यूपी में 2027 में भाजपा की तीसरी सरकार बनी तो लागू होगा UCC: अमित शाह
अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में ऐलान किया कि 2027 में यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।
लखनऊ / सत्ता संदेश
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनती है तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज सरकार बनाने की बात कर रहे हैं, जबकि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का काम पूरा किया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को गिराए जाने की जिम्मेदारी ली थी।
गृह मंत्री ने सपा और कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद विपक्ष अंपायर पर आरोप लगा रहा है। भाजपा संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को विशेष सत्र बुलाकर संसद में चर्चा करने की चुनौती भी दी।
योगी सरकार के कामकाज की तारीफ
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठोर शासन के जरिए उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त करने का काम किया गया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने को कहा।
अपने राजनीतिक संबोधन में शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में भाजपा की स्थिति कमजोर थी, लेकिन संगठन को मजबूत करने के बाद पार्टी ने लोकसभा चुनाव में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें हासिल कीं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की 312 सीटों की जीत का भी उल्लेख किया।
2027 के चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू की संगठनात्मक तैयारी
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत अमित शाह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
अपने स्वागत भाषण में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने, सरकार की उपलब्धियों की समीक्षा करने और भविष्य की रणनीति तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुटे हैं।
तीन सत्रों में चुनावी रणनीति पर मंथन
कार्यसमिति की बैठक तीन सत्रों में आयोजित की जा रही है। दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा निर्धारित है। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर उन क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करने की जरूरत है।
बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, गरीब कल्याण और सरकार के प्रमुख फैसलों को राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से प्रस्तुत करने की योजना है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को ‘जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर’ के मंत्र के साथ काम करने का संदेश दिया। बैठक से पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजन की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इसमें पंजीकरण, भोजन, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आयोजित यह कार्यसमिति बैठक भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों, चुनावी मुद्दों और आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

