ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना : चोरी के मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत दो युवक गिरफ्तार, पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद

लुधियाना / सत्ता संदेश

शहर में चोरी और लूटपाट की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोती नगर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

मामले की जानकारी देते हुए थाना मोती नगर के एसएचओ जसपाल सिंह ने बताया कि एएसआई सेठी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए नाकाबंदी की थी।

इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जांच में मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल लुधियाना में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान शहर में हुई चोरी और लूट की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी सामने आ सकती है। साथ ही, पुलिस को आरोपियों से और बरामदगी की भी उम्मीद है।

लुधियाना : पुरानी रंजिश को लेकर घर पर पथराव, दो लोग हिरासत में

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर पर ईंट-पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हंगामा हो गया। परिवार की ओर से घटना की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष पड़ोसी बताए जा रहे हैं और इनके बीच पहले भी विवाद हो चुका है। उस समय इलाके के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाकर मामला शांत कराया गया था।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी को कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है। परिवार के मुताबिक, पहले भी उनके घर में घुसकर हमला किया गया था, लेकिन उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। परिवार का आरोप है कि अब दोबारा उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके गए। घटना की वीडियो भी परिवार द्वारा बनाए जाने की बात कही गई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पथराव किसी शरारती तत्व की ओर से किया गया। उनका कहना है कि उनके बेटे का जन्मदिन था और इसी दौरान दूसरी तरफ से वीडियो बनाई जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से बयान दिए जाने के बाद मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।