ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रमंडल खेल दिवस 24 मई को, अहमदाबाद में होगा मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

देशभर में 24 मई को राष्ट्रमंडल खेल दिवस उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष का मुख्य आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा, जिसे वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के संभावित मेजबान शहर के रूप में भी देखा जा रहा है।

इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों और खिलाड़ियों को सम्मानित करने जैसे आयोजन किए जाएंगे। खेल मंत्रालय और संबंधित खेल संगठनों की ओर से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से कई गतिविधियों की योजना बनाई गई है।

अहमदाबाद में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में देश के कई प्रमुख खिलाड़ी, खेल प्रशासक और गणमान्य हस्तियां शामिल हो सकती हैं। आयोजन के दौरान खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और भारत की खेल मेजबानी क्षमता को प्रदर्शित करने पर भी जोर रहेगा।

राष्ट्रमंडल खेल दिवस हर वर्ष खेल भावना, एकता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के संदेश के साथ मनाया जाता है। इस बार अहमदाबाद में मुख्य आयोजन होने से शहर को वैश्विक खेल मंच पर अपनी तैयारियां दिखाने का अवसर मिलेगा।

भगदड़ में मारे गए लोगों की याद में अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे आरसीबी के खिलाड़ी

बेंगलुरु, 24 मार्च (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे।

आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा उस दिन वे काले रंग के धूप के चश्मे भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।’’

मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा।

आरसीबी इस आईपीएल में अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा।