलां अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा यहाँ बहुमंजिला पार्किंग और नए लंगर हॉल का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी बाबा कश्मीर सिंह जी भूरी वाले को सौंपी गई थी। रविवार का दिन होने के कारण गुरुद्वारा परिसर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही ADCP अमनदीप कौर मौके पर पहुँचीं और उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम मुस्तैदी से घायलों की सेवा में जुटी हुई है।

ओडिशा के सुंदरगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 4 की मौत, 12 घायल

नेशनल डेस्क : ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई है। यह दुर्घटना चांदीपोश थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुसाबीरा इलाके में उस समय हुई, जब एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसे का कारण और प्रभाव: जानकारी के अनुसार, यात्री बस राउरकेला से जगतसिंहपुर की ओर जा रही थी। रात के अंधेरे के कारण बस सड़क की गलत लेन में चली गई, जिसके चलते सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक और कंडक्टर ने बाद में दम तोड़ दिया। इस हादसे में एक यात्री की भी मौत हुई है।

राहत और बचाव कार्य: हादसे के समय बस में कुल 20 लोग सवार थे। इस घटना में 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत राउरकेला के आरजीएच (RGH) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है और वह आईसीयू (ICU) में उपचाराधीन है।

प्रशासनिक कार्रवाई: राउरकेला के एसपी नितेश वाधवानी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो जाने के कारण दुर्घटना की सटीक परिस्थितियों की जांच करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

रफ्तार का कहर: चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर दिल्ली नंबर की कार ने तीन को रौंदा; दो महिलाओं की मौत

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर इंडस इंटरनेशनल अस्पताल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

अस्पताल से बाहर निकलते ही हुआ हादसा : जांच अधिकारी एएसआई अमरजीत सिंह के अनुसार, अंबाला निवासी धर्मपाल सिंह अपनी पत्नी गुरदेवी कौर (58) और एक अन्य रिश्तेदार कुलदीप कौर (66) के साथ इंडस अस्पताल में भर्ती एक परिचित से मिलने आए थे। जब वे अस्पताल से बाहर निकलकर बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी अंबाला की ओर से आ रही दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

एक की मौके पर मौत, दूसरी ने अस्पताल में तोड़ा दम : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुलदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गुरदेवी कौर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में धर्मपाल सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लोगों ने आरोपी को पीछा कर दबोचा: हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और डेराबस्सी फ्लाई ओवर के पास उसे घेर लिया। आरोपी की पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ludhiana News : गम में बदली खुशियां ! बेटी की शादी तय करके आ रही मां की सड़क हादसे में मौत, बेटा घायल

पंजाब डेस्क: खन्ना के GT रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। मृतक की पहचान लुधियाना की रहने वाली प्रवीण (50) के रूप में हुई है, जो पांच बच्चों की मां थी।

हादसे का कारण:

बाइक फिसलनाप्रवीण अपने बेटे के साथ बेटी की शादी की बात करने पटियाला गई थी। शादी मार्च में होनी थी। वहां सभी रस्में पूरी करने के बाद मां-बेटा बाइक से लुधियाना लौट रहे थे।जब वे खन्ना GT रोड पर भट्टियां इलाके में पहुंचे, तो उनकी बाइक अचानक फिसल गई। बैलेंस बिगड़ने से दोनों बाइक से गिर गए। इस दौरान प्रवीण का सिर रोड डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।राहगीरों ने तुरंत मदद की और दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, सिर में गंभीर चोटों के कारण प्रवीण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनके बेटे की हालत स्थिर बताई जा रही है।प्रवीण की मौत की खबर सुनकर परिवार में दुख का माहौल है। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।