ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

अमृतसर / सत्ता संदेश

दो आरोपियों की गिरफ्तारी, 10 किलो ICE और 4 किलो हेरोइन बरामद

दुबई से संचालित हो रहा था नशा तस्करी नेटवर्क,

पंजाब-दिल्ली तक सप्लाई
छेहरटा थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो ICE (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और अबू धाबी में बैठे एक ड्रग तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब तथा दिल्ली में नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे कथित तौर पर नशा तस्करी की ट्रेनिंग दी गई थी। उसे हेरोइन और ICE की खेपों को पंजाब पहुंचाने और आगे सप्लाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी माजहा और दोआबा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है।

पेट्रोल बम हमले और फायरिंग के मामले का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 आरोपी किये गिरफ्तार

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर देहाती पुलिस ने सुधार गांव में सरपंच के घर पर पेट्रोल बम फेंकने और फायरिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सोहेल मीर ने बताया कि 5 मई की रात करीब 11 बजे गांव सुधार के सरपंच के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। इससे पहले सरपंच को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी भरी कॉल्स आ रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने कुलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह कौड़ा, आकाशदीप सिंह बाबा और जगतार सिंह को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें वीडियो कॉल के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी पहले एक मीट शॉप पर इकट्ठा हुए, जहां उन्होंने पेट्रोल बम और मोटरसाइकिल तैयार की और फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यही गिरोह पहले भी उसी गांव में एक अन्य सरपंच के घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुका है।

पुलिस के अनुसार कुछ विदेशी हैंडलरों के पारिवारिक सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई है।

इसके साथ ही सोहेल मीर ने नगर काउंसिल चुनावों को लेकर कहा कि अमृतसर देहाती क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। करीब 1200 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि चुनाव अमन-शांति के माहौल में संपन्न हो सकें।

रेकी कर बिना गार्ड वाले ATM को बनाया करते थे निशाना दो ATM लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, औजार बरामद

जालंधर / सत्ता संदेश

जालंधर देहाती पुलिस ने भोगपुर में यूके बैंक और किशनगढ़ में एसबीआई बैंक के एटीएम को तोड़कर वारदात करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि तीनों ड्राइवर का काम करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्‍जे से वारदात में इस्तेमाल किए औजार और एक गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि एक और दो मई की रात भोगपुर के यूके बैंक और किशनगढ़ में एसबीआई बैंक के एटीएम को तोड़ कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसकी शिकायत उनकी टीम को मिली थी, जिसके बाद उनकी टीम ने जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात करने के लिए यह गिरोह उन एटीएम को टारगेट किया करता था जिन पर कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं होता था। यह गिरोह रेकी करता था और फिर वारदात को अंजाम देता था। जालंधर से कमल करीर की रिपोर्ट

संभल में महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या

उप्र महिला हत्या

संभल (उप्र), 31 जनवरी (भाषा) संभल जिले के बबराला थाना क्षेत्र के एक गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक महिला राशन विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात करीब 10 बजे पहलवाडा गांव में दो गुटों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी की सूचना मिली। हिंसा के दौरान राशन विक्रेता प्रेमवती (50) को देसी तमंचे से गोली लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दो खोखे और एक कारतूस बरामद किया। घायलों को अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

विश्नोई ने बताया कि मामले को सुलझाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं स्थानीय पुलिस स्टेशन से टीम गठित की गई है।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान दोनों गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी का पता चला है।

पुलिस ने बताया कि मृतक प्रेमवती ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास थीं।