BJP ने बदले 4 प्रदेशों के अध्यक्ष, हर्ष मल्होत्रा को मिली दिल्ली की कमान
नई दिल्ली / सत्ता संदेश
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। बीजेपी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा की पार्टी इकाई को अब नए प्रदेश अध्यक्ष मिल गए हैं।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, आपको बता दें कि हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं और केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हैं। हर्ष मल्होत्रा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे।
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। पंजाब चुनावों में एक साल से भी कम समय बचा है और पार्टी ने सुनील जाखड़ की जगह नए नेता को पार्टी के संगठन की कमान सौंप दी है। केवल सिंह ढिल्लों पंजाब बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे। जबकि अर्चना गुप्ता को हरियाणा प्रदेश का बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही त्रिपुरा में अभिषेक देबराय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा दिल्ली की सियासत में बड़ा नाम हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार मल्होत्रा के बेटे हैं और खुद केंद्र में इस समय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री हैं।
हर्ष मल्होत्रा साल 2024 के लोकसभा चुनावों में पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से पहली बार सांसद चुने गए थे। उन्हें तब पूर्व क्रिकेटर और सांसद गौतम गंभीर की जगह टिकट दिया था। चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार मोनू को हराया था।
बदले गए प्रदेश अध्यक्षों की सूची
| राज्य / केंद्र शासित प्रदेश | पूर्व प्रदेश अध्यक्ष | नए प्रदेश अध्यक्ष |
| दिल्ली | वीरेंद्र सचदेवा | हर्ष मल्होत्रा |
| हरियाणा | मोहन लाल बडौली | डॉ. अर्चना गुप्ता |
| पंजाब | सुनील जाखड़ | केवल सिंह ढिल्लों |
| त्रिपुरा | राजीव भट्टाचार्जी | अभिषेक देबराय |
केंद्र में तीसरी बार सरकार बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी कैबिनेट में शामिल किया। इससे पहले पूर्वी दिल्ली नगर निगर के मेयर रह चुके हैं. वह 2015 से 2016 के दौरान पूर्ववर्ती पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर रहे। वह साल 2012 में दिल्ली के वेलकम वार्ड से पहली बार पार्षद चुने गए थे।

