ब्रेकिंग न्यूज़
पंजाब विजिलेंस मुख्यालय पर सीबीआई का छापा: 20 लाख की रिश्वत के मामले में बिचौलिया गिरफ्तार, रीडर पर एफआईआर

पंजाब डेस्क : पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली एजेंसी, विजिलेंस ब्यूरो, खुद भ्रष्टाचार के घेरे में आ गई है। सीबीआई (CBI) की टीम ने मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस हेडक्वार्टर पर बड़ी छापेमारी की है,। यह कार्रवाई सोमवार देर रात शुरू हुई और मंगलवार सुबह भी टीम विजिलेंस चीफ के दफ्तर में जांच के लिए पहुंची।

चंडीगढ़ के फाइव स्टार होटल में पकड़ी गई डील:मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने से जुड़ी है। सीबीआई ने चंडीगढ़ के एक पांच सितारा होटल में जाल बिछाया था, जहां एक सीनियर विजिलेंस अधिकारी का रीडर ओपी राणा और बिचौलिया राघव गोयल एक शिकायतकर्ता के साथ सौदा कर रहे थे। डील 20 लाख रुपये की थी, लेकिन शिकायतकर्ता 13 लाख रुपये लेकर पहुंचा था, जिसे सीबीआई ने मौके से बरामद कर लिया।

बिचौलिया गिरफ्तार, रीडर के खिलाफ मामला दर्ज:सीबीआई ने इस मामले में राघव गोयल को गिरफ्तार कर लिया है, जो मलोट का निवासी है और उसे पंजाब सरकार की ओर से पुलिस सुरक्षा भी मिली हुई थी। इसके साथ ही राघव के पिता विकास गोयल को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, विजिलेंस अधिकारी के रीडर ओपी राणा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान राणा मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

सिस्टम पर उठे सवाल:जिस विभाग पर राज्य में भ्रष्टाचार रोकने की जिम्मेदारी है, उसी के दफ्तर में सीबीआई की रेड ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीबीआई अब इस बात की जांच कर रही है कि इस भ्रष्टाचार नेटवर्क में और कौन-कौन से अधिकारी या बिचौलिए शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में कुछ बड़े अधिकारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।