ब्रेकिंग न्यूज़
आयकर विभाग, उत्तर पश्चिम क्षेत्र ने उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

आयकर विभाग, उत्तर पश्चिम क्षेत्र, चंडीगढ़ की ओर से 15 अगस्त 2026 को आयकर भवन, सेक्टर-17ई में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, आयकर परिवार के सदस्यों, एनसीसी कैडेटों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मयंक प्रियदर्शी, आईआरएस, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर पश्चिम क्षेत्र, चंडीगढ़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ। कुंदन इंटरनेशनल स्कूल के एनसीसी कैडेटों ने भी ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान की कार्यवाही में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता एवं प्रगति के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े।

देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों ने शिवालिक पब्लिक स्कूल और कुंदन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मिलकर देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताएं और संगीत प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल और अधिक मजबूत किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मंथन ग्रुप द्वारा प्रस्तुत नाटक “नशा मुक्ति—नशे से आजादी” रहा। नाटक के माध्यम से नशे की लत से मुक्ति, सामाजिक जागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए श्री मयंक प्रियदर्शी ने राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने संसाधन जुटाने, कुशल कर प्रशासन, करदाता सेवाओं, पारदर्शिता, डिजिटल पहलों और स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में विभाग के योगदान को रेखांकित किया।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनसे सत्यनिष्ठा, व्यावसायिकता और जनसेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता हरजिंदर कौर का सम्मान

समारोह के दौरान एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। वेटलिफ्टिंग में राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता हरजिंदर कौर, जो आयकर निरीक्षक के रूप में कार्यरत हैं, का अभिनंदन किया गया। उन्हें यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धि और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए प्रदान किया गया।

समारोह में प्रतिभागियों के सम्मान के साथ-साथ तिरंगा-थीम वाला सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा। अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अतिथियों की उत्साही भागीदारी ने विभाग में सौहार्द, सेवा भावना और सामूहिक राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस अवसर पर आयकर विभाग ने कुशल, पारदर्शी और जन-केंद्रित सार्वजनिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मुंबई ने खेल कोटे के तहत पंजाब के 2 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्त किया

मुंबई / चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

आयकर विभाग, मुंबई ने खेल कोटे के तहत पंजाब के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्त किया है। यह पहल खेल उत्कृष्टता को पहचान देने तथा उच्च स्तर की खेल प्रतिभाओं को सार्वजनिक सेवा में आगे बढ़ाने की विभाग की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

नवनियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र 12 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित आयकर भवन में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार द्वारा प्रदान किए गए।

आयकर विभाग द्वारा 7 जनवरी 2026 की अधिसूचना के माध्यम से 97 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों से कुल 3,595 आवेदन प्राप्त हुए। निर्धारित मानदंडों के अनुसार आवेदनों की गहन जांच एवं मूल्यांकन के बाद 97 उम्मीदवारों का मेरिट के आधार पर चयन किया गया।

भर्ती की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि चयनित खिलाड़ियों में 80 प्रतिशत से अधिक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जो विभाग में शामिल होने वाली खेल प्रतिभाओं के उच्च स्तर को दर्शाता है।

चयनित उम्मीदवारों में पंजाब के दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कर सहायक (Tax Assistant) के पद पर नियुक्त किया गया है। बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के इन खिलाड़ियों ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

आयकर विभाग में शामिल हुई पंजाब की खेल प्रतिभाएं

अनमोलप्रीत कौर, 26 वर्ष, कर सहायक – बास्केटबॉल

अनमोलप्रीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने चीन के शेनझेन में आयोजित FIBA महिला एशिया कप 2025 डिवीजन बी में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 19वें एशियाई खेलों, हांगझोऊ 2022 में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिससे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उनके अनुभव का पता चलता है।

जश्नूर ढींडसा, 22 वर्ष, कर सहायक – वॉलीबॉल

जश्नूर ढींडसा ने एशियाई पुरुष अंडर-20 वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया। उन्होंने AVC कप फॉर मेन 2022 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल में उनका अनुभव और समृद्ध हुआ।

खेल करियर जारी रखने का अवसर

यह भर्ती आयकर विभाग द्वारा खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्र सेवा के साथ अपने खेल करियर को जारी रखने का अवसर प्रदान करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुंबई, श्री आलोक कुमार ने नवनियुक्त खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें आश्वस्त किया कि विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्हें खेल का अभ्यास जारी रखने तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आयकर विभाग, मुंबई को उम्मीद है कि नवनियुक्त खिलाड़ी अपने खेल करियर में प्रदर्शित अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता की भावना को सार्वजनिक सेवा में भी आगे बढ़ाएंगे।

नियुक्ति कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त खिलाड़ियों को उनकी भूमिकाओं एवं जिम्मेदारियों तथा लागू सरकारी नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने कर्तव्यों की स्पष्ट समझ के साथ विभाग में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू कर सकें।

पंजाब के इन दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का आयकर विभाग में शामिल होना विभाग द्वारा खेल प्रतिभाओं को निरंतर दिए जा रहे समर्थन को दर्शाता है। यह पहल ऐसा अनुकूल वातावरण तैयार करने के विभाग के प्रयासों को भी रेखांकित करती है, जहां उत्कृष्ट खिलाड़ी सार्वजनिक सेवा में योगदान देने के साथ-साथ अपने-अपने खेलों में उत्कृष्टता हासिल करना जारी रख सकें।

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर? 38 इमारतें अवैध घोषित | पूरा विवाद क्या है?

रामपुर / सत्ता संदेश

उत्तर प्रदेश के रामपुर में स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी एक बार फिर सुर्खियां में है। कभी इसे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट कहा जाता था, लेकिन अब यही यूनिवर्सिटी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई के केंद्र में आ गई है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने यूनिवर्सिटी परिसर की 38 इमारतों को अवैध निर्माण मानते हुए उन्हें गिराने करने का आदेश जारी किया है। इन इमारतों में कई एकेडमिट डिपार्टमेंट, लेबोरेटरी और अन्य सुविधाएं हैं। इससे हजारों छात्रों और कर्मचारियों के भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

इस बीच इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की जांच ने भी विवाद को और गहरा कर दिया है। विभाग ने यूनिवर्सिटी के निर्माण की लागत लगभग 496 करोड़ रुपये आंकी है, जबकि ट्रस्ट का दावा है कि निर्माण पर केवल 46 करोड़ रुपये खर्च हुए। इससे पहले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट निर्माण लागत और फंडिंग को लेकर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये का नोटिस भी जारी कर चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर जौहर यूनिवर्सिटी पर एक साथ इतनी कार्रवाई क्यों हो रही है और इसके पीछे कानूनी आधार क्या है?

2006 में रखी गई थी यूनिवर्सिटी की नींव

जौहर यूनिवर्सिटी की नींव साल 2006 में रखी गई थी। इसे मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट ने स्थापित किया और धीरे-धीरे यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग, शिक्षा, कृषि, लाइब्रेरी, हॉस्टल और अन्य एकेडमिक बिल्डिंग्स तैयार किए गए। करीब 98 एकड़ में फैला यह परिसर उत्तर प्रदेश के बड़े प्राइवेट यूनिवर्सिटी परिसरों में गिना जाता है। साल 2012 में इसका उद्घाटन हुआ और बाद में इसे यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला। हालांकि, समय के साथ इस प्रोजेक्ट पर जमीन विवाद, निर्माण की मंजूरी, पैसों में गड़बड़ी और सरकारी नियमों के उल्लंघन जैसे कई आरोप लगते रहे।

  1. क्या 38 इमारतें अवैध हैं- प्रशासन का दावा है कि इन भवनों के नक्शे स्वीकृत नहीं कराए गए, इसलिए इन्हें अवैध माना गया है।
  2. क्या तुरंत बुलडोजर चलेगा- नहीं, पहले ट्रस्ट को 15 दिन का समय दिया जाएगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
  3. क्या ट्रस्ट के पास बचाव का मौका है- हां, ट्रस्ट इस आदेश को अदालत में चुनौती दे सकता है।
  4. निर्माण लागत पर विवाद क्या है- इनकम टैक्स का दावा है कि निर्माण पर 496 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि ट्रस्ट 46 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कह रहा है।
  5. क्या इससे पढ़ाई प्रभावित होगी- अगर कार्रवाई होती है, तो कुछ विभाग और सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं. अंतिम स्थिति अदालत के फैसले पर निर्भर करेगी।

अब सबसे बड़ा विवाद 38 भवनों के नक्शे को लेकर है. प्रशासन का कहना है कि इन भवनों का नक्शा कभी पास नहीं कराया गया, इसलिए इन्हें अवैध निर्माण माना गया है. दूसरी ओर ट्रस्ट का कहना है कि वह कानूनी विकल्प अपनाएगा और आदेश को अदालत में चुनौती देगा. ऐसे में यह मामला केवल एक यूनिवर्सिटी का नहीं, बल्कि निर्माण नियमों, प्रशासनिक प्रक्रिया और कानून के पालन का भी बन गया है.

जौहर यूनिवर्सिटी विवाद में क्यों है?

रामपुर विकास प्राधिकरण का कहना है कि यूनिवर्सिटी परिसर में बने 38 भवनों के नक्शे संबंधित प्राधिकरण से कभी स्वीकृत नहीं कराए गए. जांच के दौरान यह पाया गया कि मेडिकल कॉलेज और कुछ एकेडमिक बिल्डिंग्स को छोड़कर ज्यादातर निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है. इसी आधार कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया.

क्या हर निर्माण के लिए मंजूरी जरूरी है?

किसी भी बड़े निर्माण के लिए सक्षम प्राधिकारी से भवन का नक्शा पास कराना जरूरी होता है. जब जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण शुरू हुआ था, तब यह क्षेत्र जिला पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आता था. उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत अधिनियम, 1961 (संशोधित 1994) की धारा 239 के अनुसार, निर्माण से पहले अनुमति लेना जरूरी था. प्रशासन का आरोप है कि यूनिवर्सिटी ने सभी भवनों के लिए यह प्रक्रिया पूरी नहीं की.

निर्माण की मंजूरी किससे लेनी थी?

साल 2015 में रामपुर विकास प्राधिकरण का गठन हुआ, लेकिन जौहर यूनिवर्सिटी वाला क्षेत्र सितंबर 2024 में उसके अधिकार क्षेत्र में शामिल किया गया. उससे पहले जौहर यूनिवर्सिटी जिस सिंगनखेड़ा गांव में स्थित था, वह जिला पंचायत के अधीन आता था. इसलिए शुरुआती निर्माण के समय जिला पंचायत से मंजूरी आवश्यक थी. बाद में 38 भवनों के नक्शा न पास होने की शिकायत की गई थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश शहरी योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 27(1) के तहत विस्तृत सुनवाई और अभिलेखों की जांच के बाद विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया गया.

निर्माण में कितना खर्च आया?

निर्माण में कितना पैसा लगा, यही इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा मुद्दा है. जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण पर कितना खर्च हुआ, इसे लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं. कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है. समाजवादी पार्टी सरकार के समय श्रम विभाग ने इसकी अनुमानित लागत करीब 2,000 करोड़ रुपये बताई थी. वहीं, बाद में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने CPWD से निर्माण लागत का आकलन कराया, जिसमें खर्च करीब 494 करोड़ रुपये बताया गया.

इसके आधार पर अप्रैल 2025 में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जौहर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये का नोटिस भेजा. विभाग का आरोप था कि ट्रस्ट के खातों में सिर्फ 100 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज है, जबकि असल निर्माण लागत करीब 450 करोड़ रुपये है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने दोनों के बीच 350 करोड़ रुपये के अंतर को कथित बेनामी निवेश मानते हुए ब्याज सहित वसूली का नोटिस जारी किया. अलग-अलग आंकड़ों की वजह से ये विवाद और बढ़ गया है.

38 इमारतें कब गिराई जाएंगी?

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, नियमानुसार ट्रस्ट को पहले 15 दिन का समय दिया जाएगा, ताकि वह स्वयं अवैध निर्माण हटा सके. अगर निर्धारित समय में ऐसा नहीं किया जाता, तो रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) अपने स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा.

जौहर ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन क्यों रद्द हुआ?

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट का पंजीकरण रद्द कर दिया है. डिपार्टमेंट का कहना है कि ट्रस्ट की गतिविधियां जनहित के अनुरूप नहीं थीं और कई वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आई हैं. जांच में आरोप लगा कि ट्रस्ट ने चंदा जुटाने में गड़बड़ी की, कुछ डमी ट्रस्टी बनाए और निर्माण लागत कम दिखाकर टैक्स से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया. ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिसमें 9 लोग शामिल हैं. इन लोगों में 5 आजम खान के परिवार के ही सदस्य हैं.

अब ट्रस्ट के पास क्या है विकल्प?

ट्रस्ट इस आदेश के खिलाफ अदालत जा सकता है. वह निचली अदालत या इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सकता है. अगर कोर्ट से राहत मिलती है, तो फिलहाल इमारतें गिराने की कार्रवाई रुक सकती है. आगे क्या होगा, इसका फैसला अदालत के आदेश के बाद ही तय होगा.

आयकर निदेशालय ने नए आयकर नियम 2025 और 2026 पर आउटरीच कार्यक्रम का किया आयोजन

चंडीगण / सत्ता संदेश

आयकर निदेशालय (खुफिया और आपराधिक जांच), चंडीगढ़ ने श्री आनंदपुर साहिब में आयकर निदेशक (I&CI), चंडीगढ़, आईआरएस रोहित शर्मा, के मार्गदर्शन में मंगलवार को प्रारंभ (PRARAMBH), 2026 के देशव्यापी अभियान के तहत एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया।

इस सेमिनार में आईसीएआई (ICAI) के सदस्यों, बार एसोसिएशन के सदस्यों, बैंकरों और तहसीलदारों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।

यह कार्यक्रम नए आयकर अधिनियम, 2025 और नए आयकर नियम, 2026 के प्रावधानों तथा I&CI निदेशालय के संबंध में एसएफटी (SFT) और एसआरए (SRA) दाखिल करने से संबंधित नए फॉर्म 97, 98, 165, 166 और 167 पर स्पष्टता प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया था।

इस आउटरीच पहल का एक महत्वपूर्ण घटक एआई (AI) सक्षम “कर साथी” चैटबॉट का प्रदर्शन था। उपस्थित लोगों को चैटबॉट की कार्यक्षमता और उपयोगिता के बारे में समझाया गया कि एआई सक्षम चैटबॉट “कर साथी” आधिकारिक विभागीय वेबसाइट www.incometaxindia.gov.in पर आसानी से उपलब्ध है। तदनुसार, प्रतिभागियों को आयकर वेबसाइट पर उपलब्ध नए एआई टूल का गहन अनुभव देने के लिए “कर साथी” पर एक समर्पित डेस्क स्थापित किया गया था।

सेमीनार के दौरान, श्रीमती सरिता अग्रवाल, आईआरएस, सहायक आयकर निदेशक (I&CI), चंडीगढ़ ने नए आयकर अधिनियम, 2025 की प्रमुख विशेषताओं, I&CI निदेशालय की भूमिका और फॉर्म संख्या 61ए में एसएफटी फाइलिंग व 61बी में एसआरए से संबंधित अनुपालन आवश्यकताओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। यह समझाया गया कि, नियमों के अनुसार, स्थानीय बैंक, यानी को-ऑपरेटिव बैंक, एईओआई-सीआरएस (AEOI-CRS) फ्रेमवर्क (एफएटीसीए के अलावा) के तहत एक रिपोर्टिंग वित्तीय संस्थान है। एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया जिसमें श्रीमती सरिता अग्रवाल, आईआरएस ने प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान और स्पष्टीकरण किया।

आयकर अधिनियम के प्रावधानों के बेहतर अनुपालन और प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए हितधारकों के साथ सहयोग को मजबूत करने पर जोर देने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ITR फाइलिंग गाइड 2026: जाने डेडलाइन, पेनल्टी और करेक्शन विंडो की पूरी जानकारी

बिजनेस डेस्क : इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने असेसमेंट ईयर (AY) 2026-27 के लिए सभी 7 ITR फॉर्म आधिकारिक तौर पर नोटिफाई कर दिए हैं। अब टैक्सपेयर्स फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में हुई अपनी कमाई के लिए फाइलिंग की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण डेडलाइंस (समय-सीमा): इनकम टैक्स विभाग ने अलग-अलग कैटेगरी के लिए अंतिम तारीखें तय की हैं:

नौकरीपेशा और पेंशनभोगी (ITR-1, 2): इनके लिए अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 है।

-फ्रीलांसर और छोटे बिजनेस (ITR-3, 4): इनके लिए डेडलाइन 31 अगस्त 2026 तय की गई है।

टैक्स ऑडिट वाले बिजनेस: इनके लिए अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है।

गलती होने या देरी होने पर क्या करें? अगर आप तय समय पर रिटर्न नहीं भर पाते हैं, तो आपके पास ‘बिलेटेड रिटर्न’ (Belated Return) भरने का विकल्प 31 दिसंबर 2026 तक रहता है, लेकिन इसमें धारा 234F के तहत पेनल्टी और ब्याज देना पड़ता है। वहीं, अगर पहले भरे गए रिटर्न में कोई गलती हो गई हो, तो उसे सुधारने के लिए ‘रिवाइज्ड रिटर्न’ (Revised Return) भी 31 दिसंबर 2026 तक भरा जा सकता है।

एडवांस टैक्स और TDS की तारीखें: टैक्सपेयर्स को पूरे साल के दौरान एडवांस टैक्स की किस्तों का भी ध्यान रखना होगा। इसकी आखिरी किस्त 15 मार्च 2026 तक जमा करनी अनिवार्य है। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के लिए TDS/TCS रिटर्न जमा करने की अंतिम तारीख 31 मई 2026 है।

इन नियमों का पालन करना न केवल आपको कानूनी मुश्किलों से बचाता है, बल्कि बेवजह के जुर्माने और बढ़ते ब्याज के बोझ को भी कम करता है।

आयकर विभाग ने चंडीगढ़ में शहीदी दिवस का आयोजन किया, शहीदों के परिजनों का सम्मान; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दी गई

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, श्री अशोक कुमार सरोहा के संरक्षण में आयकर विभाग द्वारा एनआईटीटीटीआर सभागार, सेक्टर-26, चंडीगढ़ में शहीदी दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया।इस अवसर पर विभाग द्वारा क्षेत्र के उन शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। मेजर अनुज राजपूत, कैप्टन सतीश चंद्र सहगल, कैप्टन रमेश चंदर शर्मा, लांस नायक हरचंद तथा लांस नायक विक्रम सिंह के अदम्य साहस एवं बलिदान को गहरी श्रद्धा एवं कृतज्ञता के साथ स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य आयकर आयुक्त, पंचकूला एवं शिमला, सुश्री विदिशा कालरा, आई.आर.एस.; महानिदेशक आयकर (अन्वेषण), सुश्री वत्सला झा, आई.आर.एस.; मुख्य आयकर आयुक्त, अमृतसर, डॉ. जी. एस. फणी किशोर, आई.आर.एस.; तथा मुख्य आयकर आयुक्त (ओएसडी), सुश्री कोमल जोगपाल, आई.आर.एस. शामिल थीं।

शहीदों के परिजनों को विभाग की ओर से सम्मान एवं कृतज्ञता के प्रतीक स्वरूप विशेष रूप से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सतलुज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा देशभक्ति गीतों की समूह एवं एकल प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके अतिरिक्त, चंडीगढ़ के प्रख्यात नाट्य समूह “मंथन” द्वारा भगत सिंह एवं अन्य स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर को चिह्नित करते हुए, पूर्वाह्न में आयकर भवन, चंडीगढ़ एवं पंचकूला में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़, नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा), श्री राकेश कुमार सांगड़ के नेतृत्व में, तथा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री पूनम राय, आई.आर.एस. द्वारा किया गया तथा इसमें विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति एवं बलिदान की भावना को समर्पित एक गरिमामय एवं स्मरणीय श्रद्धांजलि के रूप में संपन्न हुआ।